यूपी के गाजियाबाद से नैनीताल घूमने आए टूरिस्टों की XUV कार 70 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में मामा-भांजी की मौत हो गई। 6 लोग घायल हैं। कार सवार परिवार के 8 लोग उत्तराखंड से गाजियाबाद लौट रहे थे। रामगढ़ में कार बेकाबू हो गई। ड्राइवर ने कार को कंट्रोल करने के लिए ब्रेक मारी, लेकिन वह खाई में गिर गई। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। पुलिस और SDRF की टीम बुलाई गई। किसी तरह घायलों को रेस्क्यू किया। घायलों को रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। तीन की हालत नाजुक होने पर उन्हें हल्द्वानी के STH अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसा मंगलवार रात 11:46 बजे मल्ला रामगढ़ में गागर के पास हुआ। हादसे की तस्वीरें… उत्तराखंड घूमने आया था परिवार पुलिस के मुताबिक, गाजियाबाद के शिवपुरी सेक्टर, न्यू विजय नगर में रहने वाले सचिन XUV-700 कार (UP 14 FK 1616) से अपने भाई और बहन के परिवार के साथ मुक्तेश्वर घूमने आए थे। देर रात सभी लौट रहे थे। कार सचिन चला रहे थे। मल्ला रामगढ़ में गागर के पास सचिन कार से नियंत्रण खो बैठे और कार खाई में गिर गई। स्थानीय व्यक्ति की सूचना पर भवाली कोतवाली पुलिस और SDRF पहुंची और घायलों को खाई से बाहर निकाला। सभी को सीएचसी रामगढ़ पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले सचिन और उनकी 12 साल की भांजी लक्ष्मी ने दम तोड़ दिया। हादसे में सचिन के भाई नितिन (32), बहन रुचि (35), नितिन की पत्नी कंचन (26) और बेटी शमा (8), विकास की बेटी निष्ठा (14) और लवीया (7) घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बुधवार सुबह हल्द्वानी रेफर किया गया है। भवाली कोतवाल प्रेम मेहरा ने बताया- घटना की सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट नैनीताल से SI मनीष भाकुनी के नेतृत्व में टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। रेस्क्यू टीम ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। ——————- उत्तराखंड में कार खाई में गिरी, दो दोस्तों की मौत:4 की हालत नाजुक, AIIMS रेफर; मेला देखने गए थे उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में एक कार खाई में गिर गई, जिससे दो दोस्तों की मौत हो गई। जबकि चार घायल हो गए। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। (यहां पढ़िए पूरी खबर)