8 बांध ओवरफ्लो, 20 गांवों में बाढ़:बदायूं में सड़कों पर चली नाव, 60 जिलों में बारिश का अलर्ट

यूपी में बारिश से डैम, नदियां और नाले उफान पर हैं। अब तक 8 बांधों के गेट खोले जा चुके हैं। मिर्जापुर में अहरौरा बांध ओवरफ्लो हो गया है। इसके चलते 9 साल बाद 22 गेट खोलने पड़े। इससे 20 से ज्यादा गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। खेत पानी में डूब गए और रास्तों पर भी जलभराव हो गया। सोनभद्र में धंधरौल बांध का जलस्तर बढ़ गया। इसके बाद बांध के 10 फाटक खोल दिए गए हैं। चंदौली के मूसाखंड बांध के 8 गेट खोलकर 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसके अलावा, ललितपुर के माताटीला बांध का 1 गेट, राजघाट बांध के 8 गेट, भौंरट बांध के 3 गेट, जैमिनी बांध के 2 गेट और गोविंद सागर बांध के 8 गेट खोले गए हैं। बदायूं में गंगा नदी का पानी 6 गांवों में घुस गया है। गलियों में 3 से 4 फीट तक पानी भर गया है। सड़कों पर नाव चल रही है। आज 60 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में नया वेदर सिस्टम एक्टिव हो गया है। इसके चलते अच्छी बारिश हो रही है। शनिवार को लखनऊ, अलीगढ़, प्रयागराज समेत 20 से ज्यादा शहरों में बारिश हुई। काशी में इतनी बारिश हुई कि सड़कों पर तालाब जैसे हालात बन गए। BHU अस्पताल परिसर में घुटनों तक पानी भर गया। वहीं, सनातन धर्म इंटर कॉलेज के पास जलभराव में गद्दे डालकर युवक के तैरने का वीडियो सामने आया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 22 अगस्त तक प्रदेश में 529.6 मिमी बारिश हुई। यह औसत अनुमान 533 मिमी से 1% कम है।
4 तस्वीरें देखिए- आज कहां होगी बारिश, जानिए UP में बारिश से जुड़ी पल-पल की अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….