मौत से पहले युवक का VIDEO, बोला- दरोगा ने पीटा:सीतापुर में दुकान के बाहर सो रहा था, चोर समझकर पीटा; घर वालों का प्रदर्शन

सीतापुर में दरोगा की पिटाई से युवक की मौत हो गई। युवक ने मरने से पहले बताया कि दरोगा ने मुझे बेरहमी से पीटा, जिसका वीडियो भी सामने आया है। गुस्साए घर वाले सड़क जाम करके प्रदर्शन कर रहे हैं। एसपी समेत दो थानों का फोर्स मौके पर मौजूद है। पहले 3 तस्वीरें देखिए… पूरा मामला सिधौली कोतवाली क्षेत्र का है। जसवंतपुर का रहने वाला सत्यपाल (26) पुत्र सोहबरन सिंह देर रात अपनी दुकान के बाहर सो रहा था। रात करीब 1 बजे दरोगा मणिकांत श्रीवास्तव अपनी गाड़ी से राउंड पर निकले उनके साथ 5-6 पुलिसकर्मी और थे। उन्होंने सत्यपाल को जगाया और नाम पूछा। उसने अपना नाम बताया। पूछताछ के बाद दरोगा ने बेरहमी से सत्यपाल को पीट दिया और बेहोश होने पर छोड़कर चले गए। परिजन सत्यपाल को आनन-फानन में अस्पताल ले गए, जहां सुबह उसकी मौत हो गई। युवक का मरने से पहले का वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने दरोगा पर पीटने का आरोप लगाया है। गुस्साए घर वालों ने सड़क पर जाम लगा दिया है। एसपी अंकुर अग्रवाल, एडिशनल एसपी उत्तरी आलोक सिंह, सीओ सिधौली कपूर कुमार और दो थानों का फोर्स मौजूद है और परिजनों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन घर वाले कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं। युवक के मरने से पहले का वीडियो
युवक सत्यपाल का घायल हालत में एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह बताता है कि कोतवाली की गाड़ी आई थी, इसमें दरोगा आया और मेरा नाम पूछा। नाम बताने पर उसने मुझे 4-5 रापटे मारे। इसके बाद बेरहमी से पीटा। सीने पर लातों से वार किया और फेंक दिया। हमारी गर्दन घूम गई और हम गिर गए, इसके बाद वह बेहोश हो जाता है। भाई बोला- 10 फीट की ऊंचाई से फेंका
भाई छोटू ने बताया कि जाफरीपुर में हमारी 3-4 दुकानें हैं। घर पर मैं और मेरे पिता रहते हैं, मेरी मां की मौत हो गई है। मेरा बड़ा भाई रक्षाबंधन पर घर आया था, वैसे वह ड्राइवर का काम करता है। गांव में कम ही रहता है। कल रात दद्दा दुकान के बाहर सो रहे थे। इसी समय दरोगा जी गाड़ी से राउंड पर आए और पूछताछ के बाद बेरहमी से पीटा। 10 फीट ऊंचाई से फेंक दिया। जब भाई बेहोश हो गया तो गांव वालों को बुलाकर पूछा कि ये कौन है। गांव वालों ने जब बताया कि ये तो सोहबरन सिंह का लड़का है तो भाई को बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। अभी हॉस्पिटल में उसकी मौत हो गई। हमारा भाई बहुत रो रहा था और बोल नहीं पा रहा था। बिना पूछताछ के पिटाई की गई
चचेरे भाई अमित ने बताया कि हमारे चाचा का लड़का परचून की दुकान के बाहर लेटा था। दरोगा साहब मणिकांत आए और पूछताछ की। उन्हें पहले पूछ लेना चाहिए था, वो बस आए और मारने लगे। ऐसा मारा है कि काउटंर पर था वहां से नीचे गिरा। इसके बाद वह पत्थर पर लेट गया, वहां से 7 फीट नीचे फेंक दिया। उससे पूछा यहां क्यूं लेटे हो तो उसने अपना नाम बताया और कहा ये हमारी दुकाने हैं। इसी बातचीत के बीच में उन्होंने पीटना शुरू कर दिया। वहीं, एक परिजन ने बताया कि एक महीने पहले एक चोरी हुई थी। सत्यपाल गाड़ी चलाता है तो वह गांव कम ही आता है। अभी रक्षाबंधन पर वह घर आया था। इसीलिए उन्हें लगा ये चोर है। दरोगा जी ने कहा कि हम तुम्हें तो जानते नहीं हैं। उसने बताया कि हम तो गाड़ी चलाते हैं। पीटने के बाद जब बेहोश हो गया तब दरोगा जी ने बाबा जी को बुलाया। उनके बताने पर सत्यपाल को बेहोशी की हालत में छोड़कर वह फरार हो गए। पुलिस ने दिया जांच का भरोसा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की पूरी जांच कराई जाएगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मृतक के परिजन दोषी पुलिसकर्मी मणिकांत श्रीवास्तव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं। इलाके में तनाव का माहौल
इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को कार्रवाई से पहले तथ्यों की पुष्टि करनी चाहिए, ताकि बेगुनाहों को नुकसान न पहुंचे। फिलहाल प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले में निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। ————————- यह खबर भी पढ़ें… CHC अधीक्षक ने डॉक्टर को जड़ा थप्पड़, VIDEO:डॉक्टर हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता रहा, अधीक्षक को 2 साल पहले डिप्टी CM ने हटाया था प्रयागराज में CHC अधीक्षक ने शराब पीकर जमकर हंगामा किया। जूनियर डॉक्टरों को गालियां दीं। एक डॉक्टर के साथ मारपीट भी की। डॉक्टर हाथ जोड़कर छोड़ने की गुहार लगा रहा था, लेकिन अधीक्षक उसके साथ अभद्रता कर रहा था। अधीक्षक ने सीएचसी में खड़ी बाइकों को लात मारकर गिरा दिया। आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने डॉक्टर को समझाकर वापस भेजा। घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे कौड़िहार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की है। इसका वीडियो भी सामने आया है। पढ़ें पूरी खबर…