युवक ने सांप को हाथ में दबोचकर मार डाला:ललितपुर में 30 मिनट फन पकड़े रहा; बोला- बचा लो, इसने काट लिया है

यूपी के ललितपुर से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां बिस्तर में छिपा सांप युवक पर गिरा। तभी उसने सांप के फन को अपने बाएं हाथ से पकड़ लिया। लेकिन युवक इतना डर गया था कि वह जमीन पर गिर पड़ा। युवक रोता रहा, लेकिन सांप को नहीं छोड़ा। करीब 30 मिनट तक उसने सांप को दबोचे रखा। इससे सांप की मौत हो गई। जिसने भी यह दृश्य देखा, वही दंग रह गया। परिजन रोने-बिलखने लगे। जब सांप के शरीर में कोई हरकत नहीं हुई तो परिजनों ने उसके हाथ से छुड़वाया। युवक को परिजन स्थानीय अस्पताल लेकर गए। जहां युवक कहने लगा- डॉक्टर साहब बचा लो, सांप ने काटा है। हालांकि जांच में स्नेक बाइट की पुष्टि नहीं हुई है। परिजनों की जिद पर डॉक्टर ने युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पूरा मामला मड़ावरा के तिसगना गांव का है। पहले दो तस्वीरें देखें… अब सिलसिलेवार पढ़िए पूरा घटनाक्रम सांप को हाथ में पकड़कर चीखा- इसने काट लिया है
तिसगना गांव का रहने वाला गोविंद (32) मजदूरी का काम करता है। गोविंद चार भाइयों में तीसरे नंबर का है। घर में मां भी हैं। रविवार शाम गोविंद घर में बिस्तर समेट रहा था। तभी उसके ऊपर बिस्तर में छिपकर बैठा एक सांप गिर पड़ा। गोविंद ने सांप को तुंरत हाथ से पकड़ लिया। सांप ने जैसे ही उसके हाथ को लपेटा, गोविंद डर के मारे जमीन पर गिर गया। सांप को हाथ में लेकर चीखने लगा। आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। घर वालों ने कहा- सांप को छोड़ दो। गोविंद बोला- इसने काट लिया। मुझे बचा लो। उसने लगभग आधे घटे तक सांप को हाथ में दबाए रखा। सांप छटपटाता रहा, फिर उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन गोविंद को लेकर अस्पताल गए। वहां डॉक्टर ने चेक किया तो पता चला सांप ने नहीं काटा है। थोड़ी देर अस्पताल में रखने के बाद डॉक्टर ने युवक को खतरे से बाहर बता कर घर जाने को कहा। गोविंद के हाथ में था सांप
मां ने बताया कि बेटे गोविंद की चीख सुनकर मैं घर के अंदर पहुंची। सांप गोविंद के हाथ लिपटा था। यह देख मैं रोने लगी। गोविंद बदहवास था। वह मुझसे कहता रहा- बचा लो सांप ने काट लिया है। मैंने कहा, सांप को दूर फेंक दो, लेकिन गोविंद ने सांप को नहीं छोड़ा। सांप लगभग 4 फीट का था। मेरी बेटे के पास जाने की हिम्मत नहीं हो रही थी। आखिर में सांप मर गया। फिर हम बेटे को लेकर अस्पताल आए। मां ने कहा, मेरा बेटा इतना डर गया है कि वह अभी भी कह रहा है बचा लीजिए। वह बहुत डरा हुआ है। उसका भाई उसे यकीन दिला रहा है कि सांप ने नहीं काटा है। डॉक्टर ने भी समझाया सांप ने नहीं काटा है। लेकिन वह डरा हुआ है। मड़ावरा सीएचसी के डॉक्टर वीरपाल सिंह ने बताया- युवक के शरीर पर सांप के काटने का कोई निशान नहीं मिला है। युवक को समझाया, लेकिन वो इतना डरा है कि बार बार कह रहा- बचा लो। परिजनों की रिक्वेस्ट पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। …………………………… ये खबर भी पढ़ें… ‘दोस्तों ने बर्थडे पार्टी में बुलाकर पति को मार डाला’, हिस्ट्रीशीटर अंकित की पत्नी बोली- वे जलते थे; सजा मिले; फटे कपड़ों में लाश मिली थी रात में मेरे पति अंकित के पास दोस्त शिवम और रोहन की कॉल आई। रोहन की बर्थडे पार्टी में आने के लिए बुलाया। 14 अगस्त की रात 8.25 बजे अंकित रोहन की बर्थडे पार्टी में चला गया। लेकिन, वो रातभर घर नहीं लौटे। रात 12 बजे तक हमारी फोन पर बात हुई। उसके बाद अंकित का मोबाइल बंद हो गया। पढ़ें पूरी खबर…