पैरोल पर आए DP यादव के बेटे ने की शादी:नीतीश कटारा हत्याकांड का दोषी, 22 साल छोटी हर्षिका के साथ लिए सात फेरे

बाहुबली पूर्व सांसद डीपी यादव के बड़े बेटे विकास यादव (50) ने शुक्रवार को हर्षिका यादव के साथ सात फेरे लिए। शादी गाजियाबाद के राजनगर स्थित उनके आवास पर हुई। इस सादे शादी समारोह में सिर्फ दोनों के परिजन और रिश्तेदार शामिल हुए। शादी आर्य समाज के विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। पूर्व सांसद और मंत्री डीपी यादव ने कहा कि हम लोग आर्य समाज का अनुसरण करते हैं। हर्षिका और विकास यादव की सगाई जुलाई 2025 में हुई थी। पैरोल पर बाहर है विकास यादव विकास यादव, नीतीश कटारा हत्याकांड के मामले में जेल में बंद था। वह अभी पैरोल पर बाहर है। पूर्व मंत्री डीपी यादव के भतीजे सत्येंद्र यादव ने बताया कि विकास यादव को 24 अप्रैल को अपनी मां पूर्व विधायक उमलेश देवी की सेवा की लिए पैरोल मिली थी। उमलेश देवी का स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा है, उनका इलाज गाजियाबाद के निजी अस्पताल यशोदा हॉस्पिटल में चल रहा है। जहां उनकी रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन भी हुआ है। मां की देखभाल के लिए शादी की सत्येंद्र यादव ने बताया कि मां को देखभाल की जरूरत थी। इसीलिए विकास ने शादी का निर्णय लिया। 5 सितंबर को आर्य समाज विधि से विकास की शादी हर्षिका के साथ संपन्न हुई। हर्षिका, फिरोजाबाद के इटोली गांव की रहने वाली हैं। हर्षिका के पिता उदयराज सिंह, एक इंटर कॉलेज में प्रिंसिपल हैं। कासगंज में होनी थी शादी सत्येंद्र यादव ने बताया कि पहले यह शादी कांसगंज जिला के न्योली शुगर मिल कैंपस में आयोजित थी। बाद में विवाह आर्य समाज की विधि से राजनगर स्थित निवास स्थान में ही संपन्न हुआ। ऐसा इसलिए हुआ, ताकि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का किसी भी तरह से उल्लंघन ना हो। हम सभी शुभ कार्य आर्य समाज की पद्धति से करते हैं पूर्व सांसद और मंत्री डीपी यादव ने कहा कि हम लोग आर्य समाज का अनुसरण करते हैं। आर्य समाजी पद्धति से ही हम सभी शुभ कार्य भी करते हैं। इसी विधि-विधान से विकास और हर्षिका यादव की शादी संपन्न हुई। डीपी यादव ने कहा कि विकास की मां की सेहत ठीक नहीं है। उनकी देखभाल के लिए यह शादी आवश्यक थी। कासगंज में पहले शादी समारोह रखा गया था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए विकास की शादी घर पर ही की गई। मेरी पत्नी मां का ख्याल रखेगी विकास यादव ने कहा कि मां की देखभाल के लिए शादी की है। अब मेरी पत्नी अच्छे से उनकी देखभाल कर सकेगी। कहा कि भारत के न्यायालय में मुझे पूरी निष्ठा और विश्वास है। कोर्ट ने मेरे साथ न्याय किया है और वह न्यायालय का सम्मान करते हैं। एमसीए कर रहीं हर्षिका विकास यादव की पत्नी हर्षिका (28) एमसीए कर रही है। ओम डिग्री कॉलेज शिकोहाबाद से स्नातक की पढ़ाई की है। हर्षिका के पिता उदयराज सिंह शिकोहाबाद में एक इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह के भतीजे हैं उदयराज सिंह हर्षिका के पिता, पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह के परिवार से संबंध रखते हैं। वह मुलायम सिंह यादव के भतीजे हैं। मुलायम सिंह यादव का परिवार शिकोहाबाद के इसी गांव का रहने वाला था। बाद में वह हर्षिका के पिताजी के परिवार को अपनी जमीन सौंपकर सैफई चले गए थे। विकास यादव को 24 अप्रैल को मिली थी अंतरिम जमानत वर्ष 2002 में नीतीश कटारा का अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। हत्या में विकास और विशाल यादव को नीतीश कटारा की हत्या को ऑनर कीलिंग मानते हुए दोनों को वर्ष 2008 में उम्रकैद की सजा सुनाई थी। हालांकि, दिल्ली हाईकोर्ट ने विकास की उम्रकैद को 25 वर्ष की सजा में तब्दील कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने 24 अप्रैल को विकास यादव को अंतरिम जमानत दी, जिसे 19 मई को चार सप्ताह के लिए बढ़ाया गया। इसके बाद इसे दो सप्ताह और बढ़ाया गया। —————————- ये खबर भी पढ़ें- अखिलेश का सवाल-पूजा पाल से लेटर कौन लिखवा रहा, डिप्टी सीएम या कोई बंसल? कानपुर वाले दुबे को योगी बचा रहे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन (1 जुलाई) से पहले पहले राजधानी लखनऊ में उनके समर्थक धार्मिक रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। जन्मदिवस की पूर्व संध्या यानी 30 जून को हजरतगंज स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में विशेष हवन-पूजन का आयोजन किया गया। सोमवार को अखिलेश यादव KGMU में आयोजित हो रहे ब्लड डोनेशन कैंप में पहुंचेंगे। पढ़ें पूरी खबर