पानीपत के मतलौडा थाना क्षेत्र के इसराना गांव में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मोहसिन के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के शामली जिले का रहने वाला था। मृतक की मां ने उसकी पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में मोहसिन की मां अफसरी ने बताया कि मोहसिन पिछले डेढ़ साल से घर से बाहर रहता था। वह पहले जम्मू में काम करता था, फिर दिल्ली आ गया था। दिल्ली में उसके परिवार वालों ने जबरदस्ती आलिया उर्फ फिजा के साथ उसका निकाह करवा दिया था। 15 दिन पहले मोहसिन और आलिया काम की तलाश में इसराना आए थे और यहां किराए के मकान में रहने लगे थे। मोहसिन एक प्राइवेट फैक्ट्री में काम कर रहा था। अफसरी ने बताया कि 13 सितंबर की रात को मोहसिन और आलिया में झगड़ा हुआ था, जिसके बाद मोहसिन ने आलिया को घर से बाहर निकाल दिया और अंदर से कुंडी लगाकर फांसी के फंदे पर झूल गया। आलिया के शोर मचाने पर लोगों को घटना की जानकारी हुई। मोहसिन के बड़े भाई ने बताया कि उसके भाई के साथ जबरदस्ती निकाह करवाया गया था और उसकी हत्या करके फांसी के फंदे पर लटकाया गया है। उसने बताया कि आलिया की पहले भी शादी हो चुकी थी और मोहसिन उसे कुछ ही दिनों से जानता था। पुलिस ने मोहसिन की मां के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि यह आत्महत्या है या हत्या।