धीरेंद्र शास्त्री बोले- आई सपोर्ट योगी जी:जिसे दिक्कत, वो हवेली पर आ जाए; काशी में मणिकर्णिका घाट पर बिताई रात

बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शुक्रवार देर रात काशी पहुंचे। यहां मणिकर्णिका घाट पर अपने दादा गुरुजी के शवदाह स्थल गए, फिर वहीं पास में सतुआ बाबा के आश्रम में बैठकर रात बिताई और ध्यान लगाया। उसके बाद भोर में गंगा स्नान के बाद बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दैनिक भास्कर से बातचीत की। राजनेता भी अब भगवा धारण कर रहे? इस सवाल पर कहा- जब इस देश में चोर, उचक्के और मर्डरर राजनेता हो सकते हैं, तो भगवाधारी क्यों नहीं हो सकता। यूपी में योगी बाबा भगवाधारी हैं। बहुत अच्छे हैं। आई सपोर्ट, जिसे दिक्कत हो, मेरी हवेली पर आ जाए। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… पहले 3 तस्वीरें देखिए… सवाल- आपके चमत्कार पर लगातार सवाल उठता रहा है? जवाब- हमने कभी नहीं कहा कि हम तुमको दौड़ा देंगे, उड़ा देंगे। हम हमेशा भविष्य ठीक करने की बात बताते हैं। यह बात बताना एक गुरु का दायित्व है। हम उस परंपरा का निर्वहन कर रहे हैं। मनुष्य तन पाना ही बड़ा चमत्कार है। अगर हनुमान की भक्ति से जुड़कर हिंदुओं का धर्मांतरण रुक रहा है तो यह चमत्कार जारी रहना चाहिए और घर-घर होना चाहिए। सवाल- प्रेमानंद पर आपके गुरुजी जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने जो कहा, उस पर क्या कहेंगे? जवाब- काशी में गंगा के किनारे प्रेमानंद जी के शिष्यों के साथ बैठकर बातचीत की है। प्रेमानंद महाराज अद्भुत महात्मा हैं। किसी भी प्रकार की वैमनस्यता नहीं है। कुछ दिनों बाद प्रेमानंद जी की शरण में पहुंचने वाले हैं। सब संत एक हैं और सभी सनातनी एक हैं। एक ही रहेंगे। जो अभी ताली पीट रहे हैं, मजा ले रहे हैं, उन्हें जरूर मुंहतोड़ जवाब मिलेगा। सवाल- आप पर आरोप है कि आप भाजपा के लिए काम करते हैं। क्या कहेंगे? जवाब- मेरे बारे में कोई कुछ भी कह सकता है। हम तो युगांडा भी कथा कहने गए। वहां तो भाजपा नहीं है। हम तो लंदन भी गए और संसद में भी कथा कही। हम किसी पार्टी के नहीं हैं। गुरु किसी एक का नहीं, सभी का होता है। हम सिर्फ सनातन की बात करते हैं। किसी पार्टी की बात नहीं करते हैं। न हमने वोट मांगा और न ही सपोर्ट की बात कही। जो राष्ट्र के लिए जिए, जो सनातन, हिंदुत्व और मानवता के लिए जिए, उसके साथ खड़े हैं। सवाल- बिहार में प्रधानमंत्री की मां पर लगातार राजनीति हो रही है? जवाब- किसी राजनेता पर या उसके बयान पर मैं टिप्पणी नहीं करता, लेकिन किसी की मां पर बयानबाजी नहीं करनी चाहिए। मां के खिलाफ बोलना निंदनीय है। माता सभी की पूजनीय होती हैं। सवाल- काशी यात्रा के लिए कोई विशेष योजना? जवाब- हर साल की तरह इस बार भी हमने मणिकर्णिका घाट पर रात बिताई। हमारे गुरुदेव दादा गुरुजी का शरीर यहीं पूर्ण हुआ था। जिस कारण से मणिकर्णिका घाट से हमारा 2010 से लगातार लगाव है। साल में एक रात्रि हम भगवान विश्वनाथ की शरण में बिताते हैं, फिर भगवान महादेव का अभिषेक करता हूं। सवाल- आप हिंदू राष्ट्र सनातन की बात करते हैं। मोदी-योगी ने आपके अभियान को कितना गति दिया? जवाब- देखिए, जिस राष्ट्र का राजा सनातनी होता है, वहां की प्रजा भी सनातनी हो जाती है। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि हमारे देश के प्रधानमंत्री जी ने जिस प्रकार से सनातनी परंपरा को पकड़कर चले और अपनी परंपरा का निर्वहन किया। चाहे वह काशी कॉरिडोर हो या ब्रज में बनने वाले श्री ठाकुर जी की भव्य व्यवस्था हो। इससे स्पष्ट होता है कि जिस राज्य और देश का राजा सनातनी हो, वहां की प्रजा भी सनातनी हो जाती है। हमने ऐसा प्रधानमंत्री पाया है, जो खेल की भी बात करते हैं, रेल की भी चर्चा करते हैं, धर्म की भी चर्चा करते हैं, समाज की भी चर्चा करते हैं। सबको लेकर चलते हैं और देश को निरंतर गति दे रहे हैं। इसके लिए हम उनको साधुवाद देते हैं। सवाल- हिंदू राष्ट्र के अभियान को कितना आगे बढ़ा रहे हैं? जवाब- यहीं तो हिंदू राष्ट्र की परिकल्पना है। जीर्ण-शीर्ण पड़े मंदिरों का जीर्णोद्धार हो। सामाजिक समरसता हो। जो बार-बार विघटन मच रहा है, वह शून्य हो। हिंदू-मुसलमान की जो लड़ाई है, वह भी शून्य हो। हम इस देश में हिंदू-मुसलमान की लड़ाई नहीं चाहते। हम इस देश में गाय माता को राष्ट्र माता देखना चाहते हैं। हम सनातनी संस्कृति की धरोहर को सुरक्षित देखना चाहते हैं। मोदी जी ने उस भाव को अपने अंदर जागृत करके पूरे देश को नया संदेश दिया। सवाल- बांग्लादेश और नेपाल की घटनाओं को आप कैसे देखते हैं? जवाब- देखिए, निश्चित रूप से यह बात तो तय है कि हिंदू विरोधी ताकतें जगह-जगह सक्रिय हैं। पाकिस्तान में 22% से 2% बचे। बांग्लादेश में जिस प्रकार से हिंदुओं पर घात किया गया, हिंदुओं का नरसंहार किया गया। पूरे वर्ल्ड में जहां-जहां हिंदू हैं, उनके अपोजिट में विरोधी ताकतें सक्रिय हैं। लगातार हिंदुओं को घटाना चाह रही हैं। लेकिन वर्तमान में साधु-संत, देश के लिए, हिंदुत्व के लिए सोचने वाले लोग प्रखरता के साथ आगे आ रहे हैं। रही बात नेपाल की, तो हम फिर से चाहते हैं कि राज्यसत्ता स्थापित हो। राज्यसत्ता से नेपाल फिर से हिंदू राष्ट्र घोषित हो। जो कुछ दिन पहले हिंदू राष्ट्र घोषित था, लेकिन कुछ पश्चिमी विचारधारा और कम्युनिस्ट बुद्धि वाले लोगों ने हिंदू राष्ट्र से उसको अलग किया था। हम चाहते हैं कि फिर से नेपाल हिंदू राष्ट्र हो और भारत भी हिंदू राष्ट्र जल्द हो।। सवाल- अपनी ‘सनातन हिंदू एकता’ पदयात्रा को लेकर क्या कहेंगे? जवाब- इस पदयात्रा के समर्थन के लिए हम काशी आए। सतुआ बाबा आश्रम में बैठकर गंगा मां, भगवान काशी विश्वनाथ से पदयात्रा के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। संपूर्ण काशी के निवासियों से प्रार्थना कर रहे हैं कि इस पदयात्रा के लिए हमारा निमंत्रण स्वीकार करें। बता दें कि पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की पदयात्रा 7 नवंबर को दिल्ली से शुरू होकर 16 नवंबर को वृंदावन पहुंचेगी। करीब 170 किमी की यह पदयात्रा 10 दिन में पूरी होगी। ———————–
ये खबर भी पढ़िए… प्रेमानंदजी से साइना नेहवाल ने पूछा- बहुत स्ट्रेस होता है:कल क्या होगा; मां-बहन के साथ वृंदावन दर्शन करने पहुंचीं ओलंपिक मेडलिस्ट शटलर साइना नेहवाल वृंदावन दौरे पर हैं। गुरुवार को वह मां उषा और बहन चंद्रांशु के साथ संत प्रेमानंद के दर्शन करने उनके आश्रम पहुंचीं। साइना ने प्रेमानंद महाराज से पूछा-मुझे मंदिर जाना बहुत पसंद है। मैं काफी मंत्र भी जपती हूं। लेकिन जब मुझे लोग इवेंट्स में बुलाते हैं, तो इवेंट्स में जाने का सोचकर मैं थोड़ा स्ट्रेस में आ जाती हूं। पढ़िए पूरी खबर