झांसी में निषाद पार्टी जिलाध्यक्ष की पत्नी फंदे से लटकी:भाई बोला- हत्या हुई है, मंत्री संजय निषाद के सामने हुआ था झगड़ा

झांसी में निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवकुमार रायकवार की पत्नी ने फंदे से लटक कर जान दे दी। नीलू रायकवार का दो साल से पति से विवाद चल रहा था। वह किराए का कमरा लेकर अलग रहती थीं। बुधवार सुबह काफी देर होने पर भी नीलू कमरे से बाहर नहीं निकली। मकान मालिक ने उनके कमरे का गेट खटखटाया। नीलू की जब अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो मकान मालिक ने खिड़की से झांक कर देखा। नीलू की लाश कमरे में लगे फंदे से लटक रही थी। मकानमालिक से मिली सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को उतरवा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के फ्रेंड्स कालोनी की है। 8 महीने पहले झांसी पहुंचे यूपी के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के सामने भी पति-पत्नी में जमकर विवाद हुआ था। इस दौरान होर्डिंग में छोटी फोटो लगने से नाराज नीलू ने मीडिया के सामने मंत्री से कई सवाल किए थे। इस पर संजय निषाद ने कहा था कि मीडिया के सामने सत्यानाश कर दिया। नीलू उस समय निषाद पार्टी से महिला जिला सचिव थीं। 2 तस्वीरें देखिए… नीलू ने कल बच्चों को गिफ्ट दिया था
शिवकुमार और नीलू के दो बच्चे हैं। वे अपने पिता के पास ही सीपरी थाना क्षेत्र के नया गांव स्थित ससुराल के मकान में रहते हैं। दिवाली के बाद नीलू अपने बच्चों से मिलने ससुराल गई थी। वहां उनका ससुराल वालों से झगड़ा हो गया था। इसके बाद वह अपने किराए के मकान में वापस आ गईं थीं। नीलू के बेटे बंकू ने बताया कि मम्मी कल मिलने आई थीं। उन्होंने हम भाई-बहन को चॉकलेट और गिफ्ट भी दिए थे। रात को घर जाने के बाद मम्मी ने फोन पर बात भी की थी। वो काफी खुश भी थीं। ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि उन्हें कोई टेंशन है। हम लोगों को आज पता चला कि मम्मी ने फंदे से लटक कर जान दे दी। भाई बोला- नीलू की हत्या हुई है
मेजर ध्यानचंद स्टेडियम के पास रहने वाले नीलू के बड़े भाई मोनू ने कहा कि आज दोपहर बहन की मौत की खबर मिली। उसने आत्महत्या नहीं की है। पति-पत्नी में डेढ़ साल पहले घरेलू विवाद हुआ था। लेकिन ऐसा छोटा-मोटा झगड़ा तो सबके घर में हो जाता है। बहन और पति के विवाद का मामला कोर्ट पहुंच गया था। इसके बाद बहन नीलू फ्रेंड्स कॉलोनी में किराए के मकान में रहने लगी थी। नई बस्ती चौकी इंचार्ज का कहना है कि अभी तक मृतक महिला के परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस टीम सुसाइड मामले की अपने स्तर से जांच कर रही है। मंत्री निषाद के सामने हुआ था हाईवोल्टेज ड्रामा
8 महीने पहले झांसी में मंत्री संजय निषाद के सामने नीलू का हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला था। नीलू उस समय निषाद पार्टी की महिला जिला सचिव थीं। मंत्री कार्यकर्ता से बात करते हुए जा रहे थे, तभी महिला आई और तेज आवाज में पूछने लगी कि यहां कोई कुछ नहीं बताता। किसी को कुछ समस्या हो तो कोई कैसे आपसे मिले? मंत्री उसे समझाते रहे, मगर वो लगातार सवाल पूछती रही। आखिकर में मंत्री ने कहा- मीडिया के सामने सत्यानाश कर दिया। यह देख पार्टी पदाधिकारियों की सांसें फूल गईं। वे महिला काे पकड़कर खींच ले गए। मामले को लेकर चर्चा रही कि होर्डिंग में फोटो छोटी लगने और मंत्री के आने की जानकारी न मिलने से नीलू रायकवार नाराज थीं। हंगामे की 3 फुटेज देखिए… मंत्री निषाद के सामने हुआ घटनाक्रम पढ़िए मंत्री संजय निषाद संवैधानिक रथ यात्रा में शामिल होने के लिए झांसी आए थे। वह सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद बाहर आ रहे थे, तभी उनकी पार्टी के जिलाध्यक्ष एसके बाबा की पत्नी नीलू रायकवार अचानक से हंगामा करने लगीं। संजय निषाद ने उन्हें समझाने का काफी प्रयास किया। मगर वो मंत्री से सवाल पर सवाल दागती रहीं। जब मीडिया ने जिला सचिव नीलू रायकवार से हंगामे को लेकर बात करना चाही तो पदाधिकारी उनको खींच ले गए। बाद में नीतू ने मीडिया से बातचीत में अपनी शिकायत बताई। होर्डिंग में छोटी फोटो होने से नाराज थीं
नीलू रायकवार के पति जिलाध्यक्ष एसके बाबा ने बताया था- नीलू को मंत्री के आने का सही समय नहीं दिया गया था। इस वजह से वो देरी से पहुंचीं। मंत्री जी की स्वागत होर्डिंग में उनकी फोटो को उनके पद के अनुरूप जगह नहीं मिली। इस वजह से नीलू नाराज हाे गईं। वह अपनी बात मंत्री के सामने रखना चाह रही थीं, जिसके लिए उनको रोका गया।