गोकशी की शिकायत करने वाला खुद गोतस्कर निकला:मुरादाबाद पुलिस ने गैंगस्टर में जेल भेजा था; बाहर निकला तो फिर अफवाह फैलाई

मुरादाबाद में अक्सर गोरक्षा की शिकायत करने वाला ठाकुर मोनू सिंह चौहान खुद गो-तस्कर निकला। मोनू सिंह खुद को विश्व हिंदू महासंघ भारत का जिलाध्यक्ष बताता है। मोनू के गो-तस्कर होने की पुष्टि संभल पुलिस का रिकॉर्ड भी करता है। गो-तस्करी के मामले में पुलिस ने साल- 2022 और 2023 न सिर्फ उसके खिलाफ केस दर्ज किया था, बल्कि उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का पुरस्कार भी घोषित किया गया था। संभल पुलिस ने उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में भी कार्रवाई की थी। उसे जेल भी भेजा गया था। इन दिनों वह जमानत पर है। विधायक के गांव के जंगल में प्लांट किए गोवंशीय अवशेष
पूरा मामला 4 नवंबर का है। कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह के गांव दौलारी के जंगल में गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिले थे। सूचना देने वाला ठाकुर मोनू चौहान था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। फोरेंसिक और पशु चिकित्सकों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। छानबीन के बाद टीम इस नतीजे पर पहुंची कि यहां गोकशी नहीं हुई। गोवंशीय पशु के अवशेष को यहां लाकर प्लांट किए गए था। एक छोटा गड्ढा करके उसमें खून भरा गया था। खाल का एक टुकड़ा था, कुछ दूर रस्सी और गोवंशीय पशु का सिर पड़ा था। मोनू चौहान ने कहा था- कमिश्नरी पर धरना दूंगा​​​​​​
वहीं, 4 नवंबर की घटना के बाद पुलिस से भी पहले घटनास्थल पर ठाकुर मोनू सिंह चौहान पहुंच गया। उसने कहा था कि ये गोकशी पुलिस के संरक्षण में हो रही है। उसने चेतावनी दी कि वो इस मामले को लेकर कमिश्नरी पर धरना प्रदर्शन करेगा। इसके अलावा उसने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री आवास पर भी प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। आरोप लगाया था कि पुलिस की आड़ में ये काम बड़े स्तर पर हो रहा है। इसके बाद थाना प्रभारी से लेकर एसपी सिटी रणविजय सिंह तक अधिकारियों ने कई बार घटनास्थल को चेक किया। यहीं से अधिकारियों को गोवध की घटनाओं को प्लांट करने की साजिश के बारे में शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने जब जांच शुरू की, तब मोनू सिंह का नाम सामने आया। कौन है मोनू चौहान मोनू ठाकुर उर्फ ठाकुर मोनू सिंह चौहान मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव चकलालपुर उर्फ चकगोपालपुर का रहने वाला है। वह खुद को विश्व हिंदू महासंघ भारत का जिलाध्यक्ष बताता है। वह खुद को एक गोरक्षक भी बताता है। खासकर मूंढापांडे थाना क्षेत्र में उसकी गतिविधियां हैं। इस काम में उसने अपने साथ कुछ युवाओं को भी जोड़ रखा है। स्कॉर्पियो में 3 गाय ले जा रहा था मोनू चौहान
संभल के बनियाठेर थाने का रिकॉर्ड बताता है कि मोनू चौहान गो-तस्करी में जेल जा चुका है। दरअसल, पुलिस ने 29 मई, 2022 को चेकिंग के दौरान 2 स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया। इनमें से एक गाड़ी मौके से भाग निकली, जबकि दूसरी पकड़ ली गई। इस गाड़ी में 3 गायों को रस्सी से मुंह-पैर बांधकर इस तरह ठूंसा गया था कि वो मरणासन्न हालत में पहुंच चुकी थीं। पुलिस ने इस मामले में उपनिरीक्षक रवि कुमार की शिकायत पर नजाकत निवासी सिहाली खादर थाना डिलारी मुरादाबाद, इबरान निवासी सकटू नंगला थाना मूंढापांडे, ठाकुर मोनू सिंह चौहान निवासी निवासी चकलालपुर उर्फ चकगोपालपुर थाना मूंढापांडे के खिलाफ केस दर्ज किया था। ठाकुर मोनू चौहान के खिलाफ पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। मोनू ठाकुर पर गैंगस्टर भी लगा
बनियाठेर थाने के तत्कालीन एसएचओ राकेश कुमार ने 2023 में मोनू ठाकुर और उसके 2 साथियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का केस भी दर्ज किया था। इसमें एसएचओ ने कहा था कि मोनू ठाकुर, उसके साथी इबरान और नजाकत गोवंशीय पशुओं का वध करते हैं। गो-तस्करी करके अवैध रूप से कमाई करते हैं और समाज विरोधी कार्यों में लगे हैं। इसके अलावा भी ठाकुर मोनू चौहान पर एक महिला के मकान पर कब्जा करने समेत अलग-अलग थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सीओ बोले- मोनू ठाकुर का आपराधिक इतिहास
सीओ हाईवे राजेश कुमार यादव ने कहा कि 4 नवंबर को दौलारी के मजरा गांव में बताई गई गोकशी की घटना फर्जी है। इसे प्लांट किया गया है। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर जांच कराई गई थी। इस घटना की सूचना देने वाले मोनू ठाकुर का आपराधिक इतिहास है। हम घटना की हर एंगल से जांच कर रहे हैं। मौजूदा घटना से मोनू ठाकुर का कनेक्शन है या नहीं, इसे अभी साफ तौर पर नहीं कह सकते। मुरादाबाद में गोकशी में 24 दिन पहले पकड़ा गया सचिन ठाकुर
गोकशी की घटनाओं को आमतौर पर मुस्लिमों से जोड़कर देखा जाता है। लेकिन, कुछ बेरोजगार हिंदू युवक भी पैसों के लालच में इस धंधे में पड़ गए हैं। 24 दिन पहले ही मुरादाबाद में 2 हिंदू युवक गोमांस की तस्करी के मामले में पकड़े गए थे। इनमें से एक भीड़ से छूटकर भाग गया, जबकि दूसरे युवक सचिन ठाकुर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया था। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया था। बता दें, पिछले एक महीने में मुरादाबाद पुलिस ने 13 गोकशों के एनकाउंटर किए हैं। इनमें से 4 एनकाउंटर अकेले मूंढापांडे पुलिस ने किए हैं। ————————— ये खबर भी पढ़ें- सहारनपुर से गिरफ्तार डॉ. अदील के लॉकर से मिली असॉल्ट राइफल सहारनपुर से 7 नवंबर को गिरफ्तार डॉ.अदील अहमद के लॉकर से असॉल्ट राइफल मिली है। उसने ये हथियार अनंतनाग के जीएमसी अस्पताल में छिपा रखे थे। वह जम्मू- कश्मीर में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का नेटवर्क खड़ा करना चाहता था। पढ़िए पूरी खबर…