भातखंडे विश्वविद्यालय का शताब्दी वर्षगांठ समारोह 18 दिसंबर से:नए शिक्षकों की भी होगी भर्ती, कार्यपरिषद की बैठक में कई प्रस्तावों पर मुहर

लखनऊ के भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय का शताब्दी वर्षगांठ समारोह यानी 100 साल पूरे होने पर 3 दिन का भव्य आयोजन होगा। इस दौरान कई इवेंट होंगे जिसमें तमाम दिग्गज कलाकार भी हिस्सा लेंगे। 18 दिसंबर से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में कई हाई प्रोफाइल गेस्ट्स को भी इनवाइट भेजा जाएगा।इसके अलावा, बहुत जल्द यूनिवर्सिटी में शिक्षक भर्ती का आगाज होगा। इसके लिए नियमों के तहत सभी भर्ती चयन प्रक्रिया फॉलो किया जाएगा। मंगलवार को यूनिवर्सिटी कैंपस में कुलपति की अगुवाई में हुई,कार्यपरिषद की बैठक में ऐसे ही कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लग गई। इसमें शिक्षकों की नियुक्ति के अलावा विदेशी छात्रों के लिए भी समान शुल्क व्यवस्था के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। इन मुद्दों पर हुआ मंथन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मांडवी सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रशासनिक, शैक्षणिक और भविष्यगत विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। पिछली बैठकों के कार्यवृत्त की पुष्टि की गई। शैक्षणिक पदों के अंतर्गत विवि में आचार्य, सह आचार्य और सहायक आचार्य के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन प्रकाशित किए जाने के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। कुलपति प्रो.मांडवी सिंह के मुताबिक भारतीय कला एवं संस्कृति की शिक्षा को वैश्विक स्तर पर प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विदेशी विद्यार्थियों के डिग्री और डिप्लोमा कार्यक्रमों के लिए शिक्षण, परीक्षा, छात्रावास समेत अन्य शुल्क को भारतीय विद्यार्थियों के समकक्ष रखने के प्रस्ताव पर विचार कर अनुमोदन किया गया। अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान में चलेंगी एमए की कक्षाएं कुलसचिव डॉ. सृष्टि धवन ने बताया कि बैठक के दौरान विश्वविद्यालय के घटक अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान को स्नातकोत्तर (एमए) कक्षाओं के संचालन की अनुमति प्रदान करने के प्रस्ताव को भी अनुमोदित किया गया। बैठक में भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय की स्थापना के सौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 18, 19 और 20 दिसम्बर को भव्य शताब्दी वर्ष समारोह के आयोजन के प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया। कुलसचिव ने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रमों में अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस, कार्यशालाएं, फिल्म प्रदर्शन, भव्य प्रदर्शनी सहित विविध सांस्कृतिक और शैक्षणिक आयोजन शामिल रहेंगे।