गैंगरेप पीड़िता पुलिस को ढकेलकर दौड़ी…DIG के सामने गिरी:बुलंदशहर में बोली- साहब! रेप करने वाले खुलेआम घूम रहे

बुलंदशहर में एक नाबालिग गैंगरेप पीड़िता ने दौड़ते हुए कई पुलिस वालों को धक्का दे दिया। वह डीआईजी की कार के आगे जाकर गिर पड़ी। पीड़िता बोली- साहब! मेरे साथ रेप करने वाले खुले आम घूम रहे। लेकिन पुलिस उन्हें नहीं पकड़ रही। 9 पुलिस वालों ने पीड़िता को पकड़ने की कोशिश की। लेकिन वे उसे नहीं रोक सके। पीड़िता की शिकायत पर डीआईजी ने कहा- आप लिखित में शिकायत दीजिए। डीआईडी कलानिधि नैथानी ने पुलिस को फटकार भी लगाई। कहा- आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। वह खुर्जा थाने का निरीक्षण करके बाहर निकल रहे थे। पीड़िता का आरोप है कि गांव के छह युवकों ने 3 जून को उसके साथ गैंगरेप किया था। खुर्जा पुलिस ने शिकायत पर 10 जून को एफआईआर दर्ज की। चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अभी भी फरार हैं। वे उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसपी देहात तेजवीर सिंह ने बताया- गैंगरेप मामले में पुलिस चार आरोपियों को जेल भेज चुकी है। दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्पेशल टीम गठित की गई है। लापरवाही पाए जाने पर प्रभारी निरीक्षक खुर्जा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। अब पूरा मामला विस्तार से… खुर्जा तहसील क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली नाबालिग लड़की 3 जून को खेत से घर लौट रही थी। तभी गांव के 6 लोगों ने उसे दबोच लिया। झाड़ियों में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता परिवार वालों के साथ कई दिन तक लगातार थाने के चक्कर लगाती रही। इसके बाद पुलिस ने 10 जून को एक महिला सहित 8 लोगों पर FIR दर्ज की। खुर्जा पुलिस ने चार आरोपियों को आदित्य, सोनू, ललित, मंगल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, मामले के दो आरोपी शिवा और अमरजीत अभी भी फरार चल रहे हैं। पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने 3 साल पहले उसका रेप कर वीडियो बना लिया था। इसके बाद से लगातार उसे ब्लैकमेल कर रहे थे। 9 पुलिसकर्मी एक पीड़िता को नहीं रोक सके मेरठ के डीआईजी कलानिधि नैथानी गुरुवार शाम को खुर्जा कोतवाली का निरीक्षण करने पहुंचे थे। वह बाहर निकलकर वापस जाने के लिए जैसे ही गाड़ी की ओर बढ़े, तभी गैंगरेप पीड़िता उनकी ओर दौड़ पड़ी। यह देख 9 पुलिसकर्मी भी पीड़िता को रोकने के लिए दौड़े। लेकिन कोई भी उसे रोक नहीं पाया। इस दौरान मौके पर 150 से 200 पुलिसकर्मी मौजूद रहे। डीआईजी ने पुलिस को लगाई फटकार पीड़िता को दौड़ता देख DIG कलानिधि नैथानी अपनी कार से उतरे। उन्होंने पीड़िता और उसके परिजनों की शिकायत सुनी। परिजनों ने कहा- खुर्जा पुलिस हमारी बिल्कुल भी नहीं सुन रही। डीआईजी ने कोतवाली गेट पर ही पुलिस अफसरों को फटकार लगाई। उन्होंने फरार आरोपियों को अरेस्ट करने के आदेश दिए। पीड़िता ने कहा- मेरे केस के जांच अधिकारी को बदला जाए। इस पर डीआईजी ने लिखित शिकायत देने की बात कही। जिसके बाद पुलिसकर्मी पीड़िता और उसके परिजनों को थाने में ले गए। अब पीड़िता के परिवार की आपबीती पढ़िए… पीड़िता की मां के मुताबिक, उसकी नाबालिग बेटी 3 जून 2025 की रात घर में सो रही थी। सुबह उठने पर वह घर से गायब मिली। खोजने पर पता चला कि पड़ोस के अमरजीत पुत्र देवेंद्र अपने साथियों रोहित पुत्र इंद्रजीत, सोनू व शिवा पुत्रगण उदयवीर के साथ उसे ले गया है। 5 जून की रात करीब 12 बजे बेटी बदहवास हालत में घर लौटी। उसने बताया- तीन साल पहले गांव के ही मंगल ने अमरजीत के घर में उसका रेप किया। मोबाइल से वीडियो बना ली। इसके बाद अमरजीत और मंगल बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म करते रहे। प्रेग्नेंट होने पर आरोपी की भाभी ने अबॉर्शन कराया जब वह गर्भवती हो गई तो अमरजीत के भाई लव की पत्नी आशा ने उसे गर्भपात की गोली दी। मंगल के दोस्त रोहित ने भी कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद सोनू को भी अमरजीत के घर बुलाकर उसका रेप कराया। 3 जून को रात करीब 11 बजे आरोपी अमरजीत उसे अपने घर बुलाकर बाइक से एक ओयो होटल ले गया जो जंक्शन रोड पर स्थित है। वहां फर्जी आधार कार्ड लगाकर कमरा बुक किया गया। कमरे में अमरजीत, रोहित, आदित्य और सोनू ने बारी-बारी से उसका रेप किया। इसके बाद आरोपी उसे बुलंदशहर रेलवे स्टेशन ले गए, जहां से सोनू उसे मेरठ ले गया। वहां उसे अकेला छोड़कर भाग गया। पीड़िता ने किसी तरह फोन कर सोनू से संपर्क किया तो उसने कहा- घर वाले केस में फंस गए हैं, तू वापस चली जा। जब वह बुलंदशहर लौटी तो रोहित, अमरजीत और आदित्य ने उसे दोबारा अगवा कर आंखों पर पट्टी बांध दी। इसके बाद अज्ञात स्थान पर ले जाकर फिर सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे मौजपुर के पास फेंककर फरार हो गए। ————————– ये खबर भी पढ़ें…. बहू ने प्रॉपर्टी के लिए ससुर को मार डाला:सोनभद्र में सिर पर कुदाल से किए कई वार; बेटा भी कुल्हाड़ी मारता रहा सोनभद्र में डेढ़ बिस्वा जमीन के लिए बहू और बेटे ने पिता की हत्या कर दी। बुधवार सुबह पिता खाना खा रहे थे। तभी जमीन को लेकर बेटे और बहू से कहासुनी होने लगी। दोनों उन्हें घर के बाहर खींच कर लाए। बेटे ने कुल्हाड़ी और बहू ने कुदाल से सिर पर वार किए। आस-पास के लोग उन्हें देखते ही दौड़े। ग्रामीणों की मदद से बड़ा बेटा उन्हें अस्पताल ले जाने लगा, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद बेटा और बहू फरार हो गए हैं।पढ़ें पूरी खबर….