यूपी की बड़ी खबरें:पहले मिला कटा हाथ, दूसरे दिन सड़ी-गली लाश; झांसी में 22 दिन पहले लापता हुई थी महिला

झांसी में 22 दिन से लापता शनिवार को एक महिला का शव सड़े गले हालत में मिला है। शुक्रवार रात महिला का कटा हाथ मिला, उसके अगले दिन लगभग 100 मीटर दूर झाड़ियों में महिला की पूरी लाश मिली। शव की पहचान नहीं हो पाने के कारण पुलिस ने इसे मॉर्चुरी में रखवा दिया। रविवार को परिवार का एक सदस्य पहुंचा और महिला की पहचान उसके कपड़ों के आधार पर की। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच जारी है। यह पूरा मामला मोंठ कस्बे के केसर वाटिका गार्डन के पास का है। पढ़िए पूरी खबर… बहराइच में वन विभाग ने एक और भेड़िए को किया शूट बहराइच जिले के कैसरगंज इलाके में वन विभाग ने एक और भेड़िए को मार गिराया है। ग्रामीणों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने रविवार देर शाम इस भेड़िए का शिकार किया। पिछले दो दिनों में यह दूसरा भेड़िया है जिसे वन विभाग ने मारा है। जानकारी के अनुसार, कैसरगंज के गोडाहिया नंबर चार के मजरा जरवा में रविवार दिन में ग्रामीणों ने एक भेड़िए को देखा था। बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर उसके पीछे भागे, जिसके बाद भेड़िया गन्ने के खेत में घुस गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसकी तलाश शुरू की। देर शाम वन विभाग के शूटरों ने नदी के कछार में भेड़िए को घेर लिया। उसे रेस्क्यू करने का प्रयास किया गया, लेकिन जब वह भागने लगा, तो शूटर ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने से भेड़िए की मौके पर ही मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर बहन की त्रियोदशी से लौट रही महिला की मौत: झांसी में ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मारी, पति बाल-बाल बचा झांसी में बहन की त्रियोदशी से लौट रही एक महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका पति बाल-बाल बच गया। दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसके पति को भी चोटें आई हैं। इस बीच एक स्थानीय व्यक्ति ने डायल-112 पर हादसे की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है। यह हादसा मोठ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हुआ है। पढ़िए पूरी खबर… देवरिया जेल में अमिताभ ठाकुर से मिली अधिकार सेना, कहा- बदले की भावना में कार्रवाई, पूर्व IPS से बंदियों सा व्यवहार अमानवीयता देवरिया जिला कारागार में बंद पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर से उनकी पार्टी आजाद अधिकार सेवा के पदाधिकारियों ने मुलाकात की। मुलाकात के बाद पार्टी नेताओं ने जेल प्रशासन और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अमिताभ ठाकुर के खिलाफ की गई कार्रवाई बदले की भावना से प्रेरित है और यह लोकतंत्र व मानवाधिकारों पर सीधा हमला है। पढ़िए पूरी खबर… प्रयागराज में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के बेटे पर हमला, राइफल से सिर फोड़ा; सरकारी गनर बुलाकर पिटवाया प्रयागराज में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के बेटे अमित कुशवाहा पर जानलेवा हमला हुआ। पांच-छह लोगों ने उन्हें पहले लोहे की रॉड से पीटा। पत्थर मारे और फिर बंदूक की बट से सिर पर वार किया। इसके बाद सरकारी गनर से भी पिटवाया। पिटाई से अमित कुशवाह घायल हो गए। अमित कुशावाह कौशांबी के बसपा के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश कुशवाहा के बेटे हैं। अमित शनिवार रात एक अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने गए थे। आरोपी भी बर्थडे में शामिल होने आए थे। सभी ने शराब पी रखी थी। पढ़ें पूरी खबर…. हाईकोर्ट ने राजा भैया की पत्नी भान्वी को राहत दी, बहन ने मानहानि का केस किया था इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भान्वी सिंह को बड़ी राहत दी है। न्यायालय ने उनके खिलाफ मानहानि और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोपों पर चल रहे बहन (राजा भैया की साली) के मुकदमे की प्रक्रिया पर अंतरिम रोक लगा दी है। (पूरी खबर पढ़िए) मंत्री विजय लक्ष्मी बोलीं- ममता ने चोरी-छिपे भर लिया SIR फॉर्म बलिया में एक दिवसीय दौरे पर पहुंचीं उत्तर प्रदेश सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा- ममता बनर्जी बोल रही हैं कि मैं SIR फार्म नहीं भरूंगी, कोई मेरी नागरिकता छीनकर दिखाए। पर मुझे तो पता चला है कि उन्होंने बहुत पहले ही SIR फार्म ले लिया था और चोरी छिपे भर भी दिया है। बस शो नहीं कर रही हैं। खैर कुछ दिन में तो सब सामने ही आ जाएगा। ममता बनर्जी काफी ओजस्वी-तेजस्वी महिला हैं। समझदार नेता हैं और उन्हें वर्षों की राजनीति का अनुभव है। वे जानती हैं कि जो SIR फार्म नहीं भरेगा, उसका नाम मतदाता सूची से हट जएगा। जो भारत का मतदाता नहीं होगा, फिर वो चुनाव ही नहीं लड़ सकता। ऐसे में ममता बनर्जी जी SIR फार्म न भरने जैसी बेवकूफी नहीं करेंगी। पढ़िए पूरी खबर… बरेली में तौकीर रजा के खिलाफ एक और केस दर्ज:तौकीर के बहनोई ने एक व्यक्ति की जमीन पर कब्जा किया, जान से मारने की धमकी दी बरेली बवाल के मास्टरमाइंड तौकीर रजा की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। जमानत मिलने से पहले तौकीर रजा के खिलाफ एक नया केस दर्ज हुआ है। तौकीर रजा को अब तक चार मामलों में जमानत मिल चुकी है, जबकि 6 मामलों में जमानत मिलना बाकी है। 22 दिसंबर को उसके खिलाफ दर्ज सभी मामलों में एक साथ उसकी पेशी होनी है। पेशी से पहले 13 दिसंबर को तौकीर रजा और बहनोई समेत 10 लोगों के खिलाफ जमीन पर कब्जा करने का केस दर्ज हुआ है। पढ़ें पूरी खबर… बलिया में रोडवेज कर्मचारी के बेटे की गोली मारकर हत्या, 4 पर FIR दर्ज बलिया में रोडवेज कर्मचारी के बेटे को गोली मारकर हत्या कर दी। शनिवार शाम को दोस्त के साथ घर के बाहर घूम रहा था। इस दौरान एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश पहुंचे। पुरानी रंजिश को लेकर बातचीत हो रही थी, इसी दौरान दोनों में बहस होने लगी। थोड़ी देर में तीनों ने गोली मार दी। जिसके बाद फरार हो गए। गोली लगने के बाद घर की ओर दौड़ता हुआ अंदर पहुंचा, जिसके बाद परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख उसे पहले मऊ और फिर वाराणसी रेफर किया गया था। देर रात इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। घटना का विजुअल CCTV में कैद हो गया। मामला उभांव थाना क्षेत्र का है।पढ़ें पूरी खबरें… सोनभद्र में फर्जी प्रमाणपत्र से छात्रा का MBBS में एडमिशन; खुद को बताया स्वतंत्रता सेनानी की पोती, FIR भदोही की एक छात्रा ने सरकारी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए फर्जीवाड़ा किया है। छात्रा ने खुद को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की पोती बताकर आश्रित का फर्जी प्रमाण पत्र बनवाया और सोनभद्र के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में प्रवेश ले लिया। प्रपत्र जांच समिति ने इस फर्जीवाड़े का खुलासा किया, जिसके बाद छात्रा का प्रवेश निरस्त कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेश कुमार सिंह ने छात्रा के खिलाफ सदर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, भदोही के गोपीगंज स्थित जोगिनका गांव की निवासी स्वास्तिका सिंह ने सत्र 2024-25 में एमबीबीएस दाखिले के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित का प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया था। यह प्रमाण पत्र सत्यापन के लिए भदोही के जिलाधिकारी (डीएम) के पास भेजा गया। पढ़िए पूरी खबर… यूपी में 1700 से अधिक पदों पर सहायक अध्यापक भर्ती, 15 से 20 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद ने परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विज्ञान और गणित विषय के 29,334 सहायक अध्यापक भर्ती में रिक्त 1700 से अधिक पदों पर चयन प्रक्रिया तेज कर दी है। परिषद के सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी ने घोषणा की कि 15 से 20 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के 29 जनवरी 2025 के आदेश के अनुपालन में लिया गया है। अदालत ने निर्देश दिया था कि न्यूनतम कटऑफ से अधिक अंक वाले उन सभी अभ्यर्थियों की नियुक्ति हो। जिन्होंने 31 दिसंबर 2019 से पहले हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं दाखिल की थीं। 2593 ऐसे अभ्यर्थियों से निर्धारित प्रारूप पर वांछित सूचनाएं भरने को कहा है।पूरी खबर पढ़िए