पश्चिमी यूपी में बारिश से बढ़ी ठिठुरन:37 से अधिक जिलों में घना कोहरा, 3-4 दिन तक ठंड बने रहने की चेतावनी दी

उत्तर प्रदेश में नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के साथ हुई है। नववर्ष पर पश्चिमी यूपी के कई जिलों में हुई हल्की बारिश और बूंदाबांदी ने ठंड को और तीखा बना दिया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 37 से अधिक जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार प्रदेश में अगले 3 से 4 दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता बेहद कम रहेगी, वहीं रात का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा सकता है। जनवरी के पहले सप्ताह का हाल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 1 से 7 जनवरी तक प्रदेश में ठंड और कोहरे का असर लगातार बना रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। सुबह-शाम कोहरे की स्थिति गंभीर रह सकती है, जिससे शीतलहर और ठंड का अहसास और बढ़ेगा। कुछ इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी देखने को मिल सकती है। ​​​​​​मौसम की तस्वीरें- पूरे जनवरी महीने का अनुमान
पूरे जनवरी माह में रात का तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि दोपहर में हल्की धूप से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन ठंड और शीतलहर का असर बना रहेगा। खासकर पूर्वी और दक्षिणी यूपी में शीतलहर के दिन जलवायवीय औसत से 1 से 3 दिन अधिक रह सकते हैं। दिसंबर 2025 के मौसम का प्रभाव
दिसंबर 2025 के दौरान प्रशांत महासागर में ला-नीना की स्थिति और प्रबल ध्रुवीय भंवर के कारण प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता बेहद कम रही। इसके चलते मौसम शुष्क रहा और वायुमंडलीय स्थिरता बढ़ने से घने कोहरे के दिनों की संख्या बढ़कर 22 तक पहुंच गई। दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में कोल्ड डे की संख्या 12 दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। आगे क्या रहेगा असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में जारी ला-नीना परिस्थितियां धीरे-धीरे कमजोर होकर शीत ऋतु के उत्तरार्द्ध (जनवरी–फरवरी–मार्च) में तटस्थ स्थिति में बदल सकती हैं। इसके संयुक्त प्रभाव से जनवरी में प्रदेश के बड़े हिस्से में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य या उससे थोड़ा अधिक रह सकता है।