घूंघट में महिलाओं ने शराब की बोतलें तोड़ीं, VIDEO:आगरा में ठेके में घुसीं, पेटियां सड़क पर फेंकीं; बोलीं- सुबह से पति यहां आ जाते हैं

आगरा में शुक्रवार को महिलाओं ने देसी शराब के ठेके में तोड़फोड़ कर दी। सभी महिलाएं घूंघट में थीं। महिलाएं ठेके के अंदर से शराब की बोतलें निकाल लाईं। फिर उन्हें बाहर फेंक कर लाठियों से तोड़ दिया। महिलाओं के साथ छोटे-छोटे बच्चे भी थे। सूचना पर डायल- 112 पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके बावजूद स्थित नहीं संभली। इस पर ठेकेदार ने आबकारी विभाग एवं सैंया पुलिस को सूचना दी। पुलिस फोर्स के साथ डीसीपी वेस्ट अतुल शर्मा भी मौके पर पहुंचे। महिलाओं का कहना है- ठेके के सामने शराब पीने वाले लोग गाली-गलौज करते हैं। आने-जाने वाली महिलाओं और लड़कियों पर फब्तियां कसते हैं। हमारे पति भी सुबह से ही यहां आ जाते है। शराब पीने के बाद रात में घर पर झगड़ा करते है। इसलिए आज किस्सा ही खत्म कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। मामला थाना सैयां क्षेत्र ​​​​​का है। अब जानिए पूरा मामला ग्राम पंचायत विरहरु में गांव के बाहर देसी शराब का ठेके है। यहां शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे गांव की महिलाएं लाठी-डंडे लेकर पहुंचीं। सभी महिलाएं घूंघट में थीं और एक साथ ठेके में घुस गईं। इसके बाद उन्होंने ठेके में तोड़फोड़ शुरू कर दी। महिलाओं ने ठेके के अंदर रखी शराब की पेटियां निकाल कर सड़क पर पटक दीं। इसके बाद लाठी-डंडों से बोतलों को तोड़ना शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे तक महिलाएं बोतलों को तोड़ती रहीं। इससे हर तरफ कांच ही कांच फैल गया।इस दौरान वहां लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने महिलाओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वो नहीं मानीं। 5 लाख रुपए का नुकसान
ठेका संचालक शिवा चाहर ने बताया- करीब 5 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। देखते ही देखते इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। तोड़फोड़ की सूचना मिलने पर थाना सैंया की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। डीसीपी अतुल शर्मा ने महिलाओं और ठेके के मालिक की आपस में बातचीत कराई। इसके बाद स्थिति शांत हो पाई। इलाके में पुलिस फोर्स बढ़ा दी गई है। वहीं महिलाओं का कहना है कि ठेके के चलते गांव का माहौल खराब हो रहा है। हमारे पति सुबह से ही ठेके पर आकर शराब पीने लगते हैं। काम पर भी नहीं जाते। इससे हम लोगों में नाराजगी है। शराब पीने वाले लोग लड़कियों पर फब्तियां कसते है
महिलाओं ने बताया कि ठेके के सामने शराब पीने वाले लोग गाली-गलौज करते हैं। हम लोगों का अब घर से निकलना भी मुश्किल हो गया था। रोजमर्रा की इस परेशानी से तंग आकर हम लोगों ने विरोध का रास्ता चुना। डीसीपी अतुल शर्मा ने बताया- जो नुकसान हुआ है, उसकी गिनती दुकान के मालिक कर रहे हैं। इसके वह शिकायत देंगे, जिस पर पुलिस कार्रवाई करेगी। फिलहाल इलाके में पुलिस सतर्क है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। ————————- ये खबर भी पढ़ें… रिटायर JE का शव सड़ता रहा, पत्नी-बेटियां कानपुर नहीं पहुंचीं, बहन ने 20 बार कॉल की कानपुर में सिंचाई विभाग से रिटायर जेई की करीब 15 दिन पहले मौत हुई, लेकिन किसी को पता नहीं चला। कारण यह कि पत्नी और दोनों बेटियां पैसों के झगड़े के चलते वाराणसी में अलग रहते थे। इन लोगों की आपस में बोलचाल तक बंद थी। पढे़ं पूरी खबर…