प्रयागराज में संगम की रेती पर माघ मेला चल रहा है। आज प्रमुख स्नान पर्व मकर संक्रांति श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। संगम तट पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। प्रशासन के अनुमान के मुताबिक आज लगभग डेढ़ करोड़ श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगे। सुबह से ही हर-हर गंगे और जय गंगा मैया के जयघोष गूंज रहे हैं। मुख्य स्नान पर्व आज होने के बावजूद श्रद्धालुओं का आगमन एक दिन पहले ही शुरू हो गया था। बुधवार शाम पांच बजे तक करीब 65 लाख श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके थे। आज सुबह से संगम के साथ-साथ दशाश्वमेध, अरैल और झूंसी के स्नान घाटों पर भी भारी भीड़ देखी जा रही है। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. अजयपाल शर्मा के अनुसार माघ मेला क्षेत्र में करीब 10 हजार पुलिसकर्मी तैनात हैं। एटीएस, पीएसी, आरएएफ और होमगार्ड के जवानों के साथ ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।