मुस्लिम छात्रों को पीटने वाले का हंसते हुए सरेंडर, VIDEO:साथियों के साथ बरेली कोर्ट पहुंचा; जमकर हुई नारेबाजी

बरेली के एक कैफे में 20 दिन पहले मुस्लिम छात्रों को पीट दिया गया था। शनिवार को इस घटना के मुख्य आरोपी ने पुलिस की चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। वह आराम से कोर्ट पहुंचा। साथियों के साथ बातचीत करते हुए ठहाके लगाए। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें उसके चेहरे पर पुलिस की कार्रवाई का कोई खौफ नजर नहीं आ रहा। वहीं, पुलिस उसके साथियों को जेल भेजकर उसकी तलाश कर रही थी। उसने एसीजेएम 5 कोर्ट में सरेंडर किया। वहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पहले देखिए सरेंडर की 2 तस्वीरें… 5 साथी अरेस्ट हुए, ऋषभ को पुलिस तलाश रही थी
राजेंद्र नगर के दि डेन कैफे में बर्थडे पार्टी के दौरान लव जिहाद का आरोप लगाकर हंगामा किया गया था। विवाद बढ़ा तो कैफे संचालक की शिकायत पर 5 आरोपियों प्रिंस, आकाश, आशीष, मिरदुन और दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया था। जांच में सामने आया था कि इस पूरे विवाद का मुख्य आरोपी बजरंग दल का ऋषभ ठाकुर है। उसने ही मनगढ़ंत आरोप लगाकर माहौल खराब किया। हालांकि, विवाद बढ़ने पर बजरंग दल ने ऋषभ से किनारा कर लिया था। उसके बाद से पुलिस ऋषभ ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने का दावा कर रही थी। हालांकि, वह बार-बार सोशल मीडिया पर आकर खुद को बेकसूर बताता रहा। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला… राजेंद्र नगर में ‘द डेन कैफे एंड रेस्टोरेंट’ है। बदायूं की रहने वाली लड़की प्रेमनगर के एक हॉस्टल में रहकर बीएससी नर्सिंग कर रही है। 27 दिसंबर को उसका बर्थडे था। इस पर उसने रेस्टोरेंट में अपने दोस्तों को पार्टी दी थी। शाम को छात्रा अपने 10 दोस्तों के साथ बर्थडे मना रही थी। पार्टी में 6 लड़कियों के अलावा शान और वाकिफ समेत 4 लड़के शामिल थे। इसी दौरान अचानक 25 से ज्यादा बजरंग दल के कार्यकर्ता रेस्टोरेंट में आ गए। उन लोगों ने लड़कों को पीटना शुरू कर दिया। इससे छात्रा दहशत में आ गई और रोने लगी। वह लगातार कार्यकर्ताओं से विनती करती रही कि उसके दोस्तों को न मारा जाए, लेकिन उसकी किसी ने नहीं सुनी। रेस्टोरेंट में मौजूद अन्य लोग भी डर हो गए और वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस जांच में लव जिहाद के आरोप गलत निकले
कैफे में हंगामे की सूचना मिलते ही डायल 112 और प्रेमनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं के लगाए गए आरोपों की जांच की, लेकिन सभी आरोप झूठे निकले। छात्रा ने पुलिस को बताया- यह केवल बर्थडे पार्टी थी। किसी भी तरह की आपत्तिजनक गतिविधि नहीं हो रही थी। इसके बाद पुलिस ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। छात्रा ने आरोप लगाया था कि बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने उसके साथ बदतमीजी की। लव जिहाद का झूठा आरोप लगाया और उसके दोस्तों की बेरहमी से पिटाई की। बजरंग दल से निकाला, कहा- हमसे कोई लेना-देना नहीं
वहीं, बजरंग दल के महानगर संयोजक केवला नंद गौड़ ने 27 दिसंबर को घटना का पता चलने पर आरोपी ऋषभ ठाकुर को संगठन से निकाल दिया। उनका कहना था कि जो व्यक्ति संगठन के हिसाब से नहीं चल सकता, उसको हम संगठन में नहीं रख सकते। आने वाले समय में अगर वो कुछ भी करता है, तो उसका बजरंग दल से कोई लेना-देना नहीं। बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज हुआ
रेस्टोरेंट संचालक शैलेंद्र गंगवार ने भी प्रेमनगर थाने में बजरंग दल कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। शिकायत में लिखा था कि ऋषभ ठाकुर और दीपक पाठक अपने 20-25 कार्यकर्ताओं के साथ रेस्टोरेंट में आए और जमकर नारेबाजी करने लगे। उन्होंने रेस्टोरेंट में बर्थडे मना रहे लोगों और स्टाफ के साथ मारपीट की। इसके साथ ही रेस्टोरेंट में काफी तोड़फोड़ भी की गई। फरार होकर भी सोशल मीडिया पर सक्रिय रहा
बवाल का वीडियो वायरल होने के बाद जब मामला राष्ट्रीय स्तर पर गरमाया, तब पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। इस केस में एक नाबालिग समेत 6 आरोपियों को पहले ही जेल भेज दिया गया। लेकिन, ऋषभ ठाकुर फरार चल रहा था। हैरानी की बात यह है कि फरार होने के बावजूद ऋषभ सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव था। अपनी लोकेशन और विचार साझा कर रहा था। पुलिस की ‘सुस्ती’ का फायदा उठाते हुए उसने अपनी सुविधानुसार शनिवार को सरेंडर कर दिया। वहीं, पुलिस ने जांच में पाया कि बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने महज शक के आधार पर कानून हाथ में लिया और दहशत फैलाई। फिलहाल कोर्ट ने आरोपी ऋषभ ठाकुर को न्यायिक हिरासत में लिया है। ————————- यह खबर भी पढ़ें… बरेली में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम छात्रों को पीटा, लव जिहाद का आरोप लगाकर नर्सिंग स्टूडेंट की बर्थडे पार्टी में घुसे, VIDEO वायरल यूपी के बरेली में शनिवार रात बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक रेस्टोरेंट में जमकर बवाल किया। यहां एक नर्सिंग स्टूडेंट अपने दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी सेलिब्रेट कर रही थी। ग्रुप में 6 लड़कियां और 4 लड़के थे। इनमें दो मुस्लिम स्टूडेंट थे। पूरी खबर पढ़ें