SHO से बोले महानगर अध्यक्ष, दिमाग ठीक कर दूंगा:कहा- कार्यकर्ताओं की बेइज्जती बर्दाश्त नहीं, डिप्टी सीएम के आने से पहले सर्किट हाउस में विवाद

डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के मेरठ सर्किट हाउस पहुंचने से पहले ही बुधवार शाम बखेड़ा हो गया। यहां हॉल में बैठे पार्टी पदाधिकारी को पुलिस ने बाहर निकाल दिया। इसकी सूचना मिलते ही भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी दनदनाते हुए सर्किट हाउस पहुंचे। महानगर अध्यक्ष SHO से बोले- दिमाग ठीक कर दूंगाय़। तुम्हें बता रहा हूं बिल्कुल ठीक हो जाओ। कार्यकर्ताओं की बेइज्जती बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी। शोर सुनकर CO सिविल लाइन अभिषेक तिवारी वहां पहुंचे और स्थिति को संभाला। अब पढ़िए पूरा मामला
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक को बुधवार शाम मेरठ सर्किट हाउस पहुंचना था। इसलिए काफी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए सर्किट हाउस पहुंच गई। कुछ पदाधिकारी अंदर हाल में जाकर बैठ गए। इंस्पेक्टर सिविल लाइन सौरभ शुक्ला ने कुछ पुलिस कर्मियों को अंदर भेज कर इन सभी पदाधिकारी को बाहर निकाल दिया। इसके बाद पदाधिकारी नाराज हो गए। उन्होंने महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी को फोन कर दिया। आते ही SHO पर भड़के विवेक रस्तोगी
शिकायत मिलते ही महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी सर्किट हाउस पहुंच गए। वह सीधे उस दरवाजे पर पहुंच गए, जहां कार्यकर्ताओं को रोका गया था। पार्टी पदाधिकारियों ने जब उनसे शिकायत की तो वह भड़क गए। SHO सिविल लाइन सौरभ शुक्ला वहां पहुंचे तो वह उन पर भी भड़क गए। महानगर अध्यक्ष SHO से बोले- दिमाग ठीक कर दूंगा…। किसने सूची मांगी, तुम्हारे स्टाफ ने कैसे मांगी सूची। तुम्हें बता रहा हूं बिल्कुल ठीक हो जाओ। कार्यकर्ताओं की बेइज्जती बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी। चलो भई चलो, बाहर बैठेंगे यहां मैदान में। CO सिविल लाइन ने स्थिति को संभाला
इसके बाद महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी कार्यकर्ताओं के साथ हाल से बाहर निकल आए। सर्किट हाउस के मुख्य हाल के बाहर यह नोकझोंक हो रही थी। शोर सुनकर CO सिविल लाइन अभिषेक तिवारी वहां आ गए। उनके सामने भी महानगर अध्यक्ष SHO सिविल लाइन को लेकर नाराजगी जताते दिखे। वह कार्यकर्ताओं को लेकर हाल के बाहर निकल आए। CO ने फिर उनसे बात की और डैमेज कंट्रोल का प्रयास शुरू कर दिया। CO सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिगत यह किया गया था। महानगर अध्यक्ष ने इंस्पेक्टर पर जानबूझकर कार्यकर्ताओं को बेइज्जत करने का आरोप लगाया। किरकिरी के बाद दूर जाकर खड़ी हुई पुलिस
महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी के व्यवहार से खलबली मच गई। कार्यकर्ताओं ने एक के बाद एक कई आरोप पुलिस पर लगाने शुरू कर दिए। जैसे तैसे स्थिति को संभाल गया। मामला पुलिस अफसरों तक भी पहुंचा, लेकिन किसी ने प्रतिक्रिया नहीं दी। नतीजा यह है हुआ की किरकिरी होने के बाद पुलिस उस जगह से काफी दूर जाकर खड़ी हो गई। महानगर अध्यक्ष बोले- अपमान बर्दाश्त नहीं
भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने बताया- सर्किट हाउस के मुख्य हॉल में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता बैठे हुए थे। पुलिसकर्मियों ने जाते ही उनसे लिस्ट मांगी और अभद्रता करते हुए उन्हें बाहर निकाल दिया। इनमें कई महिला कार्यकर्ता भी थी। मुझे जब इसकी जानकारी लगी तो मैं मौके पर पहुंचा और नाराजगी व्यक्त की। मैंने स्पष्ट कर दिया कार्यकर्ताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा। ——————- ये खबर भी पढ़ें… तलाक विवाद के बाद अपर्णा मीटिंग में नहीं पहुंचीं:महिला आयोग की अध्यक्ष बोलीं- मदद मांगेंगी, तो बात करेंगे अपर्णा और प्रतीक यादव के तलाक का मामला उनका निजी है। अपर्णा पढ़ी-लिखी और समझदार महिला हैं। वह अपने निजी मामले को संभाल लेंगी। अगर राज्य महिला आयोग से शिकायत या मदद मांगी जाएगी तो बात की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर…