आज संत रविदास की जयंती है। इस मौके पर काशी में उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर पूरी तरह से रैदासियों का शहर बन गया है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन करने के लिए पहुंचे हैं। सुबह से ही मंदिर के बाहर करीब 3 किलोमीटर लंबी लाइन लगी हुई है। लोग घंटों इंतजार करके संत रविदास के दर्शन कर रहे हैं। भीड़ में एक सांड भी घुस आया। सेवादारों ने कड़ी मशक्कत कर उसे बाहर निकाला। इससे पहले करीब 1000 से ज्यादा NRI 10 चार्टर्ड विमानों से आए। उन्होंने संत रविदास को डॉलर की माला पहनाई। दोपहर में नगीना सांसद चंद्रशेखर भी पहुंचे। संत रविदास के दर्शन किए। कहा- गरीबी, लाचारी सब खत्म हो जाएगी। यह समाज आशावादी है। मंदिर के पास 150 फीट ऊंची रविदासी पताका भी फहराई गई है। मंदिर को करीब 200 किलो से ज्यादा सोने से सजाया गया है। श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में तीन बड़े लंगर चल रहे हैं। यहां 10-10 फीट के तवों पर हर मिनट करीब एक हजार रोटियां बनाई जा रही हैं। व्यवस्था संभालने के लिए 10 हजार से ज्यादा सेवादार दिन-रात लगे हुए हैं। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए टेंट सिटी भी बनाई गई है। इसमें यूपी, पंजाब, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों से आए लोगों के लिए रहने और खाने की सुविधा दी गई है। इस कार्यक्रम में कई बड़े नेता भी शामिल हो चुके हैं। प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी, पूर्व सीएम मायावती, दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जैसे नेता यहां मत्था टेक चुके हैं। तस्वीरें देखिए… संत रविदास जयंती से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लाग से गुजर जाइए…