शराब की दुकानों पर 100 महिलाओं का अटैक:ललितपुर में ताला तोड़कर घुसीं, 15 लाख की वाइन रोड पर फेंकी

ललितपुर में छेड़खानी से परेशान 100 से ज्यादा महिलाओं ने शराब की दो दुकानों में जमकर तोड़फोड़ की। महिलाओं ने पहले रोड जाम कर प्रदर्शन किया। फिर ताला तोड़कर दुकानों के अंदर घुसीं और जमकर तोड़फोड़ की। लाखों की शराब सड़क पर फेंक दी। इसके बाद महिलाएं 2 गुट में बंट गईं। एक गुट शराब की पोटियां को रोड़ पर फेंकता। जबकि दूसरा गुट बोतलों को लाठी मारकर फोड़ता। रोड़ पर पानी की तरह शराब बहने लगी। करीब एक घंटे तक बवाल चलता रहा। सूचना मिलते ही कुछ पुलिसकर्मी वहां पहुंचे, लेकिन महिलाओं को रोकने की हिम्मत नहीं जुटा सके। हंगामे के दौरान सड़क पर जाम लग गया। जब महिलाओं ने शराब की दोनों दुकान खाली कर दीं, तब वापस अपने गांव लौट गईं। इस दौरान करीब एक घंटे तक 2 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। 5 थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक हालात सामान्य हो चुके थे। सड़क पर फैली शराब की बोतलों को हटवाकर जाम खुलवाया गया। मामला मंगलवार दोपहर का महरौनी-ललितपुर रोड के गांव खितवांस का है। पहले देखिए 2 तस्वीरें… अब पढ़िए पूरा मामला अप्रैल 2025 में खितवांस गांव में आबादी के पास शराब की कंपोजिट शॉप खुली थी। इसके पास में ही देशी शराब की दुकान भी है। दोनों दुकानों का एक ही मालिक है। महिलाओं का आरोप है कि जबसे यहां शराब की दुकान खुली है, तबसे सड़क से निकलना दूभर हो गया है। शराबी लोग महिलाओं और बेटियों पर कमेंट करते हैं। गांव के नई उम्र के बच्चे भी बिगड़ रहे हैं। सड़क पर अक्सर शराबी नशे में हंगामा करते हैं। लंबे समय से इसका विरोध कर रहे थे। दोपहर को डंडे लेकर पहुंची सैकड़ों महिलाएं मंगलवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे करीब 110 महिलाएं शराब की दुकान बंद कराने की मांग को लेकर दुकान के सामने प्रदर्शन करने लगीं। कंपोजिट दुकान के सेल्समैन हितेंद्र कुमार ने हंगामा देख शटर गिराया और ताला लगाकर मौके से भाग गया। उसने पुलिस को सूचना दे दी। शटर का ताला तोड़कर घुसीं इस बीच महिलाएं दोनों दुकानों में पहुंचीं और ताला तोड़कर अंदर घुस गईं। देशी, अंग्रेजी शराब और बीयर की केनों की पेटियां उठाकर सड़क पर फेंकने लगीं। कुछ महिलाएं उन्हें तोड़ने लगीं। हंगामा और तोड़फोड़ की सूचना पर 2 पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। लेकिन उग्र महिलाओं को देख उन्हें रोकने की हिम्मत नहीं जुटा सके। दोनों पुलिसकर्मियों के सामने महिलाएं तोड़फोड़ करती रहीं। इस दौरान महरौनी-ललितपुर मार्ग पर जाम लग गया। महिलाएं बोलीं- दोबारा दुकान खुली, तो फिर तोड़ेंगे
महिलाओं ने मांग की कि इन दुकानों को गांव से हटाया जाए। अगर दोबारा दुकान लगी तो फिर से तोड़फोड़ होगी। दोनों दुकानें खाली होने के बाद महिलाएं लौट गईं। इधर, सड़क जाम की सूचना मिलते ही 5 थानों का फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने सड़क पर फैली शराब और बोतलों को झाड़ू से साफ कराया। उसके बाद ट्रैफिक जाम खुल सका। महिला बोली- शराबियों ने पति को मार डाला था
हाथ में डंडा लिए गुड्‌डी देवी ने बताया- दिवाली के दिन यहां शराबियों ने झगड़ा करके मेरे पति को मार डाला था। हमने शिकायत की तो पुलिस भी बिक गई। कोई कार्रवाई नहीं की। दुकान वाला कहने लगा कि हमारा कुछ नहीं कर पाओगी, चाहे जहां शिकायत कर लो। हम गरीब लोग हैं, कुछ नहीं कर पाए। इसलिए आज हम लोगों ने डंडे उठाए हैं। सेल्समैन बोला- महंगी शराब की बोतलें भी फोड़ दीं
बीयर और अंग्रेजी शराब दुकान के सेल्समैन हितेंद्र कुमार ने बताया- महिलाओं के हंगामे को देखकर मैंने दुकान का शटर गिरा दिया। लेकिन महिलाओं ने ताला तोड़ दिया और अदंर से सारी शराब निकालकर सड़क पर ले आईं। महंगी शराब की बोतले भी तोड़ दीं। दुकान में 2000 रुपये तक की शराब रखी थी। अब कुछ नहीं बचा है। महिलाओं ने करीब 15 लाख रुपए का नुकसान किया है। सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया है। सीओ महरौनी रक्षपाल सिंह ने बताया- खितवांस में कुछ महिलाओं ने सरकारी ठेका देशी, अंग्रेजी शराब की दुकान में बोतलें और पैकेट तोड़ दिए हैं। 5 थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा और मामले को शांत कराया गया। दुकानों के मालिक की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। —————— ये खबर भी पढ़ें ग्राउंड रिपोर्ट: जिस स्कूल में नमाज पढ़वाई, वहां सारे टीचर हिंदू:मथुरा में लोग बोले- हेडमास्टर बाउंड्री बनवाना चाह रहे थे, इसलिए फंसाया मथुरा के प्राइमरी स्कूल में हेडमास्टर पर 2 गंभीर आरोप लगे। पहला- स्कूल में पढ़ने वाले छोटे बच्चों का ब्रेनवॉश करते हैं। इस्लाम को बेहतर हिंदू धर्म को खराब बताते हैं। दूसरा- स्कूल में जबरन नमाज पढ़वाते हैं, राष्ट्रगान नहीं करवाते। पूरी खबर पढ़ें