मुजफ्फरनगर में 50 हजार का इनामी अमजद एनकाउंटर में ढेर:कार्बाइन से चलाईं गोलियां, SP-CO की बुलेटप्रूफ जैकेट से जान बची

मुजफ्फरनगर में पुलिस ने मुठभेड़ में 50 हजार रुपए का इनामी अपराधी अमजद मार गिराया। मुठभेड़ में सिपाही और दरोगा के हाथ में गोली लगी है। वहीं, एसपी देहात, सीओ और एसओ की बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली फंस गई। मुठभेड़ बुढ़ाना थाना कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हुई। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक कार्बाइन, एक पिस्टल और एक लूटी हुई मोटरसाइकिल बरामद की है। बदमाश अमजद (40 वर्ष) हरसोली, थाना शाहपुर का निवासी था। उस पर कुल 40 केस दर्ज थे। बुढ़ाना थाने में लूट का एक केस दर्ज था। पुलिस इसी मामले में तलाश कर रही थी। पुलिस के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि शाहपुर में अमजद के आने की सूचना थी। बुढ़ाना और तितावी पुलिस पुलिस ने घेराबंदी कर दी। इसी दौरान वह बाइक से आता दिखा। पुलिस टीम ने बदमाश को कई बार आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी थी, लेकिन उसने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें अमजद घायल हो गया। उसे इलाज के लिए बुढ़ाना सीएचसी भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी देहात की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी इस मुठभेड़ में सिपाही अशफाक, कस्बा इंचार्ज संदीप चौधरी के हाथ में गोली लगी है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एसपी देहात आदित्य बंसल, बुढ़ाना कोतवाल सुभाष अत्री, सीओ गजेंद्र सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी। मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय वर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। पुलिस ने मौके से सबूत इकट्ठा किए हैं और आगे की जांच जारी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस की गाड़ियों में भी गोलियां को निशान
मुठभेड़ के दौरान बदमाश अमजद ने अंधाधुंध फायरिंग की। पिस्टल की गोली खत्म होने के बाद उसने कार्बाइन से गोलियां चली। पुलिस ने वाहनों की आड़ लेकर उसपर गोलियां चलाईं। बदमाश की गोलियां वाहनों पर भी लगीं। गोलियों से कांच टूट गए। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…