यूपी के हजारों लोग खाड़ी देशों में फंसे:बंकर में छिपकर बचा रहे जान; बोले- धमाके के साथ धड़कनें बढ़ जाती हैं

इजराइल–ईरान के बीच जारी जंग का असर यूपी के लोगों पर भी पड़ रहा है। खाड़ी देशों में काम करने या घूमने गए हजारों लोग वहां फंसे हुए हैं। हालात ऐसे हैं कि ज्यादातर अंतरराष्ट्रीय फ्लाइटें कैंसिल कर दी गई हैं। लोग वतन वापसी की राह देख रहे हैं। अमरोहा से रालोद नेता प्रवीण पोनिया अपने परिवार के साथ ओमान में फंस गए हैं। परिवार ने भारत लौटने के लिए प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। उधर, इजराइल में फंसे सिद्धार्थनगर शिवा नाम के युवक ने वीडियो जारी किया है। वीडियो में वह बता रहे हैं कि वह 12 भारतीय नागरिकों के साथ एक बंकर में रह रहे हैं। हर कुछ मिनट में सायरन बजता है और सायरन सुनते ही सभी को बंकर में भागना पड़ता है। हर धमाके के साथ दिल की धड़कन तेज हो जाती है। आसमान में मिसाइलें और उन्हें रोकने वाली इंटरसेप्टर मिसाइलें बार-बार दिखाई दे रही हैं। हाथरस के तीन लोग दुबई में फंसे हुए हैं। उनके परिजन लगातार फोन पर संपर्क में हैं और काफी चिंतित हैं। वहीं, बाराबंकी के सात लोग ईरान के क़ुम शहर में फंसे हैं। इनमें कुछ इस्लामिक स्कॉलर हैं, जबकि कुछ लोग रमजान के दौरान ईरान घूमने गए थे। परिजन सरकार से जल्द सुरक्षित वापसी की मांग कर रहे हैं। जौनपुर के रहने वाले विकास यादव तेल अवीव के पास लोद सिटी में एक कंस्ट्रक्शन साइट पर इलेक्ट्रिशियन का काम करते हैं। वह कहते हैं- 28 फरवरी की सुबह मेरी की नींद अलार्म से नहीं, बल्कि सायरन से खुली। पूरे तेल अवीव में अलर्ट अलार्म बज रहे थे। इमरजेंसी अलार्म बजते ही लोगों को बमों से बचाने वाले सेफ हाउस में जाना होता है।
यूपी के लोग कहां-कहां फंसे हैं? अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-