गाजियाबाद में पेंट फैक्ट्री में भीषण आग:फायर बिग्रेड की 12 गाड़ियों ने पाया काबू, 2 km तक दिखाई दीं लपटें

गाजियाबाद में गुरुवार देर रात पेंट बनाने वाली की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि लपटें करीब 2 किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थी। इससे कर्मचारियों में अफरा-तफरा मच गई। लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। अंदर रखे केमिकल से भरे ड्रम तेज धमाकों के साथ फटे, जिससे आग और विकराल हो गई। आग लगने की सूचना पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। शहर के अलग-अलग फायर स्टेशनों से कुल 12 गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं। तब जाकर काबू पाया जा सका। घटना मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में हुई। देखिए 2 तस्वीरें…
केमिकल में आग लगने से उठीं लपटें
मेरठ रोड स्थित मीनापुर औद्योगिक क्षेत्र में अरविंद केमिकल्स एंड सारल स्क्रैप नाम की फैक्ट्री है। गुरुवार शाम कर्मचारी काम खत्म कर घर चले गए थे। उस समय फैक्ट्री में केवल गार्ड और सुरक्षा कर्मी मौजूद थे। फैक्ट्री में पेंट बनाने के लिए ड्रम में केमिकल रखा हुआ था। इसी दौरान अचानक आग भड़क गई और देखते ही देखते लपटें फैलने लगीं। आग लगते ही वहां मौजूद गार्ड और कर्मचारियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 1 करोड़ का नुकसान
बताया जा रहा है कि घटना के समय फैक्ट्री में ज्यादा कर्मचारी मौजूद नहीं थे। इसलिए किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, आग की वजह से फैक्ट्री में रखे केमिकल और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। आग लगने से 1 करोड़ रुपए से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं, सीएफओ राहुल पाल ने बताया- आग की स्थिति को देखते हुए आसपास के फायर स्टेशनों से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां मौके पर बुलाई गई थीं। आग लगने के कारणों की जांच कराई जाएगी। —————— ये खबर भी पढ़ें बाघ ने गैंडे का शिकार किया, उस पर बैठा रहा, दुधवा में तालाब में घुसकर हमला किया, गर्दन चीरकर मांस खाया लखीमपुर खीरी के दुधवा नेशनल पार्क में बाघ ने एक मादा गैंडे पर हमला कर दिया। मोटी चमड़ी की वजह से काफी देर तक उस पर पंजों से वार करता रहा। जबड़े में उसकी गर्दन दबा ली। थोड़ी देर में घायल गैंडे की मौत हो गई। इसके बाद बाघ उसके ऊपर चढ़कर बैठ गया। गर्दन चीरकर मांस खाता रहा। पूरी खबर पढ़ें