झांसी में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद का अखिलेश-राहुल पर पलटवार:बोले- देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं दोनों, 2027 में BJP सरकार बनेगी

झांसी पहुंचे प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने अखिलेश यादव के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें कहा गया था कि नकली संतों का दौर खत्म होगा। मौर्य ने कहा कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई हों, उन्हें ऐसी बातें शोभा नहीं देतीं। डिप्टी सीएम उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने के बाद झांसी पहुंचे। रात करीब नौ बजे वह सड़क मार्ग से सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की। बंगाल और यूपी में जीत का दावा
मीडिया से बातचीत में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल में इस बार भारी बहुमत से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है और तृणमूल कांग्रेस की विदाई तय है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी 2027 में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी। अखिलेश यादव जो “मुंगेरी लाल के हसीन सपने” देख रहे हैं, उनका हाल 2017 से भी बुरा होगा। मौर्य ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा हरियाणा और दिल्ली जीत चुकी है। अब पश्चिम बंगाल और असम में भी सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार केरल में भी भाजपा अब तक का सबसे शानदार प्रदर्शन करेगी। अखिलेश के बयान पर पलटवार
अखिलेश यादव की शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से लखनऊ में मुलाकात के बाद दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मौर्य ने कहा, “सूप बोले तो बोले, चलनी भी बोले जिसमें बहत्तर छेद।”
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के हाथ रामभक्तों और शिवभक्तों के खून से रंगे हैं। उनके शासनकाल में शिवभक्तों पर लाठियां बरसाईं गईं और मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति के कारण प्रदेश को दंगा प्रदेश बनाने का काम किया गया। ऐसे में उन्हें ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, जिससे जनता उनकी बातों पर हंसे। हालांकि शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के बयान पर बोलने से वह बचते नजर आए। जब उनसे पूछा गया कि शंकराचार्य ने कहा है कि अखिलेश यादव से उनकी मुलाकात में सत्संग पर चर्चा हुई, तो मौर्य ने कहा कि वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। उन्होंने इतना जरूर कहा कि अखिलेश यादव के “मुंह में राम और बगल में छुरी” है। ‘पीडीए का मतलब पावर ऑफ डिम्पल और अखिलेश’
अखिलेश यादव द्वारा पीडीए के मुद्दे को लेकर दिए गए बयान पर भी मौर्य ने तंज किया। उन्होंने कहा कि पीडीए का असली मतलब “पावर ऑफ डिम्पल और अखिलेश” है।
मौर्य ने कहा कि 2012 से 2017 तक जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे तब उन्हें न पीडीए की याद आई और न ब्राह्मणों की। अब सत्ता से बाहर होने के बाद उन्हें सब याद आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2017 में समाजवादी पार्टी 47 विधायकों पर सिमट गई थी और अब उससे भी नीचे जाएगी। वैश्विक संकट में घटिया राजनीति कर रहे
एलपीजी की किल्लत को लेकर अखिलेश यादव के लकड़ी पर खाना बनाने वाले बयान पर मौर्य ने कहा कि वैश्विक संकट के समय इस तरह की राजनीति करना गलत है। उन्होंने कहा कि इस समय अखिलेश यादव और राहुल गांधी घटिया राजनीति कर रहे हैं और देश में माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सफल विदेश नीति के कारण भारत के लिए ऊर्जा आपूर्ति में कोई संकट नहीं है। भारत में गैस की कोई कमी नहीं
देश और प्रदेश में एलपीजी के लिए लग रही लंबी लाइनों के सवाल पर मौर्य ने कहा कि भारत में गैस और तेल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की विदेश नीति के चलते स्ट्रेट ऑफ होरमूज से निकलकर क्रूड ऑयल का जहाज मुंबई पहुंचा है। भारत के लिए न अमेरिका, न इस्राइल और न ही ईरान की ओर से कोई बाधा आएगी, इसलिए देश में न क्रूड ऑयल की कमी होगी और न गैस की।