यूपी में गोवंश काटने का आरोपी शहजाद एनकाउंटर में ढेर:एक लाख का इनामी था; 2 सिपाही घायल; DIG ने शाबाशी दी

यूपी के सहारनपुर में एक लाख का इनामी बदमाश शहजाद एनकाउंटर में ढेर हो गया। उसकी उम्र 40 साल थी। पुलिस का दावा है कि वह पेशेवर तरीके से गोवंश की हत्या करता था। मुठभेड़ में 2 सिपाही भी घायल हुए हैं। यह मुठभेड़ मिर्जापुर थाना इलाके के शेरपुर गांव में बुधवार शाम करीब 3 बजे हुई। घायल सिपाहियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डीआईजी अभिषेक सिंह सिपाहियों से मिलने पहुंचे। उन्होंने एक सिपाही के कंधे पर हाथ रखकर उसे शाबाशी दी। 24 घंटे के अंदर शहजाद दूसरा बदमाश है, जो यूपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया है। मंगलवार को बरेली में सास और साले की हत्या करने वाले आरोपी दामाद अफसर उर्फ बौरा (40) को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर किया था। 3 फोटो देखिए… कैसे हुई मुठभेड़, सीन समझिए…
पुलिस के अनुसार, शहजाद बुधवार दोपहर में गोकशी की घटना को अंजाम देने जा रहा था। मिर्जापुर और फतेहपुर थाने की पुलिस बेहट-विकासनगर रोड पर गाड़ियों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। इस पर उन्होंने बाइक की स्पीड बढ़ा दी। पुलिस ने उनकी बाइक का पीछा किया और सरेंडर करने को कहा, लेकिन शहजाद ने खुद को चौतरफा घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। बदमाश भागते-भागते एक बाग में घुस गए, जहां उनकी बाइक फिसल गई। इससे दोनों गिर गए। शहजाद ने फिर फायरिंग की। इससे दो सिपाही सोमेंद्र और कुलदीप घायल हो गए। दोनों के हाथ में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने पोजिशन लेते हुए शहजाद को जवाब दिया। गोली लगने से शहजाद घायल हो गया और वह गिर पड़ा। जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शहजाद को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहट पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया, जहां उसकी मौत हो गई। डीआईजी बोले- लंबे समय से शहजाद की तलाश थी
डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया- शहजाद एक शातिर और पेशेवर गोकश था। वह कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। शहजाद के खिलाफ सहारनपुर जिले के थानों में गोकशी-गैंगस्टर समेत 44 मुकदमे दर्ज हैं। वह सहारनपुर के थाना फतेहपुर क्षेत्र के गांव गंदेवडा का रहने वाला था। पुलिस ने मौके से दो पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। फरार बदमाश की तलाश में इलाके में कॉम्बिंग जारी है। अब बरेली एनकाउंटर को जानिए… बरेली में अफसर उर्फ बौरा ने सोमवार दोपहर 1 बजे भरी पंचायत में सास आसमा (54) और साले आदिल (20) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। बचाने आई पत्नी पर भी जानलेवा हमला किया था। इसके बाद फरार हो गया था। उसकी तलाश में 5 टीमें लगी हुईं थीं। SSP अनुराग आर्य के मुताबिक, मंगलवार सुबह 6 बजे मुखबिर की सूचना पर आरोपी की घेराबंदी की गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के सीने में 2 गोली लगी। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ इज्जतनगर थाना क्षेत्र में हुई। पढ़ें पूरी खबर… खबर अपडेट की जा रही है। —————————— यह खबर भी पढ़ें…. बदला लेने के लिए भाजपा नेता की हत्या हुई थी, गोरखपुर में CCTV से पकड़े गए हत्यारोपी गोरखपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा नेता राजकुमार चौहान की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के अनुसार, दो डंपर चालकों ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि दो महीने पहले भाजपा नेता के भतीजे ने उनके साथ मारपीट की थी। उस वक्त भाजपा नेता ने भतीजे का पक्ष लिया था। भतीजा उनके दम पर रौब गांठता था, इसलिए बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया। पढ़ें पूरी खबर…