राष्ट्रपति ने संत प्रेमानंद से मुलाकात की:25 मिनट तक अपने परिवार के साथ आध्यात्मिक चर्चा की

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मथुरा में संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। उन्होंने 25 मिनट तक आध्यात्मिक चर्चा की। राष्ट्रपति शुक्रवार सुबह 7 बजे परिवार के साथ प्रेमानंदजी के आश्रम पहुंचीं। राष्ट्रपति ने हाथ जोड़कर प्रणाम किया। संत ने राधे-राधे कहकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। राष्ट्रपति का आश्रम के सेवादारों ने माला और चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। राष्ट्रपति ने संत को जन्मदिन की बधाई दी। प्रेमानंदजी का गुरुवार को जन्मदिन था। राष्ट्रपति यूपी के तीन दिन के दौरे पर हैं। आज वह बाबा नीम करौरी महाराज के आश्रम पहुंचेंगी और हनुमान जी के दर्शन करेंगी। वहां से रामकृष्ण मिशन हॉस्पिटल जाएंगी और पश्चिमी यूपी की सबसे आधुनिक कैंसर यूनिट का उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति ने गुरुवार को अयोध्या में रामलला के दर्शन किए थे। मंदिर में राम यंत्र की स्थापना की थी। देर शाम मथुरा पहुंचीं और इस्कॉन तथा प्रेम मंदिर में दर्शन-पूजन किया।