भाई ने पुलिस के सामने बहन को गोली मारी:सहारनपुर में सिर पर तमंचा सटाकर फायर किया, 4 दिन पहले घर छोड़कर भागी थी

सहारनपुर में भाई ने अपनी बहन को पुलिस कस्टडी में गोली मार दी। उसने बहन के सिर में तमंचा सटाकर फायर किया। गोली लगते ही वह बेसुध होकर गिर पड़ी। पुलिस के मुताबिक, युवती 4 दिन पहले गांव के ही एक युवक के साथ घर से चली गई थी। इसके बाद परिजनों ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने रविवार देर रात युवती को बरामद किया था। उसका भाई इस घटना से काफी नाराज था। पुलिस सोमवार को युवती का मेडिकल कराने सीएचसी लेकर पहुंची। तभी कार में बैठी युवती पर भाई ने गोली चला दी। घटना फतेहपुर क्षेत्र रामखेड़ी गांव की है। युवती का एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। CHC में पुलिस के सामने फायर किया
घायल युवती राखी (25) फतेहपुर थाना क्षेत्र के रामखेड़ी गांव की रहने वाली हैं। वह 4 दिन पहले गांव के ही एक युवक के साथ भाग गई थी। उसके छोटे भाई रवि ने गांव कंदेला के रहने वाले लवकुश और गोविंद के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने रविवार की देर रात युवती को बरामद कर लिया। आज यानी सोमवार को उसे मेडिकल के लिए कार से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। राखी कार में बैठी ही थी। तभी उसके दोनों भाई रवि और मॉन्टी मौके पर तमंचा लेकर पहुंचे। पुलिस से सामने ही बहन के सिर पर सटाकर गोली मार दी। गोली मारकर बाइक से भागे दोनों भाई
सिर पर गोली लगते ही राखी कार की सीट पर गिर पड़ी। पुलिस वाले दोनों आरोपी भाई को पकड़ पाते, इससे पहले दोनों बाइक से भाग निकले। गोली चलते ही सीएचसी कर्मी भागते हुए बाहर आए। पुलिस वालों की मदद से युवती को इलाज के लिए अंदर ले गए। डॉक्टरों ने युवती की हालत देखते हुए उसे जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने युवती की हालत गंभीर बताते हुए उसे कहीं और ले जाने की राय दी। इसके बाद परिजन उसे दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही। एसएसपी अभिनंदन ने बताया- घायल युवती का इलाज मीडिग्राम अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें बनाई गई हैं। दोनों भाइयों में से गोली किसने चलाई, अभी यह क्लियर नहीं हो पाया है। ———————– ये खबर भी पढ़ें… प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज ढहा, 4 की मौत, 20 लोगों के दबने की आशंका उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कोल्ड स्टोरेज की एक बिल्डिंग ढह गई। मलबे में करीब 20 मजदूर दब गए। प्रशासन 5 जेसीबी से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर हैं। अब तक 9 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है। 4 की मौत हुई है। हालांकि, प्रशासन ने अभी मौतों की पुष्टि नहीं की है। पढ़ें पूरी खबर…