अखिलेश का केशव पर तंज- डिलीवरी चीफ मिनिस्टर बन जाएं:डिप्टी CM ने कहा था- सिलेंडर नहीं मिल रहा तो बताएं, भिजवा दूंगा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर पलटवार किया। नई दिल्ली में कहा- आजकल ‘डिलीवरी बॉय’ की बहुत जरूरत है। डिप्टी सीएम ‘डिलीवरी सीएम’ बन जाएं। दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग का दौर गुरुवार दोपहर अखिलेश की प्रेस-कॉन्फ्रेंस के बाद शुरू हुआ। जहां अखिलेश ने कहा था कि सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। हमने मिट्टी के चूल्हे बनवा लिए हैं। इस पर डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने पलटवार करते हुए कहा था कि अगर सिलेंडर नहीं है तो हम भिजवा देंगे। अब 3 पॉइंट में पूरा वाकया समझते हैं… 1. अखिलेश ने कहा था- हमने लकड़ी और कोयले का इंतजाम कर लिया
अखिलेश ने गुरुवार दोपहर 12 बजे लखनऊ में सपा दफ्तर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। यूपी में सिलेंडर की किल्लत और गैस एजेंसियों पर लंबी लाइनों पर कहा था कि भाजपा सरकार में लोगों को लाइन के अलावा क्या मिला? हमने तो अपने घर में मिट्‌टी के दो चूल्हे बनवा लिए हैं। अपने यहां लकड़ी और कोयले से खाना बनाने का इंतजाम कर लिया है। एक महीने दिक्कत और रही तो सबको यही करना पड़ेगा। 2. केशव का पलटवार- हमें बता दें, हम सिलेंडर भिजवा देंगे
इसके बाद शाम लखनऊ एयरपोर्ट पर जब डिप्टी सीएम केशव मौर्य से अखिलेश के बयान पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा- अगर उनके पास सिलेंडर नहीं है तो हमारे यहां सूचना भिजवा दें। हम सिलेंडर भिजवा देंगे। केशव पहले भी गैस किल्लत को लेकर बयानों के लिए विपक्षी नेताओं को आड़े हाथों लेते रहे हैं। उन्होंने कहा था- गैस सिलेंडर की कमी नहीं है। विपक्ष जनता के बीच भ्रम फैलाने में जुटा हैं। 3. अखिलेश का पलटवार- ‘डिलीवरी सीएम’ बन जाएं
अखिलेश से शुक्रवार को केशव के बयान को लेकर सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि यह नया जमाना है। ‘डिलीवरी बॉय’ की बहुत जरूरत है। ये ‘डिलीवरी सीएम’ बन जाएं, उपमुख्यमंत्री न रहें। ‘डिलीवरी सीएम’ बनकर जहां जरूरत पड़े, उसको सिलेंडर और अन्य जरूरी सहायता पहुंचाने का काम करें। यूपी में सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल के लिए लंबी लाइनें
अमेरिका-इजराइल और ईरान की जंग की वजह से देशभर में गैस सिलेंडर को लेकर लोग परेशान हैं। इसका असर यूपी में भी पड़ रहा है। गैस सिलेंडर के लिए सुबह से ही एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें लगी हैं। लोगों का कहना है कि कई घंटों इंतजार के बाद भी गैस नहीं मिल रही। पेट्रोल पंपों पर भी तेल के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है। हालांकि, गैस कंपनियां और सरकार गैस या की कमी की बात से साफ इनकार कर रही हैं। जनता से शांत रहने और झूठी खबरें न फैलाने को कह रही हैं। योगी ने कहा था- सिलेंडर जैसे पहले पहुंचता था, वैसे ही पहुंचाएंगे ———————– ये खबर भी पढ़िए- पेट्रोल पंपों पर लाइनें, गोंडा में धक्का-मुक्की:बड़े-बड़े डिब्बे लेकर पहुंच रहे लोग; सरकार बोली- अफवाह फैलाने वालों पर एक्शन लेंगे यूपी में कई पेट्रोल पंपों पर लाइनें लगी हैं। पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह के चलते तीसरे दिन यानी शुक्रवार को भी लोग बड़े-बड़े डिब्बे और ड्रम लेकर पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंच रहे हैं। भीड़ की वजह से घंटों इंतजार भी करना पड़ रहा है। योगी सरकार ने गुरुवार को साफ किया कि ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। पेट्रोल-डीजल को लेकर किसी भी तरह की चिंता की जरूरत नहीं है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पूरी खबर पढ़िए