4 साल के बच्चे का एक पैर खा गया तेंदुआ:लखीमपुर में मां-बाप के सामने से उठा ले गया था; सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन

लखीमपुर में तेंदुए ने चार साल के बच्चे को मार डाला। शनिवार को युवक अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गेहूं काटने खेत गया था। दंपत्ति खेत में काम कर रहे थे। बच्चे पास में खेल रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे तेंदुए ने अचानक बच्चे पर हमला कर दिया। मां-बाप के शोर मचाने के बावजूद तेंदुआ बच्चे को उठाकर ले गया। परिजन काफी देर तक तलाश करते रहे, लेकिन कुछ पता नहीं चला। रात करीब 1 बजे बच्चे का शव मिला। तेंदुए ने बच्चे का एक पैर खा लिया था। पेट फटने से आंतें बाहर आ गई थीं। पोस्टमॉर्टम के बाद शव घर लाए जाने पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पूर्व विधायक भी मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। बाद में वन विभाग ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। घटना सिंगाही थाना क्षेत्र के निबौरिया गांव की है। देखिए 2 तस्वीरें…
अब जानिए पूरा मामला खेत में खेलते वक्त तेंदुए ने किया हमला नया पुरवा गांव निवासी उम्मेद अली (35) मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। परिवार में पत्नी नसेमुन बानो (32) और तीन बच्चे हैं। बड़ी बेटी गुलफसा (6), बेटा दिलशाद (4) और 8 महीने की तबस्सुम। शनिवार को उम्मेद पत्नी और बच्चों के साथ गेहूं काटने गए थे। खेत निबौरिया गांव के पास, घर से करीब 2 किलोमीटर दूर है। माता-पिता खेत में काम कर रहे थे। बच्चे पास में खेल रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे अचानक तेंदुआ झाड़ियों से निकला। वह पहले से घात लगाकर बैठा था। तेंदुए ने सीधे दिलशाद पर हमला कर दिया। माता-पिता कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वह बच्चे को उठाकर भाग गया। 6.5 घंटे बाद झाड़ियों में मिला अधखाया शव हमले के बाद माता-पिता और ग्रामीण शोर मचाते हुए पीछे दौड़े। उन्होंने बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेंदुआ नहीं रुका। तेंदुआ बच्चे को जबड़े में दबाकर घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। कुछ ही पलों में वह आंखों से ओझल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के साथ मिलकर तलाश शुरू की गई। घंटों तक खेत और आसपास की झाड़ियों में सर्च ऑपरेशन चला। रात भर खोजबीन जारी रही। करीब साढ़े छह घंटे बाद बच्चे का शव मिला। शव झाड़ियों में पड़ा था और अधखाया हुआ था। परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन तेंदुए ने बच्चे का चेहरा और एक पैर खा लिया था। पेट फाड़ देने से आंतें बाहर निकल आई थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।रविवार शाम करीब 4 बजे शव घर पहुंचा। यह देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने शव सड़क किनारे रख दिया। उन्होंने प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम भी पहुंची। पूर्व विधायक आर.एस. कुशवाहा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बात कर उन्हें समझाने की कोशिश की। मुआवजा और नौकरी के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन परिजनों ने मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर धरना शुरू किया। उन्होंने 10 लाख रुपए, एक सदस्य को नौकरी और प्रधानमंत्री आवास की मांग रखी। करीब दो घंटे तक प्रदर्शन चलता रहा। माहौल तनावपूर्ण बना रहा। मौके पर पहुंचे डिप्टी रेंजर हरी लाल ने परिजनों से बातचीत की। उन्होंने लिखित आश्वासन दिया। आश्वासन में 5 लाख रुपए का मुआवजा 10 दिनों में देने की बात कही। साथ ही वन विभाग की नर्सरी में काम देने का विकल्प भी दिया गया। लिखित कार्यवाही मौके पर ही पूरी की गई। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए। परिजनों ने 12 लाख मुआवजे की उठाई मांग मां नसेमुन बानो का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया- तेंदुआ उनके सामने ही बेटे को खींच ले गया। वह कुछ भी नहीं कर सकीं। पिता उम्मेद अली ने कहा कि वे खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान तेंदुआ अचानक आया और बेटे को उठा ले गया। बेटे दिलशाद का जन्म ऑपरेशन से हुआ था। अब परिवार में सिर्फ दो बेटियां हैं। परिजनों ने सरकार से 12 लाख रुपए मुआवजा मांगा है। साथ ही आवास और घर के चारों ओर चहारदीवारी की मांग भी की। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया डिप्टी रेंजर हरी लाल ने बताया- मौके पर पिंजरा लगा दिया गया है। तेंदुए की तलाश जारी है। परिजनों को तुरंत 10 हजार रुपए की सहायता दी गई है। शासन स्तर से मिलने वाली बाकी मदद भी जल्द दिलाई जाएगी। SDO मनोज तिवारी ने बताया- बच्चे की मौत तेंदुए के हमले से हुई है। घटना की सूचना मिलते ही रात में रेंज स्टाफ को मौके पर भेजा गया। तेंदुए को पकड़ने के लिए इलाके में पिंजरा लगाया जा रहा है।टीम लगातार निगरानी कर रही है। …………………. ये खबर भी पढ़ें… कानपुर में पोस्ट मास्टर ने दोस्त के घर फांसी लगाई, साथी बोले- सट्टे में पैसा हारा तो कर्ज से परेशान था कानपुर में पोस्ट मास्टर ने दोस्त के कमरे में सुसाइड कर दिया। रविवार सुबह कमरे के बाहर से जब दोस्त ने आवाज लगाई तो कोई हलचल नहीं हुई। खिड़की से देखा तो शव फंदे से लटक रहा था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव नीचे उतरवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मामला बिल्हौर कस्बे के मुनीश्वर अवस्थी मोहल्ले का है। दोस्तों ने बताया- सौरभ सट्टे में पैसा हारा था, जिससे उस पर कर्ज हो गया था। उसने अपना मोबाइल भी बेच दिया था। वह दोस्तों का मोबाइल यूज करता था। पढ़ें पूरी खबर…