सीएम योगी ने मंगलवार को गोरखपुर में शिक्षामित्रों को सम्मानित किया। बढ़े हुए वेतन (18 हजार रुपए) की धनराशि के चेक बांटे। इस दौरान महेसरा में मछली मंडी के बहाने सीएम योगी ने सांसद रवि किशन के बंगाल में मछली खाने वाले बयान पर चुटकी ली। योगी ने कहा- महेसरा में पहले जाम लगता था, क्योंकि रवि किशन के पसंद की चीज यहां मिलती थी। इन्होंने कहा था कि बंगाल जीत के बाद खूब खाओ। इस दौरान पीछे से रवि किशन कहते रहे कि पंडित आदमी हूं, मैं नहीं खाता। लेकिन, योगी कहते रहे कि इनके घर भीड़ लगी थी। मैंने सोचा कि इनके यहां बना है। मैं जाम में फंसा था। योगी ने नाम लिए बिना मछली की ओर इशारा किया। इतना ही नहीं, योगी ने रवि किशन की पीएचडी की मानद उपाधि पर भी चुटकी ली। कहा- रवि किशन आए थे। कहने लगे कि आपने मुझे बधाई नहीं दी। मैंने पूछा क्यों? इस पर बोले कि पीएचडी की उपाधि मिली है। मैंने कहा- वह मानद उपाधि है। फिर कहने लगे कि प्रोफेसर लिखूंगा। मैंने कहा- आप प्रोफेसर लिख नहीं सकते। ये डिग्री लेकर जाएंगे तो आपको इसके नाम पर कहीं नौकरी भी नहीं मिलेगी। योगी ने कहा- आप केवल उस डिग्री को टांग सकते हैं। आप गले में टांगकर और लटकाकर जाइए। अब कह रहे हैं कि डॉक्टर लिखूंगा। अगर ऐसा डॉक्टर इलाज करने चला जाएगा, तो क्या होगा? सीएम ने अंत में कहा कि आपको मानद उपाधि मिली है, इसके लिए आपको बधाई देता हूं। इस पर कार्यक्रम में मौजूद लोग ठहाके लगाकर हंसने लगे। रवि किशन भी खड़े हुए और हाथ जोड़कर सीएम को प्रणाम किया। बता दें, यूपी में बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में तैनात 1.43 लाख शिक्षामित्रों को प्रतिमाह 10 हजार रुपए मानदेय मिलता था। सरकार ने इसे बढ़ाकर 18 हजार रुपए प्रतिमाह कर दिया है। बढ़ा हुआ वेतन अप्रैल महीने से लागू हो गया है। तस्वीरें देखिए… CM योगी से जुड़े कार्यक्रम के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…