ममता बनर्जी से अखिलेश मिलने जाएंगे:चुनाव प्रचार से दूर रहे; सपा प्रमुख बोले- सपा UP में बदलाव लाएगी

सपा मुखिया अखिलेश यादव बुधवार को पश्चिम बंगाल की निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मिलने कोलकाता जाएंगे। पश्चिम बंगाल के चुनाव नतीजे आने के बाद विपक्षी दल के किसी भी नेता का ये पहला दौरा होगा। मंगलवार को कोलकाता में ममता बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि अखिलेश ने आज आने का अनुरोध किया था, लेकिन मैंने उन्हें अगले कल आने को कहा है। अब एक-एक कर सभी नेता आएंगे। मेरा लक्ष्य बहुत साफ है। मैं INDIA गठबंधन को मजबूत करूंगी। बिल्कुल एक आम आदमी की तरह। अखिलेश ने कार्यकर्ताओं से कहा है कि 2027 का चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। यूपी में सपा बदलाव लाने की ताकत रखती है। विधानसभा चुनाव में लोकतंत्र और संविधान दोनों को बचाने की बड़ी लड़ाई होगी। पश्चिम बंगाल सहित 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार को आ चुके हैं। बंगाल में भाजपा ने पहली बार 294 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज की है। राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनने वाली है। TMC सिर्फ 80 सीटें जीत सकी। 15 साल बाद ममता के हाथ से सत्ता चली गई है। अखिलेश बोले- यूपी में PDA की काट भाजपा के पास नहीं
अखिलेश यादव ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं से बात की। उन्होंने कहा, भाजपा में सब नकली नेताओं का जमघट है। लोकतंत्र में उनका तनिक भी विश्वास नहीं है। उसका काम लूट करना है। पश्चिम बंगाल में भाजपा ने वोट की शर्मनाक लूट की। पुलिस प्रशासन का अवैध इस्तेमाल करने में उसे कतई संकोच नहीं। यूपी में पीडीए की काट भाजपा के पास नहीं है। पीडीए का वोट सबसे ज्यादा है। इसीलिए भाजपा बौखलाई हुई है। सपा प्रमुख की मांग- आबादी के हिसाब से मिले महिलाओं को आरक्षण कार्यकर्ताओं को नसीहत दी- वोटर लिस्ट पर नजर रखें अखिलेश बंगाल चुनाव से रहे दूर, सोशल मीडिया पर एक्टिव दिखे
अखिलेश यादव पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से दूर रहे थे। उन्होंने न तो पश्चिम बंगाल में कोई सभा की और न ही वहां गए। प्रेस कांफ्रेंस और सोशल मीडिया के जरिए वे ममता बनर्जी के पक्ष में बयान देते रहे और सोशल मीडिया साइट पर पोस्ट करते रहे। सोमवार को बंगाल चुनाव के नतीजे आने के बाद अखिलेश ने X पर तीन पोस्ट किए और केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। पहली पोस्ट- भाजपा की जीत को फरेब बताया
अखिलेश ने अपनी पहली पोस्ट में बंगाल में भाजपा की जीत को फरेब बताया। उन्होंने शेर लिखा, ‘‘हर फरेबी फतह की एक मियाद होती है, ये बात ही ‘सच्चाई की बुनियाद’ होती है।’’ दूसरी पोस्ट- 2022 में यूपी में भी घपला हुआ था
अखिलेश ने ममता बनर्जी का वीडियो पोस्ट किया। जिसमें ममता ने दावा किया था कि चुनाव काउंटिंग में उनके साथ सीआरपीएफ ने धक्का-मुक्की की। लात मारी गई। सपा प्रमुख ने लिखा, अब क्या सत्ताधारी राजनीति को पाताल से भी नीचे ले जाएंगे। देश के राजनीतिक इतिहास का ये एक घनघोर ‘काला दिन’ है। आज पूरा देश आक्रोशित है और लोकतंत्र व्यथित। चुनावी व्यवस्था के नाम पर केंद्रीय बलों का जो दुरुपयोग मतगणना में आज बंगाल में हुआ है, ठीक वैसा ही घपला 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में अधिकांश जगह किया गया था, जिसकी साक्षात गवाह कन्नौज की विधानसभाएं थीं। फिर इसी निंदनीय मॉडल को फर्रुखाबाद के 2024 लोकसभा चुनाव में दोहराया गया था। सब जानते हैं क्या हुआ है और सच क्या है और जनमत की खुली लूट कैसे हुई है। तीसरी पोस्ट- मुख्यमंत्री भी मनमर्जी से ही बनेगा
अखिलेश ने महिला आरक्षण को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, पश्चिम बंगाल में जब परिणाम मनमर्जी से निकाला गया है तो भाजपाई परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री भी मनमर्जी से ही बनेगा। इसीलिए ये विशेष मांग है कि इस बार ‘पर्ची’ उनके नाम की निकलनी चाहिए जो पौराणिक काल से नारी के प्रति पुरुषवादी नकारात्मक सोच और शोषण की प्रतीक-भूमिका निभा चुकी हैं। जिन्हें भारतीय नारी का आदर्श मानने की सलाह लोहिया जी तक ने दी थी। आशा है ‘महिला आरक्षण’ के संदर्भ में इस पर अमल होगा। जनवरी में ममता बनर्जी से मुलाकात की थी
अखिलेश यादव इससे पहले 27 जनवरी को पत्नी व मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव के साथ पश्चिम बंगाल गए थे। तब उन्होंने ममता बनर्जी से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद उन्होंने चुनाव में ममता बनर्जी का साथ देने का वादा किया था। उन्होंने ममता बनर्जी के पक्ष में पार्टी का समर्थन का ऐलान भी किया था और एक भी सीट पर प्रत्याशी न उतारने का फैसला किया था। 2 तस्वीरें देखिए… अखिलेश मैसेज देंगे- भाजपा ने बंगाल में गलत तरीके से सत्ता हथियाई
वरिष्ठ पत्रकार सिद्धार्थ कलहंस कहते हैं, पश्चिम बंगाल के चुनाव के बाद अब अगला नंबर यूपी का है। वहां जीतने के बाद भाजपा यूपी में जुट गई है। अखिलेश यादव ये बात अच्छी तरह जानते हैं कि किस तरह से भाजपा ऐसे नेताओं को टारगेट कर रही है, जो लड़ने की ताकत रखते हैं। ऐसे में वह ममता के साथ खड़े होकर अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को ये संदेश देने की कोशिश करेंगे कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल में गलत तरीके से सत्ता हथियाई है। वे ममता बनर्जी के साथ खड़े हैं। अखिलेश ये भी जानते हैं कि 2027 के चुनाव में भाजपा से अकेले पार पाना मुश्किल है। अकेले चुनाव लड़ने पर ममता का हश्र वे देख चुके हैं। ऐसे में अखिलेश की ममता से मुलाकात इसी रणनीति का हिस्सा है कि यूपी में सब मिलकर भाजपा का मुकाबला करें। ———————– ये खबर भी पढ़ें… मंत्री राजभर का गनर रेप के आरोप में गिरफ्तार:लड़की बोली- 4 साल तक संबंध बनाए, गर्भपात कराया, चुपके से किसी और से शादी की यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के गनर प्रशांत राय (29) को सोमवार को वाराणसी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्रशांत पर युवती से 4 साल तक रेप करने और गर्भपात कराने का आरोप है। पूरी खबर पढ़िए…