प्रतीक की तेरहवीं में पत्नी अपर्णा रो पड़ीं, पूड़ियां बांटीं:अखिलेश, डिंपल समेत पूरा यादव परिवार शामिल, योगी भी पहुंचे

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक की आज तेरहवीं है। कार्यक्रम में पत्नी अपर्णा यादव ने पूड़ियां बांटीं। इस दौरान जब लोगों ने ‘प्रतीक भैया अमर रहें’ के नारे लगाए, तो वह खुद को रोक नहीं पाईं। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया और घर के अंदर चली गईं। सीएम योगी भी तेरहवीं में शामिल हुए। उन्होंने प्रतीक को श्रद्धांजलि दी और अपर्णा को सांत्वना दी। अखिलेश, शिवपाल यादव और डिंपल यादव समेत यादव परिवार अपर्णा के घर पहुंचा है। राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने भी पूड़ियां बांटीं। लोकगायिका मालिनी अवस्थी भी तेरहवीं में पहुंचीं। लखनऊ में विक्रमादित्य मार्ग पर स्थित अपर्णा के घर पर कार्यक्रम हो रहा है। इसमें रामधुन बज रही है। शहर के कई इलाकों में प्रतीक की तेरहवीं से जुड़े शोक संदेशों के होर्डिंग लगाए गए हैं। 13 मई की सुबह प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में हार्ट अटैक से निधन हो गया था। अगले दिन यानी 14 मई को लखनऊ के बैकुंठ धाम श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने दी थी। 16 मई को हरिद्वार के VVIP घाट पर प्रतीक की अस्थियां विसर्जित की गईं। अपर्णा बेटियों के साथ चार्टर्ड प्लेन से उत्तराखंड गई थीं। शिवपाल के बेटे आदित्य यादव भी उनके साथ गए थे। 3 तस्वीरें देखिए- प्रतीक यादव की तेरहवीं से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…