लखनऊ में चोरी की बिजली से चल रहा था होटल:छापेमारी में 13 AC और 12 पंखे चलते मिले, FIR

लखनऊ के उतरेठिया उपकेंद्र क्षेत्र में एक तरफ लोग पिछले एक महीने से बिजली कटौती से परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर एक होटल में चोरी की बिजली से 13 एसी चलाए जा रहे थे। मंगलवार रात करीब 10:20 बजे बिजली विभाग और प्रवर्तन दल की संयुक्त छापेमारी में इस बड़े बिजली चोरी के मामले का खुलासा हुआ। जांच में 28 किलोवाट लोड पर अवैध रूप से बिजली इस्तेमाल होती मिली, जिसके बाद कनेक्शन काट दिया गया। प्रवर्तन दल की कार्रवाई में हुआ खुलासा
अमौसी जोन के मुख्य अभियंता राम कुमार के मुताबिक एक्सईएन ए.के. शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस प्रवर्तन दल ने नीलमथा के डिप्टीगंज हरिहरपुर आदर्शनगर स्थित होटल मिराकी इन पर छापा मारा। जांच में सामने आया कि होटल घरेलू बिजली कनेक्शन पर संचालित किया जा रहा था। होटल में केवल 9 किलोवाट का घरेलू कनेक्शन लिया गया था। छापेमारी के दौरान होटल संचालक को थ्री फेज केबल में कट लगाकर दूसरी केबल जोड़कर बिजली चोरी करते पकड़ा गया। दो मंजिला होटल में चोरी की बिजली से 13 एसी और 12 पंखे चलते मिले। विभाग ने तत्काल अवैध कनेक्शन हटाकर सप्लाई बंद कर दी। बिजली विभाग ने होटल मालिक प्रकाशनी शेखर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। मामले में 2.80 लाख रुपये शमन शुल्क के साथ करीब 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाना प्रस्तावित है। विभागीय लोगों की मिलीभगत की आशंका प्रवर्तन दल को आशंका है कि इस बिजली चोरी में विभागीय सांठगांठ भी हो सकती है। घरेलू कनेक्शन पर होटल संचालित होने के बावजूद लंबे समय तक कार्रवाई न होना कई सवाल खड़े कर रहा है। जांच के दायरे में इलाके के जेई, एसडीओ, लाइन कर्मी और एमआरआई बेस बिलिंग से जुड़े कर्मचारी भी आ गए हैं। छापेमारी टीम में एसडीओ आशुतोष वर्मा, जेई राजेश कुमार और इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।