मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाले गंगा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार को 10 THAR और स्कॉर्पियो जैसी गाड़ियों से युवकों ने खतरनाक स्टंट किए। इसके बाद टोल प्लाजा का बैरियर तोड़कर जबरन निकल गए। कुछ लड़कों ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर इसके वीडियो भी पोस्ट किए हैं। वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवकों ने गंगा एक्सप्रेस-वे पर बीचोबीच रास्ता रोककर THAR और स्कार्पियो को काफी देर तक फिल्मी अंदाज में गोल-गोल घुमाया। वीडियो के आधार पर पुलिस ने इन युवकों की तलाश शुरू कर दी है। 2 तस्वीरें देखिए… अब पढ़िए पूरा मामला वीडियो मेरठ के रहने वाले चौधरी रूपक गुर्जर के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किए गए हैं। इसमें स्टंट करने वाली गाड़ियां नजर आ रही हैं। युवकों ने पहले एक्सप्रेस-वे पर गाड़ियों को गोल-गोल घुमाया। बाद में खड़खड़ी टोल प्लाजा से कुछ आगे जाकर यू-टर्न लिया। इस दौरान गाड़ियों से करीब आधे घंटे तक स्टंट किए गए और सोशल मीडिया के लिए रील भी बनाई गईं। टोल मांगने पर बैरियर तोड़कर भागे इसके बाद जब ये गाड़ियां वापस टोल प्लाजा पर पहुंचीं, वहां कर्मचारियों ने नियमानुसार टोल की मांग की। इस पर कार सवार युवकों ने बैरियर को तोड़ दिया। फिर बिना टोल दिए जबरन निकल गए। सुरक्षा को लेकर उठे गंभीर सवाल युवकों की इस हरकत ने एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। गंगा एक्सप्रेस-वे को अत्याधुनिक तकनीक से लैस बताया जाता है। लेकिन इस घटना ने साफ कर दिया कि सुरक्षा को लेकर अभी भी पुख्ता इंतजामों की कमी है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या हर किलोमीटर पर लगे कैमरे इन घटनाओं को रोकने में सक्षम हैं? या सिर्फ रिकॉर्डिंग तक ही सीमित हैं? वहीं, टोल प्लाजा मैनेजमेंट ने थाने में स्टंट करने, रील बनाने और टोल का बैरियर तोड़कर जबरन निकलने को लेकर शिकायत दी है। सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह का कहना है कि कैमरों की फुटेज देखकर कार और उनके मालिकों की पहचान की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आसपास के गांवों में मिला मोटा मुआवजा गंगा एक्सप्रेस-वे में बिजौली गांव के लोगों की सबसे ज्यादा जमीनें गई हैं। जिसका उन्हें तगड़ा मुआवजा मिला है। करीब 830 करोड़ की मुआवजे की रकम उनके क्षेत्र में मिली है। इस रकम के आने के बाद से गांवों में रहने वाले परिवारों की काया पलट गई है। गांवों में डिफेंडर, स्कॉर्पियो और थार जैसी महंगी गाड़ियां आ चुकी हैं। मकानों में भी लिफ्ट लग चुकी है। अचानक बदले आर्थिक हालातों के चलते युवा स्टंटिंग और फिल्मी स्टाइल में रहने का शौक पूरा कर रहे हैं। दरअसल, गंगा एक्सप्रेस-वे मेरठ के खरखौदा के बिजौली गांव से शुरू होता है। एंट्री पॉइंट से खड़खड़ी टोल दो से ढाई किमी की दूरी पर है, जहां ये पूरा वाकया हुआ। वहीं, आज सुबह ही एसएसपी अविनाश पांडे ने खरखौदा थाने के इंस्पेक्टर राजपाल सिंह को सस्पेंड कर दिया था। एक गुमशुदा महिला के मामले में लापरवाही बरतने पर एसएसपी ने यह एक्शन लिया। ————————— यह खबर भी पढ़ें AC में हंता जैसे वायरस से रातभर खांस रहे लोग, उल्टी-लूज मोशन आ रहा, लंग्स पर अटैक; इन जगहों पर रहने से बचें लखनऊ में भीषण गर्मी के बीच लगातार खांसी और जुकाम के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। 28 वर्षीय निखिल भी कई दिनों से लगातार खांसी से परेशान हैं। हालत यह है कि रातभर खांसने की वजह से उन्हें नींद तक नहीं आ रही थी। परेशान होकर वह इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने गर्मी, धूल, प्रदूषण और संक्रमण को इसकी बड़ी वजह बताया। पूरी खबर पढ़ें