अलीगढ़ के चण्डौस में कस्बे की 16 महिलाओं ने रामपुर शाहपुर के एक ठेकेदार पर मजदूरी का भुगतान न करने का आरोप लगाया है। महिलाओं ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। नीलम देवी पत्नी बाबूलाल सहित इन महिलाओं ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 2 फरवरी से 30 मार्च तक ठेकेदार के खेतों में प्रतिदिन 400 रुपये के हिसाब से मजदूरी की थी। उनका आरोप है कि ठेकेदार ने मार्च से अब तक उनकी मजदूरी के रुपयों का भुगतान नहीं किया है। महिलाओं का कहना है कि वे लगातार ठेकेदार के पास भुगतान के लिए चक्कर लगा रही हैं, लेकिन उन्हें उनका पैसा नहीं मिल रहा है। ठेकेदार लगातार टाल-मटोल कर रहा है। भीषण गर्मी के बावजूद उन्हें अपनी मजदूरी के लिए रामपुर शाहपुर गांव के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। महिलाओं ने पुलिस से ठेकेदार से उनकी बकाया मजदूरी दिलवाने की मांग की है। इंस्पेक्टर सत्यवीर सिंह ने जानकारी दी कि प्राप्त तहरीर के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।