‘बकरीद पर सूर्या की हत्या कर मुस्लिमों को बदनाम किया’:गाजियाबाद में असद के एनकाउंटर पर पड़ोसी खुश, 2 दिन से बाजार बंद

‘बकरीद पर हत्या से देश में यह मैसेज गया कि मुसलमान लड़के ने घर बुलाकर हिंदू बच्चे का कत्ल कर दिया। पुलिस और सरकार ने जो किया, वो अच्छा किया। इससे हम बहुत खुश हैं।’ ये कहना है गाजियाबाद के खोड़ा में रहने वाले मोहम्मद इमरान का। 28 मई को बकरीद के दिन असद (20) ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर 11वीं के छात्र सूर्य प्रताप सिंह ‘सूर्या’ (17) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। रविवार को पुलिस ने असद को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। ‘दैनिक भास्कर’ टीम जब मौके पर पहुंची, तो सूर्या और मुख्य आरोपी असद के घरों के बीच महज 300 मीटर की दूरी मिली। सूर्या के घर पर मातम पसरा था, जबकि असद का घर बंद मिला। एक किमी के दायरे में 8 थानों की पुलिस तैनात है। RRF जवान इलाके में गश्त कर रहे हैं। असद के पिता नवाब समेत 3 आरोपियों को पकड़कर जेल भेजा गया है। एक आरोपी अभी फरार है। सूर्या की मां ने कहा, जैसा अंजाम असद का हुआ है, सभी आरोपियों का भी होना चाहिए। स्थानीय लोगों को डर है कि पुलिस अन्य आरोपियों को मुठभेड़ में मार सकती है। इसलिए खुलकर बोलने से बच रहे हैं। वे आरोपियों का घर भी बताने को तैयार नहीं थे। करीब 15 लाख आबादी वाले खोड़ा में फिलहाल शांति तो है, लेकिन तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। लोगों की निगाहें अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। पढ़िए ग्राउंड रिपोर्ट… पहले सभी आरोपियों का प्रोफाइल जानिए… असद के घर पर ताला लटका, लाश चाचा ले गए
खोड़ा के लोकप्रिय विहार में असद का फ्लैट 4 मंजिला बिल्डिंग की पहली मंजिल पर है। जिस पर ताला लटका है। पास में मस्जिद है। असद के घर तक भीड़ न पहुंच जाए, इसके लिए बीच-बीच में बैरियर लगाए गए हैं। पुलिस के जवान यहां मुस्तैद हैं। रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद चाचा आबिद ने लाश रिसीव की। उन्होंने कहा, असद ने गलती की थी, जिसकी सजा उसे मिली है। उसकी संगति भी सही नहीं थी। वह कपड़े की दुकान पर काम करता था। हम बुलंदशहर के रहने वाले हैं। अंतिम संस्कार गांव में करेंगे। आस-पड़ोस के लोगों ने क्या कहा, जानिए… ‘असद ने जैसा किया, उसके साथ भी वैसा हुआ’ आरोपी असद के पड़ोस में मोहम्मद इमरान रहते हैं। वे कहते हैं- हमारे घर के पास ही सूर्या की हत्या की गई। असद का घर बगल की गली में है। असद का एनकाउंटर सही हुआ है। हम पहले दिन से मांग कर रहे थे कि जिस लड़के ने इतना जघन्य अपराध किया है, उसका भी वही अंजाम हो। बकरीद थी, फेस्टिवल का दिन था। असद ने मुस्लिम समुदाय को बदनाम किया है। इकरामुद्दीन बोले- असद ने जैसा किया, उसके साथ भी वैसा हुआ पास ही हमें इकरामुद्दीन मिले। उन्होंने कहा, हम उस दिन बकरीद पर अपने घर में कुर्बानी में लगे थे। घर के बाहर पर्दे डाल रखे थे। इसलिए हत्या होते नहीं देख पाया था। असद के एनकाउंटर के सवाल पर इकरामुद्दीन ने कहा- सूर्या की मां की मांग थी कि एनकाउंटर हो। कहा था कि खून का बदला खून होना चाहिए। इसलिए असद का एनकाउंटर हुआ। जो हुआ, अच्छा हुआ। जैसे असद ने गलत किया था, उसके साथ भी वैसा ही हुआ। यहां गलत तरह से माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया।
‘सूर्या को मारने में सभी का बराबर अपराध’
भाजपा के पूर्व महानगर उपाध्यक्ष चमन सिंह चौहान ने कहा- सूर्या के परिवार को मैं जानता हूं। यह परिवार एटा जिले में भी हमारा पड़ोसी है। योगी मॉडल यहां देखने को मिला है। असद ने यहां दुर्दांत अपराध किया था। सूर्या और असद की 8 महीने पहले कहासुनी हुई थी। सूर्या हिंदू बच्चा था। पुलिस ने एनकाउंटर सही किया है। वीडियो फुटेज देखेंगे तो उसमें अन्य लोगों का अपराध भी बराबर है। जिन्होंने चाकू दिया, उसका भी एनकाउंटर होना चाहिए। अंकित त्यागी बोले- सूर्या बहुत अच्छा था
सूर्या के घर के सामने अंकित त्यागी का घर है। अंकित ने बताया कि सूर्या के पिता की करीब 18 महीने पहले मौत हो चुकी है। सूर्या का बड़ा भाई यश चौहान मानसिक रूप से बीमार रहता है। घर में सारी जिम्मेदारी सूर्या पर थी। सूर्या का कभी किसी से कोई विवाद नहीं सुना। सूर्या के परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है। 6 हजार रुपए घर का किराया है। घर में कोई कमाने वाला नहीं है। दूसरा बेटा बीमार रहता है। यहां माहौल सही नहीं रहता, जो भी इस सूर्या के मर्डर में शामिल हैं, सभी पर पुलिस कड़ी कार्रवाई करे। सूर्या की मां बोलीं- सभी हत्यारों का एनकाउंटर हो
सूर्या चौहान की हत्या के बाद मां सरोज का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके घर भीड़ थी। हिंदूवादी संगठनों के लोग मौजूद थे। मोहल्ले की महिलाएं सरोज को ढांढस बंधाती नजर आईं। हमने सूर्या की मां से बात की। उन्होंने कहा- बेटे की मौत के बाद आंखों से आंसू भी सूख चुके हैं। बड़ा बेटा यश तो खुद ही बीमार रहता है। छोटे सूर्या को मार दिया गया। इस घटना में असद को तो पुलिस ने मार दिया। तीन को पकड़ लिया। एक अभी भी फरार है। सभी हत्यारों का पुलिस एनकाउंटर करे। यूपी सरकार की मदद पर सरोज ने कहा- हां] सरकार ने आर्थिक सहायता दी है, नौकरी का आश्वासन दिया है। जैसे मैं घर से बेघर हो गई हूं, वह भी बेघर हो जाए। आज मेरे सिर पर छत नहीं है, योगीजी से यही प्रार्थना है कि सूर्या की हत्या करने वालों के सिर पर भी छत ना बचे। उनके घर बुलडोजर चले। रविवार को लगातार दूसरे दिन बाजार बंद रहे
रविवार को खोड़ा में मुख्य गेट पर आरआरएफ और पुलिस फोर्स तैनात रही। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए बैरियर लगाकर वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया था। चारों तरफ पुलिस फोर्स फ्लैग मार्च करती रही। लगातार दूसरे दिन भी खोड़ा में बाजार बंद रहा। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव और एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना फोर्स के साथ मौजूद रहे। जिस गली में सूर्या चौहान का किराए का घर है, वहां सिर्फ भीड़भाड़ रही। इसके अलावा अन्य सभी गलियों में सन्नाटा पसरा रहा। खोड़ा में 75 प्रतिशत हिंदू आबादी है, जबकि 25 प्रतिशत मुस्लिम हैं। आरोपी फरहान पुलिसवालों से बोला- सूर्या को मारने के लिए मैंने चाकू दिया था गिरफ्तार आरोपी फरहान ने पुलिस की पूछताछ में बताया- मेरी अतीक, सारिक, असद और सूर्या के साथ दोस्ती थी। 28 मई की दोपहर करीब 3 बजे बाइक चलाने को लेकर असद का सूर्या के साथ झगड़ा हो गया था। असद ने ये बात अपने पिता नवाब और मुझे बताई थी। तब हमने सूर्या को सबक सिखाने की योजना बनाई और आधे घंटे बाद साढ़े तीन बजे सूर्य को नवनीत विहार गली नंबर 4 में घेर लिया। मैंने असद को चाकू दिया और असद के पिता ने कहा कि आज इसकी कहानी खत्म कर दे। तभी असद ने सूर्या के पेट में चाकू घोप दिया। जब सूर्या लहूलुहान होकर गिर पड़ा तो हम सभी उसे मरा समझकर वहां से चले गए थे। अब बात सियासत की… सपा प्रवक्ता बोले- असद की बहन से था सूर्या का संबंध —————————- ये खबर भी पढ़िए- गाजियाबाद में छात्र की हत्या के आरोपी असद का एनकाउंटर: पिता भी गिरफ्तार, बोला था- बकरीद पर सूर्या की कहानी खत्म कर दो गाजियाबाद में 11वीं के छात्र सूर्या चौहान की हत्या का मुख्य आरोपी असद (19) एनकाउंटर में मारा गया। वह शहर छोड़कर भागने की फिराक में था। रविवार तड़के 4 बजे पुलिस ने घेरा तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में असद ढेर हो गया। पुलिस ने शनिवार को ही उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया था। मुठभेड़ शहर के वसुंधरा इलाके में हुई। पढ़ें पूरी खबर…