प्रदेश के 9 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट:फर्रुखाबाद प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, तापमान 42°C; नौतपा में 6°C गिरा पारा

यूपी में जून की शुरुआत गर्मी से राहत लेकर आई। नौतपा के दौरान प्रदेश के कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि हुई। इससे तापमान करीब 6°C तक गिर गया। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 9 जिलों आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर शामिल हैं। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 2 से 3 दिनों में केरल पहुंच सकता है। पहले 26 मई को मानसून पहुंचने का अनुमान लगाया गया था। मानसून सामान्य तौर पर 1 जून के आसपास केरल पहुंचता है और अगले डेढ़ महीने में पूरे देश को कवर करता है। वहीं सोमवार सुबह लखनऊ, आगरा समेत 25 से ज्यादा जिलों में बादल छाए रहे। धीरे-धीरे धूप निकल आई। हालांकि, हवा में नमी की वजह से गर्मी से राहत है। झांसी और ललितपुर में तेज बारिश हुई। संभल में धूलभरी आंधी चली। 50 से ज्यादा पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए। देवरिया में बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सुल्तानपुर में 14.8 मिमी, फतेहपुर में 7.3 मिमी, अमेठी में 6.6 मिमी, आजमगढ़ में 3.8 मिमी, हरदोई में 1.6 मिमी और झांसी में 1.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। फर्रुखाबाद प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। अधिकतम तापमान 42°C दर्ज किया गया। लखनऊ के मौसम के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव लगातार कमजोर हो रहा है। इसके कारण अगले चार दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की जा सकती है।बीते कुछ दिनों से सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश देखने को मिली, लेकिन अब इन गतिविधियों में कमी आएगी। यूपी के मौसम की पल-पल अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…