‘गोरखपुर के चिलुआताल में 20 मेगावाट बिजली बनेगी’:CM योगी बोले- पहले तालाबों पर होते थे कब्जे, अब हो रहा सौंदर्यीकरण

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार शाम चिलुआताल पिकनिक स्पॉट का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा- पहले की सरकारों में तालाबों और पोखरों पर कब्जा कर लिया जाता था। बाद में वहां अवैध रूप से इमारतें बना दी जाती थीं, लेकिन अब सरकार तालाबों और पोखरों को बचाने के साथ उनका सौंदर्यीकरण करा रही है। सीएम योगी ने कहा- चिलुआताल के विकास का पहला चरण शुरू हो चुका है। इसके लिए आगे भी कई योजनाएं बनाई जाएंगी। चिलुआताल को रामगढ़ताल की तरह विकसित कर आकर्षक पर्यटन स्थल बनाया जाएगा। यहां कोल इंडिया के सहयोग से फ्लोटिंग सोलर प्लांट भी लगाया जा रहा है। इस प्लांट से 20 मेगावाट बिजली पैदा होगी। देखिए 2 तस्वीरें.. अब पढ़िए सीएम योगी की बड़ी बातें… रामगढ़ताल में सीवरेज का पानी जाता था मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- अब तक हमारे पास ईको-टूरिज्म का एकमात्र केंद्र रामगढ़ताल था। रामगढ़ताल का जल पूरी तरह प्राकृतिक नहीं था, क्योंकि उसमें शहर का सीवरेज भी जाता था। उसकी सफाई और ट्रीटमेंट के जरिए वहां जल की व्यवस्था की गई। लेकिन चिलुआताल का जल पूरी तरह प्राकृतिक है। यहां सुंदरीकरण का कार्य शुरू हो चुका है। साल 2020-21 में इसकी डिसिल्टिंग भी कराई गई थी। पिछली सरकारों के दौरान तालाबों और पोखरों पर कब्जे होते थे और उन्हें नष्ट किया जाता था। लोग उन्हें अपनी बपौती समझकर कब्जा कर लेते थे, वहां अवैध निर्माण कर लेते थे या फिर वे गंदगी और अपराध के केंद्र बन जाते थे। डबल इंजन की सरकार में तालाबों और पोखरों पर कब्जा नहीं होने दिया जाता, बल्कि उनका संरक्षण किया जाता है। उन्हें पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कर पर्यटकों और कलाकारों को मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। राष्ट्रीय रोइंग में 243 खिलाड़ी शामिल हुए थे मुख्यमंत्री ने कहा- हाल ही में रामगढ़ताल में राष्ट्रीय रोइंग प्रतियोगिता आयोजित हुई थी, जिसमें 22 राज्यों के 243 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। रामगढ़ताल जैसी बड़ी झील हमें कहीं और देखने को नहीं मिलती। उसी तरह यहां भी वाटर स्पोर्ट्स की अपार संभावनाएं हैं। इस पूरी झील से आने वाली ठंडी हवा शहर के तापमान को नियंत्रित रखने में मदद करती है और यही वास्तविक सिटी डेवलपमेंट प्लान होता है। हमारा शहर केवल स्मार्ट नहीं रहेगा, बल्कि स्मार्ट सिटी, सेफ सिटी और सस्टेनेबल सिटी के रूप में आगे बढ़ेगा। 6 साल पहले तक फर्टिलाइजर कारखाना बंद था
मुख्यमंत्री ने कहा- 6 साल पहले तक फर्टिलाइजर कारखाना बंद पड़ा था। साल 1990 से यहां की सभी गतिविधियां ठप थीं। बीच में एसएसबी यहां आ गई, नहीं तो यहां का स्क्रैप भी गायब हो जाता। आज यहां एसएसबी, फर्टिलाइजर कारखाना, सैनिक स्कूल और केंद्रीय विद्यालय मौजूद हैं। केंद्रीय विद्यालय के भवन निर्माण के लिए भी धन स्वीकृत हो चुका है। विकास की यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी, लेकिन इसमें शहरवासियों की भागीदारी भी जरूरी है। डबल इंजन की सरकार निर्माण कार्य कर सकती है, लेकिन नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। शहर के विकास में सभी को योगदान देना होगा। गंदगी नहीं करनी है, सरकारी संपत्तियों को नुकसान नहीं पहुंचाना है। यदि कोई स्वार्थी व्यक्ति सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी करनी होगी। रामगढ़ताल में एक सफाई अभियान के दौरान 56 बैग प्लास्टिक कचरा मिला था। इसलिए ‘प्लास्टिक मुक्त, स्वच्छ, हरित और सुरक्षित गोरखपुर’ के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ना होगा। 5 जून को पौधरोपण किया जाएगा
मुख्यमंत्री ने कहा- 5 जून से 21 जून तक प्रधानमंत्री के रूप में 12 साल पूरे होने के अवसर पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान विश्व पर्यावरण दिवस से लेकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक संचालित होगा। 5 जून को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया जाएगा। वन विभाग पौधे उपलब्ध कराएगा, जबकि नगर निगम और जीडीए इसमें सहयोग करेंगे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि 4 जून को भाजपा, नगर निगम और जीडीए की ओर से सफाई अभियान चलाया जाए। रामगढ़ताल और चिलुआताल के किनारे जनप्रतिनिधियों और पार्षदों की भागीदारी से बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इसका लाभ उठा सकें। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रामगढ़ताल और चिलुआताल के किनारे विशेष योग शिविर आयोजित किए जाएं। साथ ही योग प्रशिक्षण शिविर भी लगाए जाएं और प्रशासन सभी लोगों के सहयोग से इन कार्यक्रमों के सफल आयोजन को सुनिश्चित करे। चिलुआताल पर फिल्मों की शूटिंग होगी इससे पहले गोरखपुर के सांसद रविकिशन शुक्ला ने कहा- पिछली सरकारों ने इस तालाब को लावारिस छोड़ दिया था, लेकिन डबल इंजन सरकार में अब इसकी तस्वीर बदल रही है। कोल इंडिया के 134 करोड़ रुपये के निवेश से यहां फ्लोटिंग सोलर प्लांट लगाया जाएगा, जिससे 20 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा। आने वाले समय में यहां फिल्मों की शूटिंग होगी और यह नया पर्यटन केंद्र बनेगा। अब युवाओं को रोजगार के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि अवसर यहीं तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा- जब घर में झगड़ा हो जाए, झोंटा-झोंटी की नौबत आ जाए, तो यहां आ जाइए। इस दौरान उन्होंने चिलुआताल पर भोजपुरी कविता सुनाकर जल संरक्षण और विकास का संदेश भी दिया। पढ़िए रविकिशन की कविता
जान ल ई चिलुआताल हमार बा गोरखपुर के श्रृंगार बा
हरियर हरियर किनारा देखीं, सपना जैसन संसार बा
पानी चमके सूरज जइसन, लहरें बोले प्यार से
गांव-गांव में खुशहाली आइल, जुड़ल बा विकास के धार से
आवा मिलकर कसम उठाई, किरिया खाई ताल के रखब साफ हम
जल संरक्षण के संदेशा घर-घर पहुंचाई आज हम
चिलुआताल के नाम गूंजे पूरे पूर्वांचल में आज
प्रगति और समृद्धि, आज बन गईल समृद्ध उत्तर प्रदेश महापौर बोले- हम Gen-Z लोग हैं
वहीं, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा- रविकिशन अक्सर मजाक में कहते थे कि विकास सिर्फ उनकी तरफ ही हो रहा है। लेकिन आज महानगर के उत्तरी क्षेत्र में उससे भी बेहतर पिकनिक स्पॉट विकसित हो रहा है। वह हमेशा मेरी उम्र को लेकर भी टिप्पणी करते हैं। इनके सामने हम जेन-जी हैं, लेकिन बांग्लादेश और नेपाल वाले नहीं। हम पूरी सक्रियता और ऊर्जा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे। इस पर रविकिशन ने भी चुटकी लेते हुए जवाब दिया- मेयर साहब तो सदियों से चले आ रहे हैं। ——————— यह खबर भी पढ़ें- विराट कोहली IPL जीतने के बाद प्रेमानंदजी से मिलने पहुंचे:पत्नी अनुष्का भी साथ थीं; वृंदावन आश्रम में दोनों नंगे पैर चलते नजर आए IPL जीतने के बाद क्रिकेटर विराट कोहली और पत्नी अनुष्का शर्मा ने वृंदावन में संत प्रेमानंद के दर्शन किए। दोनों मंगलवार सुबह 7 बजे केली कुंज आश्रम पहुंचे। चेहरे पर मास्क लगाकर कार से उतरे और नंगे पांव आश्रम के अंदर गए। यहां पढ़ें पूरी खबर