गाजीपुर में एनकाउंटर के बाद पुलिस पर पथराव:दौड़ा-दौड़ाकर चारों तरफ से पत्थर मारे, कई घायल; शव रखकर प्रदर्शन

गाजीपुर में कमलेश बिंद के एनकाउंटर के बाद पुलिस टीम पर पथराव हुआ है। लोगों ने दौड़ा-दौड़ाकर चारों तरफ से पत्थर मारे। पुलिस वालों को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। मौके पर 6 थानों का फोर्स मौजूद है कई और थानों का फोर्स बुलाया गया है। सीओ शेखर सेंगर, एसएचओ प्रमोद सिंह के अलावा कई महिला और पुरुष कांस्टेबल घायल हुए हैं। सीओ के ड्राइवर शशिकांत पांडेय की स्मार्ट वॉच टूट गई है और पीठ और कंधे पर चोट आई है। एक कांस्टेबल को पैर पर गंभीर चोट आई है। दरअसल, बुधवार रात पुलिस ने होटल कारोबारी विनीत राय की हत्या के आरोपी कमलेश बिंद का एनकाउंटर किया था। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। इसके बाद पुलिस की टीम लाश लेकर मृतक के गांव पहुंची और परिजनों के सुपुर्द कर दी। परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए घर से करीब 5 किमी दूर श्मशान ले जा रहे थे। 500 मीटर दूर फुल्लपुर रेलवे क्रॉसिंग पर परिजनों ने लाश रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब 400 लोगों की भीड़ मौके पर थी। जानकारी पाकर सीओ शेखर सेंगर, थानाध्यक्ष सदर कोतवाली प्रमोद सिंह के साथ करीब 50 महिला-पुरुष पुलिसकर्मी पहुंचे। पुलिस ने शव को हटाना चाहा तो लोग विरोध पर उतर आए। पुलिस से धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिसकर्मी खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागे। कई लोगों ने बैंक में छिपकर जान बचाई। पुलिस ने किसी तरह से शव को लोगों के बीच से कब्जे में लिया। शव को पिकअप में रखते समय भी परिवार की महिलाओं और महिला पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कड़ी मशक्कत से पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और श्मसान घाट ले गए। उनके साथ घर के 3 से 4 लोग भी गए हैं। श्मसान घाट पर भी पुलिस तैनात की गई है। घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए… खबर अपडेट हो रही है…