बरेली में पूर्व पार्षद और प्रतिष्ठित व्यापारी सूर्य प्रकाश गुप्ता की छत से गिरकर मौत हो गई। मृतक के बेटे ने अपने सगे चाचा और उनके बेटों पर हत्या का आरोप लगाया है। बेटे ने कहा- ये कोई हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी हत्या है। उन लोगों ने मकान के विवाद में मेरे पापा को दूसरी मंजिल की छत से धक्का दे दिया, जिससे उनकी जान चली गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामला किला थाना क्षेत्र के गढ़ी इलाके का है। सिविल लाइंस में कपड़े का कारोबार और किला में मेडिकल स्टोर मृतक सूर्य प्रकाश गुप्ता बरेली के एक जाने-माने व्यवसायी थे। उनका शहर के पॉश इलाके सिविल लाइंस में कपड़े का बड़ा शोरूम है। इसके साथ ही किला इलाके में उनका एक मेडिकल स्टोर भी चलता है। सूर्य प्रकाश के दो भाई हैं। दूसरे नंबर पर चंद्रप्रकाश गुप्ता हैं। जोकि भाजपा से पार्षद हैं और सबसे छोटा भाई विष्णु गुप्ता है। सभी अपने परिवार के साथ एक ही घर में रहते हैं। लेकिन सबके पोर्शन का एंट्रेस अलग-अलग है। सूर्य प्रकाश के दो बेटे प्रांशू और अंशू हैं। करीब एक साल पहले ही सूर्य प्रकाश गुप्ता ने बड़े बेटे प्रांशू की शादी धूमधाम से की थी। मेरे पापा को परेशान कर रहे थे- बेटे का दर्द सूर्य प्रकाश के छोटे बेटे अंशु गुप्ता ने घटना की पूरी आपबीती बताते हुए कहा कि मकान को लेकर पिछले दो महीनों से मेरे पापा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आज सुबह करीब 11 बजे मेरे चाचा विष्णु और अन्य लोग घर पर लड़ने के लिए आए थे। बात इतनी बढ़ गई कि उन लोगों ने पहले नीचे मारपीट की, फिर वे ऊपर दूसरी मंजिल तक आ गए। फिर उन लोगों ने मेरे पापा को छत से नीचे फेंक दिया। आनन-फानन में हम उन्हें पास के एक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ‘योगी जी कहते हैं इंसाफ मिलेगा, तो मुझे भी इंसाफ चाहिए अंशु गुप्ता ने रोते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। अंशु ने साफ तौर पर कहा कि “सुबह 11 बजे ये लोग लड़ने आ गए। नीचे से लेकर ऊपर तक आकर इन्होंने मारा और धक्का दे दिया। दो महीने से मेरे पापा को परेशान कर रखा था। योगी जी कहते हैं कि सबको इंसाफ मिलेगा, तो मुझे भी इंसाफ चाहिए। मेरी मांग है कि बुलडोजर से इनके पीछे का मकान गिराया जाए और तीनों आरोपियों- विष्णु और उनके बेटों का एनकाउंटर हो।” भारी पुलिस बल तैनात, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा वारदात की सूचना मिलते ही किला थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पीड़ित के घर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पीड़ित परिवार की तरफ से किला थाने में नामजद तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। —————————- ये खबर भी पढ़िए- 4 लाशों के साथ 12 घंटे रहा हत्यारोपी दोस्त, रातभर सबूत मिटाए, शवों को रजाई ओढ़ाई; बेटे ने बाप के सिर की 10 हडि्डयां तोड़ी थीं प्रयागराज में करोड़पति कारोबारी के परिवार के 4 लोगों की हत्या करने वाला सनी गुप्ता शातिर है। हत्या करने के बाद वह करीब 12 घंटे तक आराम से 4 लाशों के बीच रहा। इस दौरान वह सबूत मिटाने की पूरी कोशिश करता रहा। पढ़ें पूरी खबर