यूपी में मानसून लेट, अब 24 जून तक पहुंचेगा:बारिश थमने से गर्मी बढ़ी, पारा 42.5°C; 24 घंटे में 5-6°C उछलेगा तापमान

यूपी में 2 हफ्ते से जारी आंधी-बारिश का सिलसिला थमने गर्मी बढ़ने लगी है। रविवार को सभी 75 जिलों में मौसम साफ है। तेज धूप निकली है। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने से बारिश के कोई आसार नहीं हैं। 24 घंटे में पारा 5°C-6°C उछलकर 47°C-48°C तक पहुंच सकता है। 9 जून से 3 दिन हीटवेव (लू) चलेगी। 11 जून के बाद प्री-मानसून बारिश का सिलसिला शुरू होगा। तभी गर्मी से राहत मिलनी शुरू होगी। IMD के मुताबिक, यूपी इस बार मानसून 4 से 6 दिन लेट हो गया है। इसके 24 जून तक प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है। आने के बाद 10 दिनों में मानसून पूरे यूपी पर छा जाएगा। मानसून आमतौर पर 18-20 जून के बीच यूपी पहुंचता है। इससे पहले, शनिवार को वाराणसी, कौशांबी, मऊ, बलिया और गाजीपुर में जोरदार बारिश हुई। बिजली कड़की। 50 की रफ्तार से हवाएं चलीं। गोरखपुर में भी धूलभरी आंधी के बाद लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। अमेठी में मिट्‌टी की दीवार ढहने से मां-बेटी की मौत हो गई। बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। शनिवार को झांसी 42.5°C के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। बांदा में 42.2°C, जालौन में 41.4°C, फतेहपुर में 41.4°C और वाराणसी में 41.2°C रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान की बात करें तो आजमगढ़ में रात का पारा सबसे कम 20°C दर्ज किया गया। वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- यूपी में आंधी-तूफान और बारिश के सारे सिस्टम खत्म हो गए हैं। फिलहाल मौसम के शुष्क रहने की संभावना है। प्री- मानसून बारिश तक भीषण गर्मी पड़ेगी। लू के हालात बनेंगे। मानसून 24 जून तक गोरखपुर के रास्ते प्रदेश में एंट्री कर सकता है। आसार ऐसे हैं कि 20 से 25 दिन में मानसून कमजोर भी पड़ जाएगा।
अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम? जानिए 7 जून: प्रदेशभर में हल्की बारिश की संभावना है। बीच-बीच में तेज धूप निकलेगी, जिससे उमस बढ़ सकती है। 8 जून: पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। तेज धूप निकलेगी। बारिश की कोई संभावना नहीं है। 9 जून: प्रदेशभर के ज्यादातर जिलों में तेज धूप निकलेगी। 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। इससे उमस से राहत मिलेगी। इन जिलों में बारिश संग 60-70 KM की रफ्तार से चलेगी हवा
सहारनपुर, शामती, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ,गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल यूपी में नौपता इस बार नहीं तपा, 10°C तक गिरा पारा
नौतपा की बात करें तो यूपी में इस बार यह बेअसर रहा। प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और ओले गिरने से तापमान करीब 10°C तक लुढ़क गया। नौपता के पहले दिन यानी 25 मई को पारा 47.6°C तक पहुंचा था, जो गिरकर 38°C तक आ गया। हालांकि, अब पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने लगा है। इससे फिर से गर्मी बढ़ेगी। पारा 45°C के पार पहुंचेगा। यूपी में मानसून में कम बारिश होगी, वजह जानिए
जून से सितंबर के बीच उत्तर प्रदेश में भी सामान्य से कम बारिश होने की आशंका है। मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक डॉ. एम महापात्रा ने बताया कि इस साल प्रशांत महासागर में ला नीना जैसी स्थितियां खत्म होकर अल नीनो की ओर बढ़ने के संकेत हैं। जो कम वर्षा का कारण बनेगी। यानी इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून के सामान्य से कमजोर रहने के संकेत हैं। साथ ही इस साल जनवरी-मार्च में उत्तरी गोलार्ध में बनी कम बर्फ भी मानसून को प्रभावित कर सकती है। पिछले साल 10 से 15% ज्यादा बरसा था मानसून
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 2025 के मानसून सीजन (जून से सितंबर) के दौरान औसतन 870 से 900 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। यह सामान्य मानसूनी औसत से करीब 10 से 15 प्रतिशत अधिक रही।