यूपी के 14 जिलों में आज आंधी-बिजली गिरने की चेतावनी:बांदा-झांसी सबसे गर्म, पारा 43 डिग्री पार; कानपुर जू में बाघिन वाटर पूल में मस्ती कर रही

यूपी में आज मंगलवार को भी आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। पश्चिम के 14 जिलों में 60 की रफ्तार में आंधी, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है। रविवार को प्रदेश के 16 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। तेज धूप और तपिश के कारण दिन में लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया, जबकि कई शहरों में लू जैसे हालात महसूस किए गए। बांदा और झांसी प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर जू में बाघिन वाटर पूल में घंटों बैठकर मस्ती करती रही, बाघ को पानी की बौछारों से नहलाया गया। हिरण भी वाटर स्प्रिंकलर के लिए खड़े होकर गर्मी से राहत पाने की कोशिश में लगे रहे। रविवार तड़के महाराजगंज में मूसलाधार बारिश हुई। तेज हवा के साथ करीब डेढ़ घंटे तक बारिश होती रही। बादल गरजने के साथ बिजली भी कड़की। खेतों में लबालब पानी भर गया। मथुरा में शाम को अचानक मौसम बदला। धूल भरी आंधी चली और बादल छाए। रविवार की 3 तस्वीरें देखिए- लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- मंगलवार को पश्चिम यूपी के कुछ जिलों में आंधी और गरज-चमक की संभावना है। बाकी जिलों में मौसम के शुष्क (साफ) रहने की संभावना है। हालांकि प्री-मानसून बारिश तक भीषण गर्मी पड़ेगी। लू के हालात बनेंगे। मानसून 24 जून तक गोरखपुर के रास्ते प्रदेश में एंट्री कर सकता है। आसार ऐसे हैं कि 20 से 25 दिन में मानसून कमजोर भी पड़ जाएगा। कानपुर जू में बाघिन वाटर पूल में मस्ती करती रही भीषण गर्मी का असर कानपुर जू में जानवरों पर भी देखने को मिला। बाघ और बाघिन को राहत देने के लिए जू प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए। जूकीपर बाघ पर पानी की बौछार करते नजर आए, जबकि सफेद बाघिन और अन्य बाघिनें वाटर पूल में मस्ती करते दिखे। घंटों वाटर पूल से बाहर नहीं निकलीं। कुछ बाघ पेड़ों की छांव में आराम करते दिखाई दिए, ताकि तेज धूप से बच सकें। कानपुर जू की 5 तस्वीरें देखिए- खुद को ठंडा रखने के लिए वाटर स्प्रिंकलर के पास जुटे हिरन बढ़ते तापमान के बीच कानपुर जू में हिरनों के लिए भी राहत के इंतजाम किए गए। वाटर स्प्रिंकलर के आसपास हिरनों का झुंड ठंडक पाने के लिए जमा दिखाई दिया। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण जानवरों की गतिविधियों में भी बदलाव देखा गया और अधिकांश वन्यजीव छांव या पानी के आसपास समय बिताते रहे। 11 जून के बाद प्री-मानसून बारिश शुरू होगी IMD के मुताबिक, 9 जून से 3 दिन हीटवेव (लू) चलेगी। 11 जून के बाद प्री-मानसून बारिश का सिलसिला शुरू होगा। इस बार यूपी में मानसून 4 से 6 दिन लेट पहुंच सकता है। इसके 24 जून तक यूपी में प्रवेश करने की संभावना है। बांदा और झांसी रहे सबसे गर्म रविवार को बांदा और झांसी प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रयागराज में 42.8 डिग्री, जबकि कानपुर और फर्रुखाबाद में 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। बुंदेलखंड और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के जिलों में चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल रखा। अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम? जानिए- यूपी में जून से सितंबर के बीच 8% बारिश कम होगी सीनियर साइंटिस्ट अतुल सिंह बताते हैं- इस साल यूपी समेत पूरे देश में सामान्य से कम बारिश का अनुमान है। आमतौर पर यूपी में जून से सितंबर के बीच करीब 820 से 840 मिलीमीटर बारिश होती है। लेकिन, इस साल 8% कम यानी लगभग 754 से 773 मिलीमीटर तक ही पानी बरसेगा। यूपी में मानसून में कम बारिश की संभावना की वजह जानिए मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक डॉ. एम महापात्रा ने बताया कि इस साल प्रशांत महासागर में ला नीना जैसी स्थितियां खत्म होकर अल नीनो की ओर बढ़ने के संकेत हैं। जो कम वर्षा का कारण बनेगी। यानी इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून के सामान्य से कमजोर रहने के संकेत हैं। साथ ही इस साल जनवरी-मार्च में उत्तरी गोलार्ध में बनी कम बर्फ भी मानसून को प्रभावित कर सकती है। खेती-किसानी पर होगा असर, महंगाई बढ़ेगी पिछले साल 10 से 15% ज्यादा बरसा था मानसून मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 2025 के मानसून सीजन (जून से सितंबर) के दौरान औसतन 870 से 900 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। यह सामान्य मानसूनी औसत से करीब 10 से 15 प्रतिशत अधिक रही।