यूपी सिपाही भर्ती: पहले दिन 2.39 लाख ने छोड़ी परीक्षा:मोबाइल के साथ दो नकलची पकड़े गए, बाराबंकी में एग्जाम देने आई लड़की की हादसे में मौत

यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के पहले दिन सोमवार को 32,679 पदों के लिए परीक्षा हुई। दो पालियों में 9.62 लाख अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, लेकिन 7.23 लाख ही परीक्षा देने पहुंचे। करीब 2.39 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। हापुड़ में एक अभ्यर्थी के पास मोबाइल फोन मिला। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में लापरवाही मिलने पर दो दरोगा समेत 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। गोरखपुर में भी एक अभ्यर्थी मोबाइल के साथ पकड़ा गया। पेपर लीक और गड़बड़ी फैलाने की सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले लखनऊ के दो और आजमगढ़ के एक इंस्टाग्राम यूजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इससे पहले, अभ्यर्थियों को कड़ी चेकिंग के बाद एग्जाम हॉल में एंट्री दी गई। एडमिट कार्ड, बायोमेट्रिक मिलान और रेटिना स्कैन किया गया। झांसी में अभ्यर्थियों के जूते-मोजे उतरवाए गए। सहारनपुर में सोने की चेन और चश्मे भी उतरवा लिए गए। जौनपुर में महिलाओं के जूड़े खुलवाकर चेकिंग की गई। कानपुर में जिन अभ्यर्थियों की दाढ़ी और सिर के बाल बड़े थे, उनके बालों और दाढ़ी की भी चेकिंग की गई। वहीं, बाराबंकी में परीक्षा देकर लौट रही एक युवती की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। तीन दिनों (8, 9 और 10 जून) में 28 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रदेश के सभी 75 जिलों में कुल 1183 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसी बीच, सीएम योगी ने अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में किराए पर 50% छूट का ऐलान किया है। इसके लिए प्रवेश पत्र दिखाना होगा। 4 तस्वीरें देखिए… सिपाही भर्ती के बारे में जानिए परीक्षा की पल-पल की अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…