यूपी की बड़ी खबरें:बिजली उपभोक्ताओं को सिक्योरिटी राशि पर मिलेगा 6.50% ब्याज, साढ़े 3 करोड़ लोगों को फायदा

बिजली बिल में ईंधन अधिभार को लेकर चल रहे विरोध के बीच उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। यूपी के बिजली उपभोक्ताओं को अपनी जमा सिक्योरिटी राशि पर 6.50 प्रतिशत ब्याज मिलेगा। इस फैसले से प्रदेश के करीब 3.73 करोड़ उपभोक्ताओं को फायदा होगा। अनुमान है कि उपभोक्ताओं को कुल करीब 300 करोड़ रुपए का ब्याज मिलेगा। जिन उपभोक्ताओं के जून महीने के बिल में ब्याज की राशि नहीं जुड़ पाएगी, उन्हें जुलाई के बिल में इसका लाभ दिया जाएगा। बिजली कंपनियों के बिलिंग सिस्टम से यह प्रक्रिया अपने आप की जा रही है। नियमों के अनुसार, उपभोक्ताओं को अपनी जमा सिक्योरिटी राशि पर हर साल ब्याज मिलना चाहिए। 1 अप्रैल 2025 की बैंक दर के आधार पर इस बार 6.50 प्रतिशत ब्याज तय किया गया है। राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने लोगों से अपील की है कि वे अपना बिजली बिल जरूर चेक करें। अगर ब्याज का लाभ नहीं दिख रहा है तो संबंधित बिजली कंपनी के अधिकारियों से शिकायत करें। यूपी के खनन विभाग में बड़ा बदलाव, पूरी लिस्ट पढ़िए उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए खनन विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। जारी नए आदेश के अनुसार, राज्य के कई जिलों के खनन अधिकारियों, सहायक भूवैज्ञानिकों और प्रवर्तन अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर दिया गया है। मुख्य रूप से खनन बाहुल्य जिलों में प्रशासनिक निगरानी और प्रवर्तन (enforcement) व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह सूची जारी की गई है। पूरी लिस्ट देखें शामली में पूर्व राज्यमंत्री के बेटे को मारी 2 गोली, 8 बदमाशों ने किया हमला सपा के पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रियासत राणा के बेटे को जमीन विवाद में बदमाशों ने फायरिंग कर दी। शामली में आरोपियों ने उनके पैर में दो गोली मारकर घायल कर दिया। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमला उस वक्त हुआ, जब रियासत राणा का बेटा बिलाल राणा अपने भांजे के साथ अपने खेत का मुआयना करने गया था। करीब 8 हमलावर खेत में पहले से घात लगाए बैठे थे। इसी 34 बीघा कृषि भूमि को लेकर पहले से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। पूरी खबर पढ़िए… कासगंज में ट्रैक्टर ने ऑटो को मारी टक्कर, दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत; 7 घायल अस्पताल में भर्ती
कासगंज में ट्रैक्टर ने सवारियों से भरे ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में 2 सगे भाइयों समेत 3 की मौत हो गई। वहीं, 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा ढोलना कोतवाली के भरसौली जंगल के पास हुआ। हादसा तब हुआ जब ईंटों से भरा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर सवारियों से भरे ऑटो से टकरा गया। ऑटो में सवार सभी लोग अलीगढ़ जिले के थाना बरला के अलखपुर गांव के रहने वाले थे। पढ़ें पूरी खबर…

कुशीनगर में बस-ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 8 लोग घायल; ट्रक ड्राइवर केबिन में फंसा कुशीनगर में शुक्रवार की शाम एक बस और ट्रक की आमने सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के ड्राइवर समेत 8 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का ड्राइवर केबिन में ही फंस गया। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फाजिलनगर कस्बे के पास सर्विस लेन पर बस रॉन्ग साइड से आ रही थी। यह बस पानीपत से पश्चिम बंगाल जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। पढ़ें पूरी खबर

सोनभद्र में एक तरफा प्यार में युवती ने किया सुसाइड: फंदे में फंसा मिला सुसाइड लेटर और प्रेमी की फोटो सोनभद्र में महुआ के पड़े से युवती फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फंदे से सुसाइड लेटर के साथ प्रेमी की फोटो फंसी हुई मिली। पेड़ के नीचे युवती का मोबाइल फोन पड़ा मिला, जिसकी बैटरी निकली हुई थी। वहीं चप्पल, गुल मंजन की डिब्बी और मोबाइल के पास टूटा हुआ सिम कार्ड पड़ा मिला। परिजनों के अनुसार, घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित बागीचे में महुआ का फल (डोरी) बीनने गई थी। सुबह करीब छह बजे कुछ बच्चे भी महुआ बीनने वहां पहुंचे। बच्चों ने पेड़ पर युवती का शव लटका देखा तो घबराकर शोर मचा दिया। जिसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से कई सभी साक्ष्य जमा किए। घटना जिला मुख्यालय से 120 किलोमीटर दूर बभनी थाना क्षेत्र की है। पढ़ें पूरी खबर सीएम योगी ने दिल्ली में पीएम मोदी से की मुलाकात, सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बनने पर दी बधाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए पोस्ट किया। “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।” इससे एक दिन पहले बुधवार को एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का नया कीर्तिमान स्थापित करने पर बधाई दी थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा- 145 करोड़ भारतीयों की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए पूर्ण समर्पित तथा ‘अमृतकाल’ के सारथी आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई।” उन्होंने कहा- भारतीय लोकतंत्र का यह अभूतपूर्व पड़ाव पूरे राष्ट्र के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद की सामूहिक अभिव्यक्ति है। इतिहास में विरले ही ऐसा नेतृत्व देखने को मिलता है, जो केवल सरकार का नहीं, बल्कि एक युग की चेतना का प्रतिनिधित्व करता हो। यह सम्मान आपके समर्पण, त्याग, दूरदर्शिता और राष्ट्रनिष्ठा को समर्पित है, जिसने करोड़ों देशवासियों को ‘विकसित भारत’ के संकल्प से जोड़ा है।” योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा- मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि राष्ट्रसेवा का आपका यह अविराम अभियान भारत की प्रगति, प्रतिष्ठा और पराक्रम की नई गाथाएं लिखता रहे। बंदी से मारपीट पर कानपुर के डिप्टी जेलर और हेड वार्डर सस्पेंड:सुपरिटेंडेंट ने कहा- जेल यातना गृह नहीं कानपुर जेल में बंदी के साथ मारपीट किए जाने के मामले में विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए डिप्टी जेलर और जेल हेड वार्डर को सस्पेंड कर दिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीजी जेल प्रेमचंद्र मीणा ने दोनों के खिलाफ यह कार्रवाई की है। जिस बंदी के साथ मारपीट की ये घटना हुई है उसे पिछले महीने ही फतेहपुर जनपद से प्रशासनिक आधार पर कानपुर जेल लाया गया था। जेल सुपरिटेंडेंट राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि बंदी सिराज को पिछले महीने प्रशासनिक आधार पर फतेहपुर जिला कारागार से ट्रांसफर कर कानपुर जेल भेजा गया था। आरोप है कि बुधवार को डिप्टी जेलर राजेंद्र कुमार मिश्रा और जेल हेड वार्डर श्याम किशोर तिवारी ने बंदी सिराज के साथ गाली गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं उनसे इस पूरी घटना को छिपाया गया, जिसकी जानकारी उन्हें अन्य कर्मचारियों से मिली। घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने मामले की जांच कराई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। इस पर जेल सुपरिटेंडेंट राजेश कुमार पांडेय ने पूरे प्रकरण की जानकारी डीजी जेल प्रेमचंद्र मीणा को दी। पढ़िए पूरी खबर वाराणसी में GST अधिकारी के घर चोरी करने वाले अरेस्ट,फायरिंग कर भाग रहे थे, एक के पैर में गोली वाराणसी में GST अधिकारी के घर करोड़ों की चोरी करने वाले दो बदमाशों से पुलिस से मुठभेड़ हो गई। शिवपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुई मुठभेड़ में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाशों ने पुलिस की घेराबंदी तोड़ने के लिए फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाई। गोली एक आरोपी के पैर में लग गई। जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे दबोच लिया। जबकि दूसरा आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन एसओजी टीम ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। दोनों का नाम हाल ही में जीएसटी अधिकारी के घर हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में सामने आया था। यहां पढ़ें पूरी खबर एग्जामपुर के संस्थापक विवेक सर हिरासत में, टूंडला जंक्शन पर पुलिस ने ट्रेन से उतारा फिरोजाबाद में एग्जामपुर के संस्थापक विवेक कुमार उर्फ विवेक सर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वह तेजस एक्सप्रेस से लखनऊ जा रहे थे, जहां पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं को लेकर विरोध प्रदर्शन होने वाला है। गुरुवार की शाम 6 बजे टूंडला जंक्शन पर तेजस एक्सप्रेस पहुंची। इसी ट्रेन से विवेक सर लखनऊ जा रहे थे। पुलिस ने उन्हे नीचे उतार लिया और अपने साथ ले गई। पढ़ें पूरी खबर… बिजनौर में बासी छेना खाने से 2 साल के बच्चे की मौत, 4 साल की बहन की हालत गंभीर
बिजनौर में 8 दिन पुराना छेना खाने से 2 साल के मासूम बच्चे देव कुमार की मौत हो गई। उसकी 4 साल की बहन पल्लवी की हालत गंभीर है और वो अस्पताल में भर्ती है। मां अपनी बहन की शादी से बची मिठाई लेकर आई थी। वही मिठाई बच्चों को खिला दी और पड़ोसियों में भी बांट दी। मिठाई खाते ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। फूड प्वाइजनिंग होते ही आसपास के 4 और लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की जानकारी मिलते ही सीओ आकांक्षा गौतम भी पुलिस के साथ गांव पहुंचीं और पीड़िचत परिवारों से बातचीत की। मामला नांगल थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर.…