अलीगढ़ में शुक्रवार सुबह रोडवेज बस चला रहे ड्राइवर की कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। ड्राइवर की तबीयत बिगड़ते ही बस बेकाबू होकर दूसरी लेन में जाने लगी, तभी बस में सवार एक पूर्व आर्मी मैन ने सूझबूझ दिखाते हुए स्टेयरिंग संभाल ली। यात्रियों ने ड्राइवर को बस से उतारकर CPR देने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ड्राइवर को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मथुरा के गोवर्धन निवासी गणेश (45) पुत्र चेतराम के रूप में हुई है। घटना गोरई थाना क्षेत्र की है। 13 सालों से संविदा पर ड्राइवर थे गणेश गणेश पिछले 13 सालों से मथुरा डिपो में संविदा ड्राइवर के रूप में तैनात थे। उनके परिवार में पत्नी, 14 साल की बेटी नीलम और दो बेटे हैं। मथुरा डिपो के एआरएम मदन मोहन शर्मा ने बताया- शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे रोडवेज बस (यूपी-78 केटी-3189) करीब 50 यात्रियों को लेकर मथुरा से अलीगढ़ जा रही थी। जैसे ही बस गोरई थाना क्षेत्र के बेसवां स्थित फोंदानगला गांव के पास पहुंची, ड्राइवर गणेश की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जब तक कंडक्टर और यात्री कुछ समझ पाते, बस बेकाबू होकर दूसरी लेन की ओर जाने लगी। तभी बस में सवार एक पूर्व आर्मी मैन ने तुरंत स्टेयरिंग संभाल ली। इसके बावजूद भी बस सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि खंभा टूट गया और बस आगे जाकर चबूतरे से टकरा कर रुक गई। वहां बंधी कुछ गायें भी घायल हो गईं। हालांकि, बस में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। डॉक्टर बोले- ड्राइवर को कार्डियक अरेस्ट आया हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। यात्रियों ने तुरंत चालक गणेश को बस से नीचे उतारा। CPR देकर उन्हें बचाने की कोशिश की। इसी बीच सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें मंगलायतन अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कार्डियक अरेस्ट से मौत की पुष्टि करते हुए उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद यात्रियों को दूसरी बस से उनके स्थान के लिए रवाना कर दिया गया। इगलास के उपजिलाधिकारी परितोष मिश्रा ने बताया- चालक की मौत कार्डियक अरेस्ट आने से हुई है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। —————– ये खबर भी पढ़िए- महिला सिपाही की चेन लूटने वाला बदमाश एनकाउंटर में ढेर:शामली पुलिस पर कार्बाइन से गोलियां बरसाईं, 12 किमी. पीछा करके मार गिराया शामली में शुक्रवार तड़के 5 बजे 50 हजार का इनामी बदमाश मेहताब एनकाउंटर में मारा गया। बदमाश किसान से मोबाइल लूटकर भाग रहा था। पुलिस ने 12 किमी तक पीछा कर उसे घेर लिया। खुद को घिरता देख उसने कार्बाइन से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश मारा गया। मुठभेड़ दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर कांधला थाना क्षेत्र में हुई। पूरी खबर पढ़िए…