रोडवेज बस के यात्रियों को कंटेनर ने रौंदा,5 की मौत:एटा में बस खराब होने पर बाहर खड़े थे पैसेंजर, सड़क पर फैले शव

एटा जिले के बागवाला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। हादसा किलर मऊ गांव के पास उस समय हुआ, जब खराब होकर सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस में पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के बाहर खड़े यात्री इसकी चपेट में आ गए । हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही बागवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। बस एटा से दिल्ली जा रही थी। हादसा गुरुवार देररात 11.30 बजे के आसपास हुआ। हादसे की सूचना पर डीएम अरविंद सिंह और एसएसपी डॉ. इलामारन जी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर और रोडवेज बस को हटवाकर यातायात बहाल कराया। हादसे की जांच की जा रही है। इनकी हुई मौत, एक की पहचान नहीं सतेंद्र (38), पुत्र राजकुमार, निवासी बुलंदशहर राजेश (34), पुत्र रामसिंह, निवासी दौलतपुर, नवाबगंज, फर्रुखाबाद सुखराम (30), पुत्र राजपाल, निवासी फर्रुखाबाद शैलेश (29), पुत्र जयराज, निवासी नवाबगंज, फर्रुखाबाद एक अज्ञात व्यक्ति महिलाएं-बच्चे और बुजुर्ग बस में बैठे रहे, इसलिए बच गए
हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवा थे। बस खराब होने के बाद वो बाहर आ गए और बस के पीछे खड़े हो गए। तेज रफ्तार कंटेनर आया और सभी को कुचलता हुआ निकल गया। शव और घायल सड़क से लेकर खेत तक में फैल गए। वहीं, महिलाएं-बच्चे और बुजुर्ग बस के अंदर ही बैठे रहे, इसलिए उन्हें कुछ नहीं हुआ। कंटेनर बस के पीछे राइट साइट टकराकर सड़क की दूसरी तरफ उतर गया।
ये हुए घायल आनंद (52) निवासी सेक्टर-34 नोएडा, विवेक (30), पूनम (32), विक्रांत (23) और सुमित निवासी नवाबगंज फर्रुखाबाद, नीतीश (30) निवासी आवास विकास कॉलोनी एटा, विशाल (15), रवी (17), यतेंद्र (27), दक्ष (10) निवासी मेरठ, रिशु (21) निवासी खलवारा फर्रुखाबाद तथा ब्रजेश (24) निवासी बचमई, अमांपुर (कासगंज) सहित कुल 12 लोग घायल हुए हैं। मृतक राजेश के भाई पवन कुमार ने बताया कि बस खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में उनके भाई की मौत हो गई। उनका छोटा भाई अवधेश और परिवार की दो बच्चियां दिल्ली जा रही थीं। डीएम बोले- आधी सड़क पर खड़ी थी बस डीएम अरविंद सिंह ने बताया कि बस खराब होने के कारण सड़क के किनारे खड़ी थी, लेकिन उसका कुछ हिस्सा सड़क पर था। इसी दौरान पीछे से आए कंटेनर ने बस में टक्कर मार दी, जिससे बाहर खड़े यात्री उसकी चपेट में आ गए। उन्होंने बताया कि घायलों का बेहतर इलाज कराया जा रहा है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।
——————-
ये खबर भी पढ़ें…
राममंदिर ट्रस्टी अनिल मिश्रा से बंद कमरे में पूछताछ:SIT ने गोपाल राव से भी सवाल पूछे, चढ़ावा चोरी के दो आरोपियों के घर बुलडोजर एक्शन की तैयारी
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच तेज हो गई है। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) गुरुवार दोपहर 2:30 बजे राम मंदिर पहुंची। ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा और आमंत्रित ट्रस्ट सदस्य गोपाल राव से शाम 7:30 बजे तक बंद कमरे में करीब 5 घंटे पूछताछ की। पूरी खबर पढ़ें…