12 जुलाई को यूपी में 35 करोड़ पौधे लगेंगे:मुख्यमंत्री गोरखपुर से करेंगे शुरुआत, ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम पर चलेगा अभियान

उत्तर प्रदेश में 12 जुलाई को एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर राज्य सरकार वृक्षारोपण महायज्ञ करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र में लिंक एक्सप्रेसवे के निकट पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत करेंगे। वन विभाग समेत 26 सरकारी विभागों और आमजन की भागीदारी से यह अभियान प्रदेशभर में चलाया जाएगा। इसकी जानकारी शुक्रवार को वन मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पर्यावरण, वन, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरुण कुमार सक्सेना ने दी। ‘एक पेड़ मां के नाम’ बनेगा अभियान का आधार राज्य मंत्री ने बताया कि इस वर्ष का पूरा अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम पर आधारित होगा। लगाए जाने वाले सभी पौधे माताओं के सम्मान और उनकी स्मृति को समर्पित होंगे। सरकार का उद्देश्य वृक्षारोपण को जन आंदोलन का स्वरूप देना है। इसके लिए सरकारी कर्मचारियों, विद्यार्थियों, किसानों, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनसीसी, एनएसएस, आईएमए, महिला एवं युवा संगठनों, व्यापार मंडलों और किसान उत्पादक संगठनों को अभियान से जोड़ा गया है। गांव से शहर तक हर क्षेत्र में होगा पौधरोपण अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत, नगर निकायों के सभी वार्ड, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, कृषि विज्ञान केंद्र, औद्योगिक इकाइयों, पावर प्लांट, न्यायालय परिसर, रेलवे लाइन, एक्सप्रेसवे, हाईवे और अन्य प्रमुख मार्गों के किनारे पौधरोपण किया जाएगा। स्कूली छात्र-छात्राओं की भागीदारी को विशेष प्राथमिकता दी गई है। समृद्धि वन से औषधि वन तक होंगे विकसित सरकार इस अभियान के तहत समृद्धि वन, समरस वन, कपि वन, महर्षि चरक औषधि वन और ऊर्जा वन विकसित करेगी। वहीं मथुरा में 36 पौराणिक वनों के पुनर्जीवन के लिए इको रेस्टोरेशन कार्य कराया जाएगा। गरीब और वंचित परिवारों की पोषण एवं स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सहजन और आम के पौधों का वितरण और रोपण भी किया जाएगा। एक्सप्रेसवे किनारे लगेंगे लाखों पौधे प्रदेश के सभी एक्सप्रेसवे के दोनों ओर खाली पड़ी भूमि पर पौधरोपण होगा। प्रयागराज से मेरठ तक बन रहे गंगा एक्सप्रेसवे के दोनों किनारों पर 500 हेक्टेयर क्षेत्र में करीब 5.5 लाख पौधे लगाए जाएंगे। अभियान में पीपल, बरगद, पाकड़, गूलर, नीम, शीशम, आम, जामुन, महुआ, इमली, सहजन, गुलमोहर और जकरांडा सहित स्थानीय जलवायु के अनुरूप विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। मंत्री, न्यायपालिका और जनप्रतिनिधि भी होंगे शामिल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा दोनों उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, विभिन्न आयोगों के अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पौधरोपण करेंगे। जिलों में जिलाधिकारियों की अध्यक्षता वाली समितियां तैयारियों की निगरानी कर रही हैं। 57.62 करोड़ पौधे उपलब्ध, हरित आवरण बढ़ने का दावा सरकार के अनुसार वन विभाग, अन्य सरकारी विभागों और निजी क्षेत्र की 2,600 पौधशालाओं में 57.62 करोड़ उच्च गुणवत्ता वाले पौधे उपलब्ध हैं। पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश का हरित आवरण 3.38 लाख एकड़ बढ़ा है, जबकि प्रदेश के वनों में कार्बन स्टॉक में 2.46 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो राष्ट्रीय औसत 1.13 प्रतिशत से अधिक बताई गई है।