मंत्री राजभर बोले- अखिलेश के कारण पंचायत चुनाव टले:यूपी सरकार चुनाव कराने को तैयार थी, इस्लाम पर कहा- ये नफरत सिखाता है

सुभासपा (SBSP) प्रमुख और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने यूपी में पंचायत चुनावों में हो रही देरी के लिए सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है। अंबेडकरनगर में शुक्रवार दोपहर 2 बजे राजभर ने कहा- योगी सरकार समय पर पंचायत चुनाव कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध थी। पंचायती राज विभाग ने इसकी सारी तैयारियां और प्रक्रिया भी पूरी कर ली थी। लेकिन अखिलेश यादव की लीगल सेल के दखल के कारण यह मामला कानूनी दांव-पेंच में फंस गया। राजभर ने कहा, हम चुनाव कराने के लिए तैयार बैठे थे, लेकिन इसी बीच अखिलेश यादव के लीगल सेल एडवाइजर की ओर से हाईकोर्ट में एक याचिका दायर कर दी गई। इसके बाद हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग को तलब कर लिया। सरकार ने कोर्ट के सभी सवालों का समय पर जवाब भी दाखिल कर दिया था। राजभर ने सनातन धर्म और इस्लाम को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, सनातन भाईचारा, मेल-मिलाप और आपसी सद्भाव का संदेश देता है। जबकि इस्लाम नफरत सिखाता है। राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव पहले केवल इस्लाम की राजनीति करते थे, लेकिन अब अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख सनातन की बात करने लगे हैं। प्रधानों को प्रशासक बनाया, इस पर भी आपत्ति जता दी गई कैबिनेट मंत्री ने बताया कि हाईकोर्ट के पिछले निर्देशों का पालन करते हुए सरकार ने तुरंत ‘पिछड़ा वर्ग आयोग’ का गठन भी कर दिया था। लेकिन अब एक नया मोड़ आ गया है। उन्होंने कहा, “अब जब ग्राम प्रधानों की जगह प्रशासक नियुक्त किए गए, तो इस पर भी आपत्ति जता दी गई। हाईकोर्ट ने अब आगामी 13 जुलाई को फिर से सरकार को तलब किया है और पूछा है कि प्रधानों की जगह प्रशासक कैसे नियुक्त कर दिए गए? अब सरकार कोर्ट में इसका जवाब दाखिल करेगी।” मंत्री बोले- अब हाईकोर्ट के पाले में गेंद पंचायत चुनाव कब होंगे? इस सवाल पर राजभर ने साफ किया कि अब पूरी गेंद हाईकोर्ट के पाले में है। उन्होंने कहा, “पूरा प्रकरण अब माननीय न्यायालय के अधीन है, इसलिए 13 जुलाई को होने वाली सुनवाई बेहद अहम है। जैसा भी हाईकोर्ट निर्देश देगा, सरकार उसी के अनुसार आगे का निर्णय लेगी और कदम उठाएगी।”
मंत्री ने और क्या-क्या कहा, जानिए… अखिलेश के साथ फोटो खिंचवाने-मिलने के लिए पैसे देने पड़ते हैं: राजभर ने एक बार फिर दावा किया कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उन्हें बताया है कि अखिलेश यादव से मिलने के लिए पैसे देने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि उनके ही लोगों की शिकायत पर उन्होंने इस संबंध में ‘एक्स’ पर पोस्ट किया था। सच्चा समाजवादी जातिसूचक शब्द नहीं लगाता: राजभर ने डॉ. राममनोहर लोहिया के हवाले से समाजवाद की परिभाषा का बताई। उन्होंने कहा कि सच्चा समाजवादी अपने नाम के आगे-पीछे जातिसूचक शब्द नहीं लगाता। जब अखिलेश सिंह यादव अपने नाम के साथ जातिसूचक शब्द लिखते हैं, तो समाजवाद कहां रह जाता है। सपा सरकार में लूट-हत्या का माहौल रहा: कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की चार बार सरकार रही और हर बार प्रदेश में गुंडागर्दी, लूट और हत्याओं का माहौल देखने को मिला। ये लोग अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं: कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने PDA पर कहा, ये लोग अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। कब क्या बोलते हैं, नहीं पता। बात करते हैं PDA की, कभी A से बता देते हैं आधी आबादी। तो कभी A से बता देते हैं अल्पसंख्यक। तो कभी P से बताते हैं पंडित, कभी बताते हैं पिछड़ा। ……………………… यह खबर भी पढ़ें- पोते को बचाने दौड़े दादा की जिंदा जलकर मौत:लोहे की रॉड से पतंग छुड़ा रहा था, हाईटेंशन में छूते ही चिंगारी-धुंआ निकला बुलंदशहर में शुक्रवार दोपहर 12 बजे पोते को बचाने गए दादा की करंट लगने से मौत हो गई। लड़का छत पर पंतग उड़ा रहा था। तभी पतंग बिजली के खंभे में फंस गई। वह लोहे के डंडे से पतंग को निकाल रहा था, जिससे 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। यहां पढ़ें पूरी खबर