यूपी की सड़कों पर कांवड़ियों की भीड़ है। कुछ हरिद्वार से गंगाजल लेने जा रहे हैं, तो कुछ वहां से लौट रहे हैं। सहारनपुर में 100 साल की दादी को पालकी पर बैठाकर पोते कांवड़ यात्रा पर निकले हैं। 7 पोते और एक नाती बारी-बारी से पालकी को कंधे पर उठाकर पैदल चल रहे हैं। वे हरिद्वार से गंगाजल लेकर 400 किमी दूर पंजाब जा रहे हैं। दिल्ली के मुकेश ठाकुर आर्टिफिशियल पैर के सहारे कांवड़ लेकर हरिद्वार से 250 किमी दूर दिल्ली जा रहे हैं। वहां भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। उन्होंने कहा- मेरा एक पैर सड़क हादसे में चला गया था। मुझे हर कदम पर दर्द होता है, लेकिन बाबा भोलेनाथ मुझे आगे बढ़ने की शक्ति देते हैं। मुजफ्फरनगर पुलिस ने कांवड़ियों को बचाने की मॉकड्रिल की है। पुलिस ने पुतले को पुल से नदी में फेंका। यह देखते ही नदी में तैनात जवानों ने छलांग लगाकर पुतले को बाहर निकाला। मेरठ जोन के ADG भानु भास्कर ने कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की। कल सावन का पहला सोमवार है। इसे देखते हुए 7 जिलों- बरेली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, संभल, एटा, कासगंज और वाराणसी में स्कूल बंद रहेंगे। मेरठ में 12 अगस्त और मुजफ्फरनगर में 10 अगस्त तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इधर, कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट है। सड़कों से लेकर सोशल मीडिया तक 24 घंटे निगरानी की जा रही है। कांवड़ मार्गों पर CCTV और AI कैमरे लगाए गए हैं। मेरठ जोन में कांवड़ मार्गों पर शराब और नॉन-वेज की दुकानें बंद करा दी गई हैं। कांवड़ यात्रा की 4 तस्वीरें देखिए- अब ग्राफिक्स में जानिए कांवड़ यात्रा के बारे में यूपी में कांवड़ यात्रा से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए-