मानसून ने एक बार यूपी को पूरी तरह से कवर कर लिया है। सोमवार को पूरे प्रदेश में बादल छाए रहे। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, बरेली और आगरा समेत 15 शहरों में बारिश हुई। चंदौली में राजदरी वाटरफॉल में नहाने आए प्रयागराज के दो युवक तेज बहाव में बह गए। पर्यटकों और वन विभाग की टीम ने रस्सी फेंककर दोनों को बचाया। इससे पहले, लखनऊ में तड़के 3 बजे शुरू हुई बारिश रुक-रुक कर सुबह 10 बजे तक होती रही। दोपहर में आगरा और बरेली में तेज बारिश हुई। आगरा में सड़कें तालाब बन गईं। कई चौराहों पर 2 से 3 फीट तक पानी भर गया। मौसम विभाग (IMD) ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। उधर, पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश से गंगा, घाघरा और शारदा समेत 10 नदियां उफान पर हैं। बिजनौर के 6 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। सड़कों पर नावें चल रही हैं। बहसूमा-ठाकुरद्वारा स्टेट हाईवे पर बीते 5 दिनों से गंगा नदी का पानी बह रहा है। सुरक्षा के लिहाज से बैरिकेडिंग लगाकर हाईवे के कुछ हिस्से को बंद कर दिया गया है। बारिश-बाढ़ की तस्वीरें… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- ओडिशा और छत्तीसगढ़ पर सक्रिय मानसूनी सिस्टम अब यूपी की ओर खिसक आया है। इसके साथ ही, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी भरी मानसूनी हवाओं ने प्रदेश में बारिश की गतिविधियों को तेज कर दिया है। अगले 4 से 5 दिनों तक पूरे यूपी में अच्छी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कल कहां-कहां बारिश की संभावना, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…