दिल्ली के जंतर मंतर पर छात्रों के आंदोलन ने पूरे देश में एक नई बहस छेड़ी है। राहुल गांधी शिक्षा का हब कहलाने वाले प्रयागराज से छात्रों की नब्ज पकड़ने की तैयारी में हैं। जिससे विधानसभा चुनाव में युवाओं को कांग्रेस की लहर के तौर पर लाया जा सके। प्रयागराज में राहुल गांधी के बहुप्रतीक्षित ‘छात्र संवाद’ कार्यक्रम की तैयारी चल रही है। 8 अगस्त को केपी कॉलेज मैदान में राहुल गांधी करीब 3 लाख छात्रों से सीधी बात करेंगे। कार्यक्रम की खास बात ये है कि यह शाम 5 बजे से शुरू होगा। इसमें सभी छात्रों के चाय-पानी की व्यवस्था है। कुछ के लिए रात के खाने का भी इंतजाम है। छात्रों को फ्री ई-रिक्शा की भी सुविधा दी जाएगी। राहुल गांधी के लिए 2 करोड़ लागत का पंडाल तैयार हो रहा है। राहुल की एंट्री पर 10 लाख की आतिशबाजी होगी। कैटरिंग का जिम्मा भी दिल्ली की एक कंपनी का है। पंडाल में राहुल गांधी के लिए कॉरिडोर बन रहा है। यह राहुल और छात्रों के बीच संवाद का मुख्य केंद्र रहेगा। राहुल गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने छात्रों की गूंज का पोस्टर जारी किया, जिसमें छात्र संवाद कार्यक्रम में रजिस्ट्रेशन करने का बार कोड भी है। जानिए पोस्टर में क्या लिखा है? पोस्टर के कैप्शन में लिखा है- जॉब नहीं मिलेगा, तो सिंहासन हिलेगा। कोटा के बाद, देहरादून के बाद अब ‘छात्रों की गूंज’ प्रयागराज पहुंच रही है। यह वो शहर है, जहां लाखों नौजवान सालों से तैयारी कर रहे हैं – फॉर्म भरते हैं, फीस देते हैं, और इंतजार करते रहते हैं। पेपर लीक ने उनका आज छीना, रुकी हुई भर्तियों ने उनका कल। और अभी कुछ दिन पहले, दिल्ली में इन्हीं बच्चों पर लाठियां और पैलेट चलाए गए। सिर्फ इसलिए कि उन्होंने अपने हक की बात की। हम उनकी आवाज उठाते रहेंगे और उन्हें इंसाफ दिलाकर रहेंगे। अब बहाने नहीं चलेंगे – जवाबदेही लीजिए या कुर्सी छोड़िए। 8 अगस्त- प्रयागराज में मिलते हैं। अब तक 1.60 लाख छात्रों का रजिस्ट्रेशन राहुल गांधी के छात्र संवाद के लिए ऑनलाइन और ऑफ लाइन रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है। अब तक 1.60 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। यह सिलसिला अभी चल रहा है। अनुमान है कि 3 लाख छात्र राहुल से सीधे बात करने के लिए मौजूद रहेंगे। क्यूआर कोड और मिस्ड कॉल के जरिए रजिस्ट्रेशन भी कराया जा रहा है। जिन छात्रों का रजिस्ट्रेशन होगा, उनका आईकार्ड भी जारी किया जा रहा है। छात्रों के लिए फ्री ई-रिक्शा की सुविधा कांग्रेस कमेटी ने छात्र संवाद में आने वाले छात्रों के लिए ई-रिक्शा का इंतजाम भी किया है। इन ई-रिक्शा से छात्रों को कार्यक्रम स्थल तक लाया ले जाया जाएगा। जिससे छात्रों को पैदल नहीं चलना पड़े। ये रिक्शे रेलवे स्टेशन, बस अड्डों के साथ शहर के हॉस्टल, लॉज, इलाहाबाद विश्वविद्यालय वाले मार्गों पर चलेंगे। छात्रों के रहने वाले इलाके कर्नलगंज, कटरा, सलोरी, छोटा बघाड़ा, बड़ा बघाड़ा, शिवकुटी, तेलियरगंज, सदर बाजार आदि इलाकों में रिक्शे जाएंगे। इनका इस्तेमाल छात्र अपना आईडी कार्ड दिखाकर कर सकते हैं। छात्रों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था कांग्रेस नेताओं और कुछ चुनिंदा छात्रों के लिए छात्र संवाद में दावत का इंतजाम किया गया है। भीड़ अधिक होगी, ऐसे में सभी छात्रों के लिए पानी और चाय का इंतजाम है। छात्र संवाद में आने वाले सभी छात्रों को छात्र संवाद की बुक और कांग्रेस की नीतियों से जुड़ी चीजें दी जाएंगी। 10 लाख की आतिशबाजी की तैयारी राहुल गांधी के छात्र संवाद को इस बार काफी हाईटेक बनाया जा रहा है। कांग्रेसियों के मुताबिक, छात्र संवाद में राहुल गांधी की एंट्री के वक्त आतिशबाजी की तैयारी है। आसमान में सतरंगी छटा के साथ राहुल एंट्री करेंगे। आतिशबाजी में करीब 10 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। राहुल को नए लुक में पेश करने के लिए ऐसा किया जा रहा है। यही वजह है कि छात्र संवाद में राहुल गांधी शाम 7 बजे आएंगे। छात्रों को शाम 5 बजे से एंट्री मिलने लगेगी। 15 शहरों के छात्रों को भेजा गया दावतनामा छात्र संवाद के लिए यूं तो उत्तर प्रदेश के किसी भी जिले के छात्र शामिल हो सकते हैं। लेकिन, कांग्रेस ने 15 शहरों के छात्रों को खासतौर पर दावतनामा भेजा है। प्रयागराज के साथ ही कौशांबी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली, जौनपुर, फतेहपुर, विंध्याचल, मिर्जापुर, वाराणसी, भदोही, फैजाबाद, कानपुर, आजमगढ़, मऊ आदि शहरों के छात्रों को प्रमुखता से छात्र संवाद में शामिल करने की तैयारी है। इवेंट देख रही दिल्ली और महाराष्ट्र की कंपनी छात्रा संवाद के लिए रजिस्ट्रेशन से लेकर सिटिंग अरेजमेंट तक दिल्ली की इवेंट कंपनी देख रही है। इस कंपनी को कांग्रेस की तरफ से हायर किया गया है। साथ ही महाराष्ट्र की सिक्यारिटी एजेंसी साका को सुरक्षा इंतजामों की बागडोर दी गई है। इन दोनों कपंनियों को कई करोड़ में काम का जिम्मा दिया गया है। मंच पर बस राहुल, नारेबाजी पर बैन छात्र संवाद का मुख्य उद्देश्य गंभीर मुद्दों पर छात्रों से बातचीत के लिए रखा गया है। ऐसे में छात्रों को गाइडलाइन तक जारी की जा रही है। राजनीति से इतर कई अलग चीजें की जा रही हैं। यूपी कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बताया- हमारे नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में हम यह लड़ाई लड़ेंगे। हर प्रकार की कुर्बानी देने के लिए हम तैयार हैं। मैं सभी साथियों से कहना चाहता हूं कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पूरी तरह छात्रों का कार्यक्रम होना चाहिए। इसमें राजनीतिक नारेबाजी न हो, क्योंकि राहुल गांधी सीधे छात्रों से संवाद करने आ रहे हैं। रजिस्ट्रेशन का काम और तेज किया जाए। यह इलाहाबाद वही धरती है, जहां राहुल गांधी के परिवार ने आनंद भवन देश को समर्पित किया था। आज देश के लोग अन्याय का जवाब देने की शुरुआत इलाहाबाद से करेंगे। उस दिन यहां छात्रों की इतनी बड़ी भागीदारी हो कि पैर रखने तक की जगह न बचे। कार्यक्रम में केवल छात्र ही छात्र नजर आएं। राहुल गांधी छात्रों के दर्द को सुनने, समझने और उसके समाधान की दिशा में बातचीत करने आ रहे हैं। हमारा उद्देश्य सिर्फ समस्याओं को जानना नहीं, बल्कि उनका निवारण करना है। राहुल गांधी का यह मिशन बेरोजगारी, पेपर लीक, छात्रों के बोलने की आजादी छीनने, छात्रों पर लाठीचार्ज, जेल भेजने, केस दर्ज कराने आदि के मुद्दों पर होगा। राहुल छात्रों के दिल में उतर यूपी चुनाव में उतरने की तैयारी में हैं। तैयारी देखने और जोश भरने आ रहे वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का यह कार्यक्रम यूपी में चुनाव से पहले एक बिगुल माना जा रहा है। ऐसे में इसकी तैयारियों पर हर किसी की निगाह है। पूरा कार्यक्रम केंद्रीय टीम देख रही है, लेकिन वरिष्ठ नेता तैयारियां परखने पहुंच रहे हैं। तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी, अब्जार्वर बैजूजी, कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव मनोज त्यागी प्रयागराज का कई चक्कर लगा चुके हैं। ग्राउंड को लेकर लंबी उठा-पटक कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भव्य रूप देने के लिए दिल्ली कांग्रेस की विशेष टीम प्रयागराज में 10 दिन से डेरा डाले है। शहर के दो प्रमुख मैदानों पर मंथन चला था। पहले केपी कॉलेज और परेड मैदान को चुना गया। फिर सिक्योरिटी और अन्य वजहों से केपी कॉलेज को फाइनल किया गया। कांग्रेस जिला कमेटी ने पहले केपी ट्रस्ट वालों से केपी कॉलेज ग्राउंड की अनुमति ली। इसके बाद सारे दस्तावेजों को लगाकर जिला प्रशासन से छात्र संवाद की अनुमति ली गई। छात्र संवाद के लिए डीएम ने अनुमति दे दी है। कार्यक्रम में कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को बुलाने की तैयारी है। साथ ही सभी स्टेट के प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे। कांग्रेस केंद्रीय कमेटी के सदस्यों और वरिष्ठ नेताओं को भी शामिल किया जाएगा। प्रदेश प्रवक्ता और राहुल गांधी के छात्र संवाद के को-आर्डिनेटर मो. फरहान ने बताया कि प्रशासन की अनुमति मिल चुकी है। सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता रहेंगे। प्रदेश के तमाम जिलों के छात्र रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। राहुल गांधी का यह संवाद ऐतिहासिक होने वाला है। इससे प्रदेश में कांग्रेस की तस्वीर बदलेगी। बता दें, राहुल गांधी ने युवाओं के बीच सीधे संवाद की श्रृंखला 17 जून को राजस्थान के कोटा से की थी। कोटा और देहरादून में इस मिशन को काफी सराहा गया था। ————————- ये खबर भी पढ़ें… सपा विधायक दान पेटी में चिल्लर भरकर विधानसभा पहुंचे, NEET या CHEAT के पोस्टर लहराए यूपी विधानमंडल के मानसून सत्र के पहले दिन विधान परिषद में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर हंगामा हो गया। सपा विधायक वेल में आ गए और ‘चंदा चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाए। पढ़ें पूरी खबर…